Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Getty Images
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट
जम्मू-कश्मीर के क्रिकेट खिलाड़ी आक़िब नबी भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जल्द ही डेब्यू कर सकते हैं.
दरअसल भारतीय क्रिकेट टीम के तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह के घायल होने के बाद दो टेस्ट मैचों के श्रीलंका दौरे के लिए टीम में आक़िब को शामिल किया गया है.
इंग्लैंड के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ के दौरान बाएं घुटने की चोट से बुमराह अभी पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर रखा गया है.
आक़िब नबी का शानदार प्रदर्शन
दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज़ आक़िब नबी ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है. बीते दो रणजी ट्रॉफ़ी सीज़न में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने कुल 104 विकेट हासिल किए थे.
साल 2025-26 के रणजी सीज़न में उन्होंने 60 विकेट झटके और जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफ़ी ख़िताब जिताने में अहम भूमिका निभाई.
इसके अलावा वह हाल ही में श्रीलंका दौरे पर गई इंडिया-ए टीम का भी हिस्सा थे, जहां उन्होंने दो फ़र्स्ट-क्लास मैचों में छह विकेट अपने नाम किए.
अगर आक़िब नबी टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करते हैं तो वो जम्मू-कश्मीर के पहले टेस्ट क्रिकेटर बन जाएंगे.
आक़िब नबी ने साल 2020 में फ़र्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था. उन्होंने अब तक 43 फ़र्स्ट क्लास मैचों में 162 विकेट लिए हैं. उनका बेस्ट आंकड़ा 24 रन देकर सात विकेट है.
फ़र्स्ट क्लास में आक़िब ने चार विकेट सात बार, पांच विकेट 16 बार और 10 विकेट चार बार लिए हैं. इसके अलावा उन्होंने बल्लेबाज़ी में भी हाथ आज़माते हुए 999 रन बनाए हैं.
इमेज स्रोत, ANI
आईपीएल में नहीं दिखा करिश्मा
बीते साल दिसंबर में आईपीएल की नीलामी में आक़िब नबी को दिल्ली कैपिटल्स ने आठ करोड़ 40 लाख रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया था.
हालांकि, उनका आईपीएल करियर कुछ ख़ास नहीं रहा. उन्होंने इस साल आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से चेन्नई सुपरकिंग्स के ख़िलाफ़ डेब्यू किया था.
इसके अलावा उन्होंने इस साल के आईपीएल सीज़न में कुल पांच मैच खेले लेकिन एक भी विकेट नहीं ले पाए. हालांकि, उनकी गेंदबाज़ी काफ़ी किफ़ायती थी और उन्होंने ज़्यादा रन नहीं लुटाए.
पक्के इरादों वाले आक़िब
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में जन्मे आक़िब नबी बहुत ही पक्के इरादे वाले क्रिकेटर हैं. पिता सरकारी स्कूल में टीचर थे, इस कारण घर में बहुत सुविधाएं नहीं थीं. यही नहीं घर का सबसे करीबी क्रिकेट मैदान 54 किलोमीटर दूर श्रीनगर में था.
एक स्थानीय अख़बार ने जब उनसे शुरुआत में हुई दिक्कतों के बारे में पूछा था, तो उनका कहना था, “आपका लक्ष्य अगर भारत के लिए खेलना है तो यह सब मायने नहीं रखता है. आपके पास संसाधन सीमित हैं, इससे भी कोई फ़र्क नहीं पड़ता. आप बहाने नहीं बना सकते हैं. मेरा लक्ष्य भी टीम इंडिया की जर्सी पहनना है.”
परवेज़ रसूल भारत के लिए खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के पहले खिलाड़ी थे, उनके बाद उमरान मलिक भी सीमित ओवर्स में भारत के लिए खेल चुके हैं.
परवेज़ रसूल को खेलते देखकर ही आक़िब की भी क्रिकेट खेलने की इच्छा मन में जागी.
आक़िब नबी के टीम इंडिया में सिलेक्शन पर परवेज़ रसूल ने एक्स पर लिखा है- “जो आपके लिए बना है, वह आपको ढूंढ ही लेगा. कोई भी रिजेक्शन या अनदेखी आपकी किस्मत नहीं बदल सकती.”
“आक़िब नबी, इंडियन टेस्ट टीम में आपके चुने जाने पर बहुत-बहुत बधाई. अल्लाह आपको लगातार सफलता, अच्छी सेहत और कई यादगार कामयाबियां दे. हमेशा की तरह हमें गर्व महसूस कराते रहें.”
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा

SOURCE : BBC NEWS




