Home BUSINESS NEWS HINDI IndiGo एयरलाइन में एक और बड़ा इस्तीफा, इस बार एचआर के चीफ...

IndiGo एयरलाइन में एक और बड़ा इस्तीफा, इस बार एचआर के चीफ ने छोड़ा पद

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के मैनेजमेंट में एक और बड़ा इस्तीफा हुआ है। इंडिगो एयरलाइन के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी (सीएचआरओ) सुखजीत सिंह पसरीचा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी के अनुसार, पसरीचा लगभग 8 वर्षों से अधिक समय से कंपनी से जुड़े हुए थे। उनके स्थान पर कनवल जीत सिंह बख्शी को नियुक्त किया गया है। बख्शी वर्तमान में इंटरग्लोब एंटरप्राइजेज में ग्रुप हेड एचआर के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक

पसरीचा 19 जुलाई को अपनी सेवाओं से मुक्त हो जाएंगे जबकि बख्शी 20 जुलाई से सीएचआरओ का कार्यभार संभालेंगे। बता दें कि दिसंबर 2025 में बड़े पैमाने पर परिचालन में आए व्यवधान के बाद कई शीर्ष स्तर के अधिकारियों ने इंडिगो से इस्तीफा दे दिया था और इसी में अब पसरीचा ने भी पद छोड़ दिया है।

दरअसल, दिसंबर में ऑपरेशन में भारी गड़बड़ी और नियम उल्लंघन के कारण 4,000 से ज्यादा घरेलू उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। इस वजह से देश के अलग-अलग हिस्सों में एयरपोर्ट्स पर हालात बिगड़ गए थे। ऐसे में सरकार को बैकफुट पर आना पड़ा था।

हालांकि, इसके कुछ महीनों बाद पूर्व CEO पीटर एल्बर्स ने मार्च में तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे दिया था। उसी समय, सरकार के निर्देश और DGCA की जांच के बाद एयरलाइन ने ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर (OCC) के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जेसन हर्टर को भी उनके पद से हटा दिया था। मार्च में विलियम वॉल्श को नया CEO नियुक्त किया गया था और वे अगस्त में एयरलाइन से जुड़ेंगे। मार्च में एयरलाइन ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के पूर्व CEO आलोक सिंह को अपना चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर भी नियुक्त किया। मई में इंडिगो ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी ग्रोथ योजना पेश की, जिसमें 2030 तक सालाना लगभग 20 करोड़ (200 मिलियन) यात्री, रोजाना लगभग 3,000 उड़ानें और 550 से अधिक विमानों का बेड़ा बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

शेयर का हाल

इंडिगो एयरलाइन के शेयर की बात करें तो मंगलवार को बढ़त के साथ 5369.70 रुपये पर बंद हुआ। पिछले साल अगस्त में शेयर 6,225.05 रुपये तक गया था। इस लिहाज से शेयर अभी गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा है। वहीं, अगर शेयर के 52 हफ्ते के लो की बात करें तो 3,894.80 रुपये है। बहरहाल, इस्तीफे की खबर के बाद अब निवेशकों की नजर इंडिगो के शेयर पर रहेगी। शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो 41.57 फीसदी हिस्सेदारी प्रमोटर्स के पास है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN