Home World News hindi US-चीन का बढ़ता याराना! अब अमेरिका जा सकते हैं शी जिनपिंग, ट्रंप...

US-चीन का बढ़ता याराना! अब अमेरिका जा सकते हैं शी जिनपिंग, ट्रंप ने किया ऐलान

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इससे पहले मई में ट्रंप चीन पहुंचे थे। यह नौ सालों में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की पहली चीन यात्रा है। इससे पहले ट्रंप ने ही अपने पहले कार्यकाल के दौरान 2017 में चीन की यात्रा की थी।

क्या अमेरिका और चीन के बीच की नजदीकियां बढ़ रही हैं? यह सवाल अचानक सामने नहीं आया है। बीते कुछ महीनों से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन के साथ बातचीत के रास्ते पर लौटने को बेकरार हैं। ट्रंप बीते मई महीने में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने खुद चीन पहुंचे थे। उन्होंने वहां जिनपिंग को अमेरिका आने का न्योता भी दिया था। अब खबर सामने आई है कि चीनी राष्ट्रपति जल्द ही अमेरिका का दौरा कर सकते हैं। यह घोषणा खुद ट्रंप ने की है।

डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि वे 24 सितंबर के आसपास चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अमेरिका में मेजबानी करने की उम्मीद कर रहे हैं। इसके बाद दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के राष्ट्रप्रमुखों के बीच होने वाली इस हाई लेवल बैठक को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि वाइट हाउस ने अभी तक इस दौरे की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। वहीं चीन की तरफ से भी कोई टिप्पणी नहीं की गई है। वाइट हाउस के रोज गार्डन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने इस संभावित दौरे की जानकारी दी। ट्रंप ने कहा, “मेरा मानना है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग सितंबर के अंत में, लगभग 24 तारीख को यहां आ रहे हैं। उनके स्वागत के लिए हमें वाइट हाउस में एक बड़े बॉलरूम की जरूरत है… हर कोई उनसे मिलना और देखना चाहता है।”

तारीख है अहम

अमेरिकी राष्ट्रपति ने जिनपिंग से मुलाकात के लिए 24 सितंबर के दिन की बात कही है। यह इसीलिए अहम है क्योंकि इसी वक्त न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की वार्षिक सत्र का भी आयोजन किया जाएगा। यहां ट्रंप 22 सितंबर को दुनिया को संबोधित करने वाले हैं। ऐसे में जिनपिंग में इसी वक्त अमेरिका पहुंच सकते हैं। हालांकि शी जिनपिंग व्यक्तिगत रूप से संयुक्त राष्ट्र की बैठकों में कम ही जाते हैं, लेकिन संभावना है कि इस बार वे यहां शिरकत करेंगे।

ट्रंप भी पहुंचे थे चीन

बता दें कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बीते मई महीने में खुद चीन पहुंचे थे। इस दौरान ट्रंप ने जिनपिंग संग हुई बैठक को अब तक की सबसे बड़ी बैठक बताया। बीजिंग स्थित ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल में शी जिनपिंग के साथ वार्ता के दौरान ट्रंप ने अपने शुरुआती संबोधन में कहा, ”कुछ लोग कहते हैं कि यह शायद अब तक का सबसे बड़ा शिखर सम्मेलन है।” इससे पहले बीजिंग पहुंचने पर ट्रंप का भव्य स्वागत किया गया। यह 9 सालों में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की पहली चीन यात्रा थी। इससे पहले ट्रंप ने ही अपने पहले कार्यकाल के दौरान 2017 में चीन की यात्रा की थी।

अपने तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर चीन पहुंचे ट्रंप ने इस दौरान कहा था कि अमेरिका और चीन का भविष्य साथ मिलकर शानदार होगा। वहीं ट्रंप ने शी जिनपिंग को कई बार महान नेता भी बताया। वहीं शी जिनपिंग ने कहा कि दोनों देशों को प्रतिद्वंद्वी नहीं बल्कि साझेदार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को एक-दूसरे की सफलता और समृद्धि में सहयोग करना चाहिए और बड़ी शक्तियों के बीच बेहतर संबंधों का सही रास्ता खोजना चाहिए।

जिनपिंग ने ट्रंप का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 2026 चीन-अमेरिका संबंधों में ‘ऐतिहासिक और मील का पत्थर साबित होने वाला वर्ष’ होगा, जो दोनों देशों के रिश्तों में नया अध्याय शुरू करेगा। शी ने अपने शुरुआती भाषण में यह भी कहा कि चीन और अमेरिका के बीच मतभेदों की तुलना में अधिक साझा हित हैं। अब दोनों नेताओं के बीच टैरिफ, ताइवान, और दुर्लभ खनिज जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN