Source :- LIVE HINDUSTAN
साबूदाना की खिचड़ी व्रत में लोग खाना पसंद करते हैं लेकिन इसे बनाने से पहले भिगोना पड़ता है। अगर आप साबूदाना भिगोना भूल गए हैं, तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। शेफ भरत की आसान ट्रिक की मदद से बिना भिगोए आप खिली-खिली खिचड़ी बना सकते हैं।
व्रत के दौरान साबूदाना की खिचड़ी लोग खाना पसंद करते हैं और ये एनर्जी से भरपूर होता है। साबूदाना की खिचड़ी वैसे भी लोग खा लेते हैं लेकिन इसे बनाने से पहले भिगोना काफी जरूरी होता है वरना खिचड़ी में कड़ापन रहेगा। अक्सर ऐसा होता है कि साबूदाना भिगोना हम भूल जाते हैं लेकिन अब इसकी टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। आप बिना साबूदाना को पानी में भिगोए ही इसकी टेस्टी और खिली-खिली खिचड़ी बना सकते हैं। शेफ भरत ने अपने यूट्यूबल चैनल पर साबूदाना की परफेक्ट खिचड़ी बनाने का तरीका शेयर किया है। चलिए आपको साबूदाना खिचड़ी की रेसिपी और बिना भिगोए बनाने की पूरी ट्रिक बताते हैं।
साबूदाना खिचड़ी बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स
2 उबले आलू
1.5 कप साबूदाना
1/2 tsp शक्कर
1/2 tsp सेंधा नमक
1 चम्मच घी
5 चम्मच पानी
1/2 कप मूंगफली
3 हरी मिर्च
2 टमाटर
हरा धनिया
1.5 इंच अदरक का टुकड़ा
1 छोटा चम्मच सेंधा नमक
1 छोटा चम्मच काली मिर्च
1 छोटा चम्मच जीरा
6–7 करी पत्ते
1 छोटा चम्मच चीनी
1 नींबू का रस
पकाने के लिए देसी घी
साबूदाना भिगोना भूल गए तो जानें ये ट्रिक
साबूदाना आप माप के अनुसार लें और उसे अच्छे से पानी से धो लें। अब साबूदाना को स्टील के ढक्कन वाले टिफिन में रखें। इस टिफिन के अंदर ही 5 चम्मच पानी, 1/2 tsp चीनी, 1/2 सेंधा नमक, 1 चम्मच घी डालकर बंद कर दें। इस टिफिन को कुकर के अंदर रखें और साथ में 2 मीडियम साइज के आलू भी रख दें और बर्तन के आधे हिस्से तक पानी डाल दीजिए। बस फिर मीडियम फ्लेम पर कुकर में 4 सीटी लगा दें, ऐसा करने से आपका साबूदाना बिल्कुल पक जाएगा और आलू भी उबल जाएगी।
साबूदाना निकालने का तरीका भी है अलग
प्रेशर निकलने के बाद साबूदाना के टिफिन को कुकर से सावधानी से निकालें और साबूदाना को किसी जाली वाली डलिया या प्लेट में रख लें। फिर इस पर ठंडा पानी डाल दीजिए, ऐसा करने से आपका साबूदाना बिल्कुल अलग-अलग हो जाएगा, चिपकेगा नहीं।
खिचड़ी बनाने की सिंपल रेसिपी
जब तक आपका साबूदाना उबलेगा-ठंडा होगा, तब तक आप टमाटर-धनिया-हरी मिर्च-अदरक की चॉपिंग कर लीजिए। अब उसी कुकर में घी डालकर मूंगफली भून लीजिए। मूंगफली हटाकर दोबारा घी डालें और फिर जीरा, करी पत्ते डालकर चटकने दें। अब इसमें टमाटर, हरी मिर्च, सेंधा नमक, अदरक, काली मिर्च, उबले हुए आलू के टुकड़े डालकर थोड़ा भून लें। फिर आपको आखिर में ऐड करना है साबूदाना और भुनी हुई मूंगफली और इसे 2-3 मिनट तक पका लें। ऊपर से हरी धनिया की गार्निश करें और आपकी खिली-खिली खिचड़ी बनकर तैयार हो जाएगी। ऊपर से नींबू का रस छिड़क दें और फिर सर्व करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




