Home LIFESTYLE NEWS HINDI सावन सोमवार स्पेशल: ना फटेगी, ना चिपकेगी! रबड़ीदार साबूदाना खीर के लिए...

सावन सोमवार स्पेशल: ना फटेगी, ना चिपकेगी! रबड़ीदार साबूदाना खीर के लिए देखें रेसिपी

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सावन सोमवार के लिए साबूदाना खीर बना रही हैं, तो ये रेसिपी और टिप्स फॉलो कीजिए। खीर एकदम परफेक्ट गाढ़ी और मलाईदार बनकर तैयार होगी। अगर खीर बनाते हुए दूध फट जाता है, या साबूदाना आपस में चिपक जाता तो ये छोटी-छोटी टिप्स काफी काम आएंगी।

सावन के पावन महीने की शुरुआत हो चुकी है। ये महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है, जिसमें सोमवार के दिन लोग व्रत-उपवास करते हैं। व्रत के दौरान फलाहारी भोजन किया जाता है, जिसमें साबूदाना की खीर आमतौर पर बनाई जाती है। साबूदाना की खीर बनाना तो आसान होता है, लेकिन कई लोगों की शिकायत रहती है कि ये ठीक से बन नहीं पाती। या तो साबूदाना आपस में चिपक जाते हैं या फिर कई बार दूध फट जाता है। दरअसल साबूदाना खीर बनाते हुए बहुत छोटी-छोटी बातें ध्यान रखनी होती हैं, जिनसे साबूदाना का एक-एक दाना खिला हुआ आता है और खीर बिल्कुल परफेक्ट बनती है। यहां हम आपके साथ रेसिपी और कुछ टिप्स शेयर कर रहे हैं, जिन्हें फॉलो कर के आप एकदम रबड़ीदार, मलाईदार और टेस्टी साबूदाना खीर बना सकती हैं।

साबूदाना खीर बनाने के लिए सामग्री

मलाईदार साबूदाना खीर बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- साबूदाना (आधा कप), दूध (1 लीटर), काजू (1 चम्मच), कटे हुए बादाम (1 चम्मच), कटा हुआ पिस्ता (1 चम्मच), किशमिश (1 चम्मच), चीनी (4 चम्मच), केसर के धागे, इलायची पाउडर (1/4 चम्मच)।

इस तरह बनाएं रबड़ीदार साबूदाना खीर

साबूदाना खीर बनाने के लिए सबसे पहले साबूदाना को अच्छे से धोना जरूरी है। इसमें खूब सारा स्टार्च होता है, जो 3-4 बार पानी से धोने के बाद ही साफ होता है। हल्के हाथों से मसलते हुए साबूदाना को वॉश करें, इससे साबूदाना आपस में चिपकेगा नहीं। अब साबूदाना को लगभग 1 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें। आपको इसे बहुत ज्यादा पानी में भिगोकर नहीं रखना है, वरना ये फूलकर ज्यादा सॉफ्ट हो सकते हैं। पानी बस इतना हो कि साबूदाना अच्छे से भीग जाएं और आधा इंच ऊपर तक पानी की मात्रा हो।

खीर बनाने के लिए हमेशा उबला हुआ फुल क्रीम दूध इस्तेमाल करें। दूध कच्चा होगा तो खीर के फटने का रिस्क रहता है। दूध जबतक उबले, तब तक एक कड़ाही में देसी घी डालें और ड्राई फ्रूट्स को रोस्ट कर लें। इन्हें अलग बर्तन में निकालकर इसी घी वाली कड़ाही में साबूदाना को 1 मिनट के लिए भून लें। इससे बहुत अच्छी खुशबू और टेस्ट आता है। इससे साबूदाना का हर एक-एक दाना खिला हुआ बनता है।

अब साबूदाना में उबला हुआ गर्म दूध एड करें और इसे कुछ देर के लिए पकने दें। साबूदाना जैसे ही ऊपर की तरफ आने लगे, तो गैस की फ्लेम लो करें और खीर को गाढ़ा होने तक पकने दें। जैसे ही दूध पकने लगे, इसमें स्वादानुसार चीनी एड करें। रंग और फ्लेवर के लिए आप कुछ केसर के धागे और इलायची पाउडर डालकर मिक्स कर सकते हैं। अब खीर को चलाते हुए गाढ़ी होने तक पका लें, फिर इसमें घी में भुने हुए ड्राई फ्रूट्स एड करें। जैसे ही खीर और गाढ़ी, मलाईदार हो जाए गैस की फ्लेम बंद करें। साबूदाना खीर बनकर तैयार है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN