Home World News hindi पाकिस्तान से बदला ले रहा अफगानिस्तान, घर में घुसकर ISIS आतंकियों पर...

पाकिस्तान से बदला ले रहा अफगानिस्तान, घर में घुसकर ISIS आतंकियों पर बड़ा हमला; ड्रोन भेजे

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तान ने पहले अफगानिस्तान में TTP (पाकिस्तानी तालिबान) और ISIS-K ठिकानों पर हमले किए, जिनमें नागरिकों की मौत की खबरें आईं। तालिबान ने इन हमलों की निंदा की और जवाबी कार्रवाई की धमकी दी थी।

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच लड़ाई एक नए और खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है। जून के अंत में हुए पाकिस्तानी हमले के जवाब में अब अफगानिस्तान भी पलटवार कर रहा है। अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान सरकार ने पाकिस्तानी सीमा के काफी भीतर घुसकर बड़े हवाई हमले और ड्रोन स्ट्राइक किए हैं। तालिबान प्रशासन का आधिकारिक दावा है कि उसने पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में मौजूद इस्लामिक स्टेट खुरासान (ISIS-K) के आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया है।

अफगान न्यूज एजेंसी टोलो न्यूज ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि इस्लामिक अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने इन एयरस्ट्राइक्स की आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है। न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान की वायु सेना ने इन हमलों को अंजाम दिया है। रक्षा मंत्रालय ने अपनी सैन्य कार्रवाई को जायज ठहराते हुए स्पष्ट किया कि टारगेट किए गए ठिकानों का इस्तेमाल अफगानिस्तान के भीतर बेगुनाह नागरिकों पर जानलेवा हमले करने और बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की साजिश रचने के लिए किया जा रहा था।

तालिबान ने बयान जारी करते हुए कहा है कि यह एयरस्ट्राइक पूरी सटीकता के साथ की गई है, जिसमें ISIS-K के आतंकियों को भारी जानी और माली नुकसान पहुंचा है, जबकि किसी भी आम नागरिक के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। अफगान रक्षा मंत्रालय ने यह भी कड़ी चेतावनी दी है कि भविष्य में अफगानिस्तान की सुरक्षा को अस्थिर करने वाले किसी भी ठिकाने या आतंकी को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें ऐसे ही निशाना बनाया जाएगा।

पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक का जवाबी हमला

यह तालिबानी ड्रोन स्ट्राइक ऐसे वक्त में हुई है जब महज कुछ ही दिन पहले पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के भीतर घुसकर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान द्वारा किए गए उन हमलों में कथित तौर पर आम नागरिकों और उनके घरों को निशाना बनाया गया था।

संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (UNAMA) की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की उस एयरस्ट्राइक में कम से कम 28 अफगान नागरिक मारे गए और 49 गंभीर रूप से घायल हुए थे।

अफगान सरकार के प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के अनुसार मृतकों की संख्या 38 थी और 163 लोग घायल हुए थे, जिसमें मुख्य रूप से महिलाएं और बच्चे शामिल थे। इसके उलट, पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने यह दावा किया था कि उन्होंने अपने हवाई और जमीनी अभियानों में 29 आतंकियों को मार गिराया है।

भारत की कड़ी प्रतिक्रिया और रणनीतिक बदलाव

इस पूरे भू-राजनीतिक घटनाक्रम पर भारत ने भी अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दर्ज की है। भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक की कड़ी निंदा करते हुए इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता पर ‘खुला हमला’ और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए ‘सीधा खतरा’ बताया है। भारत ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक विफलताओं को छिपाने के लिए हताशा में इस तरह के लापरवाह और हिंसक कदम उठा रहा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN