Home LIFESTYLE NEWS HINDI रसोई का सबसे स्मार्ट जुगाड़! बनाकर रख लें ये प्रीमिक्स, मिनटों में...

रसोई का सबसे स्मार्ट जुगाड़! बनाकर रख लें ये प्रीमिक्स, मिनटों में तैयार होगी कढ़ी

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Jaldi Kadhi Banane Ka Tarika: अगर आपको कढ़ी खाना पसंद है, लेकिन हर बार उसे बनाने का समय नहीं मिलता, तो यह आसान कढ़ी प्रीमिक्स आपके बहुत काम आएगा। इसे एक बार बनाकर रखें और जब चाहें कुछ ही मिनटों में ताजी कढ़ी तैयार करें।

ऐसे कई दिन होते हैं, जब कढ़ी-चावल खाने का मन तो बहुत करता है, लेकिन बेसन भूनने, मसाले तैयार करने और पूरी कढ़ी बनाने का समय नहीं मिल पाता। खासकर नौकरी करने वाले लोग, छात्र या अकेले रहने वाले अक्सर समय की कमी की वजह से अपनी पसंद का खाना नहीं बना पाते। ऐसे में यह आसान कढ़ी प्रीमिक्स आपकी रसोई का सबसे काम का साथी बन सकता है।

इसे सिर्फ एक बार बनाकर डिब्बे में भरकर रख दीजिए। फिर जब भी कढ़ी खाने की इच्छा हो, बस एक चम्मच प्रीमिक्स, दही और पानी मिलाइए। कुछ ही मिनटों में घर जैसी खुशबूदार, स्वादिष्ट और ताजी कढ़ी तैयार होगी। यह तरीका समय भी बचाता है और बार-बार मेहनत करने की जरूरत भी नहीं पड़ती।

कढ़ी प्रीमिक्स बनाने के लिए क्या चाहिए?

एक बड़ा चम्मच देसी घी

एक छोटा चम्मच मेथी दाना

एक छोटा चम्मच राई

दो डंडी कढ़ी पत्ता

एक छोटा चम्मच दरदरा धनिया

एक कप बेसन

स्वादानुसार नमक

एक छोटा चम्मच लाल मिर्च

एक छोटा चम्मच हल्दी

ऐसे बनाएं कढ़ी प्रीमिक्स

  1. सबसे पहले कड़ाही में देसी घी गर्म करें।
  2. अब इसमें मेथी दाना, राई, कढ़ी पत्ता और दरदरा धनिया डालें।
  3. जब इनकी खुशबू आने लगे, तब इसमें बेसन डाल दें।
  4. धीमी आंच पर बेसन को लगातार चलाते हुए हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
  5. अब इसमें नमक, लाल मिर्च और हल्दी मिलाएं।
  6. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर गैस बंद कर दें। मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें।

प्रीमिक्स को कैसे रखें?

  • मिश्रण पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही इसे कांच के साफ और सूखे डिब्बे में भरें।
  • हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें ताकि इसमें नमी ना जाए।
  • अगर मौसम में ज्यादा नमी हो, तो इसे फ्रिज में रखना बेहतर रहेगा।
  • सही तरीके से रखने पर यह एक महीने तक आसानी से चल सकता है।

प्रीमिक्स से मिनटों में कढ़ी कैसे बनाएं?

  • एक बड़ा चम्मच कढ़ी प्रीमिक्स लें।
  • इसे आधा कप दही और जरूरत के अनुसार पानी में अच्छी तरह घोल लें।
  • ध्यान रखें कि इसमें गुठलियां ना रहें।
  • अब इसे बर्तन में डालकर लगातार चलाते हुए उबाल आने तक पकाएं।
  • इसके बाद इसमें आलू या बूंदी डाल दें। पांच मिनट धीमी आंच पर पकाएं।
  • ऊपर से हरा धनिया डालकर गरमा-गरम चावल के साथ परोसें।

यह तरीका क्यों है खास?

  1. समय की बचत: हर बार मसाले निकालने और बेसन भूनने की जरूरत नहीं पड़ती।
  2. जब मन करे, तभी कढ़ी: अचानक कढ़ी खाने का मन हो, तो कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाती है।
  3. ट्रैवल फ्रेंडली: अगर आप बाहर रहते हैं या यात्रा पर जाते हैं, तो यह प्रीमिक्स साथ ले जा सकते हैं।

कुछ जरूरी बातें

  • प्रीमिक्स भरने से पहले डिब्बा पूरी तरह सूखा होना चाहिए।
  • दही ताजा हो, तो कढ़ी का स्वाद और अच्छा आता है।
  • स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से देसी घी का तड़का भी लगा सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN