Home National news hindi बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी को हराने वाले प्रशांत किशोर के पास कितनी संपत्ति

बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी को हराने वाले प्रशांत किशोर के पास कितनी संपत्ति

3
0

Source :- BBC INDIA

प्रशांत किशोर

इमेज स्रोत, Getty Images

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की है. कभी भाजपा का गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर प्रशांत किशोर ने 64,151 वोट हासिल किए.

उन्होंने बीजेपी के नीरज कुमार को 19,324 वोटों के अंतर से हराया. बीजेपी उम्मीदवार को 44,827 वोट मिले.

ये सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद ख़ाली हुई थी.

बांकीपुर उपचुनाव में जीत के बाद प्रशांत किशोर की संपत्ति और निवेश एक बार फिर चर्चा में हैं.

चुनावी हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर ने अपनी कुल संपत्ति 96.06 करोड़ रुपये घोषित की है. वहीं, उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास के पास 101.93 करोड़ रुपये की संपत्ति है.

भारत की चुनावी राजनीति में चुनावी रणनीतिकार के तौर पर स्थापित प्रशांत किशोर ने 2 अक्तूबर 2024 को जनसुराज को एक पार्टी के तौर पर लॉन्च किया था.

सितंबर 2025 में प्रशांत किशोर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया था, “मैंने बीते तीन साल में व्यक्तिगत और मुझसे जुड़ी संस्थाओं ने कंसलटेंसी के तौर पर 241 करोड़ रुपये लिए हैं. जिसमें से 30.95 करोड़ रुपये जीएसटी और 20 करोड़ आयकर के तौर पर चुकाए गए हैं. मैंने जनसुराज को 98.75 करोड़ रुपये का दान दिया है.”

अब चुनावी मैदान में पहली बार उतरे प्रशांत किशोर का एफ़िडेविट आम लोगों की उत्सुकता का विषय बना हुआ है. इस एफ़िडेविट के मुताबिक़ प्रशांत किशोर की पत्नी जाह्नवी दास उनसे ज़्यादा अमीर हैं.

प्रशांत किशोर की पत्नी जाह्नवी दास

कौन हैं जाह्नवी दास?

49 साल के प्रशांत किशोर के एफ़िडेविट के मुताबिक़ उनकी पत्नी जाह्नवी दास के पास उनसे ज़्यादा चल-अचल संपत्ति है. साल 2024 में अपनी पार्टी जनसुराज लॉन्च करने से पहले पटना के बापू सभागार में आयोजित महिला संवाद में पहली बार प्रशांत किशोर की पत्नी जाह्नवी दास सामने आई थीं.

प्रशांत किशोर ने उनका परिचय कराते हुए बताया था कि वो पेशे से डॉक्टर हैं. उन्होंने कहा था, “ये असम की रहने वाली हैं और हिन्दी नहीं बोल पाती हैं.”

एफ़िडेविट के मुताबिक़, जाह्नवी दास नई दिल्ली के अपोलो इंद्रप्रस्थ हॉस्पिटल में सीनियर एडवाइज़र स्पेशल प्रोजेक्ट्स हैं.

मूल रूप से रोहतास के कोनार गांव के रहने वाले प्रशांत किशोर की चल संपत्ति 22.19 करोड़ रुपये है जबकि जाह्नवी दास की चल संपत्ति 89.51 करोड़ रुपये है.

चल संपत्ति में प्रशांत किशोर के पास 65,570 रुपये, वहीं जाह्नवी के पास 1.95 लाख रुपये नकद हैं. फ़िक्सड डिपॉज़िट की बात करें तो प्रशांत किशोर के पास 7.36 करोड़ और जाह्नवी के पास 67 लाख का फ़िक्सड डिपॉज़िट है.

अचल संपत्ति की बात करें तो प्रशांत किशोर के पास 73.87 करोड़ रुपये हैं वहीं जाह्नवी दास के पास 12.42 करोड़ रुपये हैं. यानी कुल मिलाकर प्रशांत किशोर क़रीब 96 करोड़ रुपये और जाह्नवी 102 करोड़ रुपये के मालिक हैं.

प्रशांत किशोर

इमेज स्रोत, Jan Suraaj

पति-पत्नी के पास कितना सोना है?

प्रशांत किशोर के पास 0.6 ग्राम की एमरलैंड गोल्ड रिंग है. वहीं जाह्नवी के पास 475 ग्राम सोना और 200 ग्राम चांदी है. गोल्ड रिंग की बाज़ार क़ीमत 1.35 लाख रुपये है वहीं जाह्नवी के पास मौजूद सोने-चांदी की कीमत 64.58 लाख रुपये है.

अचल संपत्ति की बात करें तो पति-पत्नी में किसी के पास भी खेती योग्य भूमि नहीं है.

लेकिन प्रशांत किशोर के पास 3 एकड़ 21 डिसमिल ज़मीन है जिस पर नष्ट हो चुकी राइस मिल चलती थी. इसके अलावा प्रशांत किशोर के पास पटना, दिल्ली, ग़ाज़ियाबाद में ज़मीन और अपार्टमेंट है.

इसके अलावा बक्सर, रोहतास और ग़ाज़ियाबाद में भी प्रशांत किशोर के पास अपनी मां इंदिरा पांडेय और दादा रघुवीर पांडेय के नाम पर पैतृक संपत्ति है.

जाह्नवी दास के पास भी असम के दिसपुर और गुवाहाटी में अपार्टमेंट है. उनका एक अपार्टमेंट नोएडा में भी है जिसका क़ब्ज़ा अभी उन्हें नहीं मिला है.

प्रशांत किशोर पर 5.77 करोड़ का क़र्ज़

प्रशांत किशोर

इमेज स्रोत, Getty Images

साल 2024-25 में जनसुराज को 10 करोड़ का चंदा सेक्शन 80 जीजीसी के तहत देने के बाद प्रशांत किशोर की 58.45 लाख रुपये आय हुई थी. इनकम टैक्स एक्ट 1961 के सेक्शन 80 जीजीसी के तहत, कोई व्यक्ति या करादाता किसी रजिस्टर्ड राजनीतिक दल को चंदा देता है तो वो अपनी कुल कर योग्य आय में 100 फ़ीसदी कटौती का दावा कर सकता है.

साल 2024-25 में प्रशांत किशोर की कंपनी वेदास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड ने जनसुराज को 85 करोड़ रुपये और जनसुराज फांउडेशन को 50 लाख रुपये दान दिए थे. वहीं साल 2023-24 में जॉय ऑफ गिविंग ग्लोबल फांउडेशन को 2.75 करोड़ रुपये दान दिए.

प्रशांत किशोर पर 5 करोड़ 77 लाख रुपये का क़र्ज़ है. वहीं जाह्नवी पर 55 लाख रुपये का क़र्ज़ है.

साल 2020-21 से 2024-25 तक प्रशांत किशोर ने आयकर के तौर पर 4.45 करोड़ रुपये चुकाए हैं वहीं पत्नी जाह्नवी दास ने इसी समयावधि में 32.02 लाख रुपये आयकर के तौर पर चुकाए हैं. वहीं जीएसटी के तौर पर प्रशांत किशोर ने साल 2021-22 से 2025-26 के बीच 5.58 करोड़ रुपये चुकाए हैं.

प्रशांत किशोर पर 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं. ये मामले पटना, सहरसा, बेतिया और मुज़फ़्फ़रपुर में दर्ज है. इसमें से किसी भी मामले में आरोप तय नहीं हुए हैं.

प्रशांत किशोर ने बक्सर से दसवीं पास की और पटना साइंस कॉलेज से बारहवीं उत्तीर्ण की. उन्होंने 1996-1999 में लखनऊ यूनिवर्सटी से बीबीए किया. जिसके बाद उन्होंने साल 2001-2003 में कॉलेज ऑफ़ इंडिया, हैदराबाद से हेल्थकेयर मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री ली.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS