Source :- LIVE HINDUSTAN
अब Apple एक अनोखी स्मार्ट रिंग बना रहा है। खबर है कि इसका नाम Apple iRing हो सकता है। एक टिप्स्टर ने इस बात की जानकारी दी है। इसका मुकाबला Samsung Galaxy ring और Oura ring से होगा। अपकमिंग स्मार्ट रिंग में और क्या-क्या खास हो सकता है, चलिए बताते हैं
Apple तेजी से नए प्रोडक्ट्स और इनोवेशन पर काम कर रहा है और अपग्रेडेड Siri इसका सबूत है। अब, ताजा अफवाहों से पता चलता है कि ऐप्पल एक स्मार्ट रिंग पर भी काम कर रही है, जो Samsung Galaxy ring और Oura ring लाइनअप को टक्कर देगी। टिप्स्टर कोसुतामी के अनुसार, ऐप्पल एक स्मार्ट रिंग पर काम कर रहा है जिसे ‘iRing’ कहा जाएगा। फिलहाल, इस रिंग से जुड़ी लीक जानकारी में इसके बारे में ज्यादा डीटेल्स नहीं मिली हैं।
टाइम्सनाउ की रिपोर्ट के अनुसार, यह भी कहा जा रहा है कि Apple iRing अभी शुरुआती स्टेज में है और ऐसी कोई जानकारी या लीक सामने नहीं आई है जिससे पता चल सके कि Apple इस प्रोजेक्ट पर कितना आगे बढ़ चुका है। Apple Intelligence को छोड़कर, ऐप्पल की आदत रही है कि वह किसी सेगमेंट में देर से एंट्री करता है, लेकिन पूरी तैयारी के साथ आता है।
ऐप्पल वॉच के लिए स्क्रीन फ्री रिप्लेसमेंट
Apple iRing, ऐप्पल वॉच के लिए एक स्क्रीन फ्री रिप्लेसमेंट के रूप में काम कर सकता है जो अपने अंदर अन्य फंक्शनैलिटी के साथ-साथ फिटनेस ट्रैकिंग और हेल्थ सेंसर भी पैक करेगा। यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि Apple iRing को वैश्विक स्तर के साथ-साथ भारतीय बाजार में लेटेस्ट ऐप्पल वॉच सीरीज की तुलना में कम कीमत पर भेजा जाएगा।
मुड़ने वाला आईफोन भी ला रहा ऐप्पल
ऐप्पल एक नए iPhone Fold पर भी काम कर रहा है, जो सितंबर 2026 में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ लॉन्च होगा। लीक हुई जानकारी के अनुसार, इस डिवाइस का डिजाइन अनोखा और फोल्डेबल होगा। साथ ही, Apple इसमें बिना क्रीज वाली ऐसी डिस्प्ले देने की तैयारी कर रहा है जो खुद ठीक हो सकती है (सेल्फ-रिपेयर)। इसमें Apple A20 Pro चिपसेट के साथ ज्यादा क्षमता वाली रैम और काफी स्टोरेज होगी। अफवाहों के मुताबिक, यह डिवाइस ग्लोबल मार्केट में लगभग $2100 से $2400 की कीमत पर आ सकता है।
ऐप्पल ने भारत में 1 लाख रुपये तक बढ़ाए मैकबुक के दाम
Apple ने भारत समेत दुनियाभर के ग्राहकों को बड़ा झटका दे दिया है। ऐप्पल ने दुनिया भर में MacBook और iPad की कीमतें 25% तक बढ़ा दी हैं। कंपनी के इतिहास में यह कीमतों में की गई सबसे बड़ी बढ़ोतरी में से एक है। कंपनी का कहना है कि AI-ड्रिवन मेमोरी चिप्स और स्टोरेज की कमी के कारण कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया था। ऐप्पल ने भारत में भी अपने MacBook और iPad लाइनअप की कीमतें बढ़ाई हैं, जिसमें कुछ मॉडल्स की कीमत में 1 लाख रुपये तक की भारी बढ़ोतरी हुई है।
कीमतों में यह बदलाव ऐप्पल के CEO टिम कुक की उस घोषणा के कुछ ही दिनों बाद हुआ है जिसमें उन्होंने कहा था कि कीमतें बढ़ाई जाएंगी क्योंकि अभी ऐसा करना जरूरी है। इसकी वजह ग्लोबल सप्लाई चेन में मेमोरी की बढ़ती लागत को माना जा सकता है। नई कीमतें ऐप्पल इंडिया वेबसाइट पर दिख रही हैं, जहां कई MacBook मॉडल्स अब उनके लॉन्च प्राइस की कीमतों की तुलना में काफी ज्यादा कीमत पर लिस्टेड हैं। इस कदम का असर MacBook Air और MacBook Pro दोनों वेरिएंट्स के साथ-साथ ऐप्पल के नए बजट लैपटॉप सेगमेंट पर भी पड़ा है। अच्छी बात यह है कि iPhones की कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ा है।
एक नजर में देखें नई कीमतों की पूरी लिस्ट:
– MacBook Air 13-inch (M5): लॉन्च की कीमत – 1,19,900 रुपये, नई कीमत 1,49,900 रुपये (कीमत में 30,000 रुपये की बढ़ोतरी)
– MacBook Air 15-inch: 1,44,900 रुपये से बढ़कर अब 1,79,900 रुपये (कीमत में 35,000 रुपये की बढ़ोतरी)
– MacBook Pro 14-inch (M5, 16GB RAM): 1,69,900 रुपये से बढ़कर अब 2,39,900 रुपये (कीमत में 70,000 रुपये की बढ़ोतरी)
– MacBook Neo: 69,900 रुपये से 79,900 रुपये, अब कीमत 10,000 रुपये ज्यादा है
– MacBook Pro 14-inch (M5 Max वेरिएंट): कीमत में 1,00,000 रुपये की बढ़ोतरी
– iPad Air 11-inch (M4): 64,900 रुपये से बढ़कर अब 89,900 रुपये (कीमत में 25,000 रुपये की बढ़ोतरी)
– iPad Pro (256GB, M5): 99,990 रुपये से बढ़कर अब 1,39,900 रुपये (कीमत में 39,910 रुपये की बढ़ोतरी)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




