Source :- LIVE HINDUSTAN
सावन व्रत के लिए मीठे में कुछ बनाना है, तो ये दानेदार और मुंह में घुलने वाला कलाकंद ट्राई कर सकते हैं। बहुत ही टेस्टी मिठाई बनती है और ज्यादा टाइम भी नहीं लगता। इसे आप भगवान शिव को भोग लगाने के लिए भी बनाकर तैयार कर सकते हैं।
सावन का महीना चल रहा है और इन दिनों कई लोग सोमवार का व्रत भी रखते हैं। सावन के सोमवार में कुछ मीठा खाने की क्रेविंग हो ही जाती है। साथ ही भगवान शिव के भोग के लिए भी मीठे में कुछ बनाना ही होता है। ऐसे में ये व्रत वाला कलाकंद आपको जरूर ट्राई करना चाहिए। सिर्फ तीन-चार चीजों से बने इस कलाकंद में आपको दूध, मलाई और यहां तक कि चीनी की जरूरत भी नहीं होगी। वहीं ये इतना ज्यादा टेस्टी भी बनता है कि खा कर मजा आ जाता है। जरूरी नहीं कि आप इसे सिर्फ व्रत के लिए ही बनाएं। कुछ मीठा खाने का मन करे या आने वाले त्योहारों पर मिठाई बनानी हो, ये कलाकंद आप बनाकर तैयार कर सकते हैं। बहुत ही जल्दी बन जाता है और मुंह में रखते ही घुल जाता है। तो चलिए फटाफट से इसकी रेसिपी जान लेते हैं।
व्रत वाला कलाकंद बनाने के लिए सामग्री
व्रत वाला ये टेस्टी कलाकंद बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- पनीर (लगभग 400 ग्राम), कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल (1/2 कप), मिल्क पाउडर (आधा कप), इलायची पाउडर (ऑप्शनल), गुड़ (1 कप), देसी घी (सिर्फ 1 चम्मच) और ड्राई फ्रूट्स (ऑप्शनल)।
ना मावा, ना चीनी; सिर्फ कुछ चीजों से बनाएं टेस्टी कलाकंद
अगर आप भी मीठा खाने के शौकीन हैं, तो ये मुंह में घुलने वाला दानेदार कलाकंद आपको एक बार जरूर ट्राई करना चाहिए। इसे आप सावन के व्रत और भोग के लिए भी बनाकर तैयार कर सकते हैं। आइए स्टेप बाय स्टेप जानते हैं कि इसे बनाना कैसे है-
स्टेप 1- कलाकंद बनाने के लिए सबसे पहले ताजा पनीर लें और उसे ग्रेटर की मदद से कद्दूकस कर लें।
स्टेप 2- अब कद्दूकस किए हुए पनीर में नारियल का बुरादा और मिल्क पाउडर एड करें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें।
स्टेप 3- अगर आप इलायची का फ्लेवर पसंद करते हैं, तो थोड़ा सा इलायची पाउडर भी इसमें एड कर सकते हैं।
स्टेप 4- गैस पर कड़ाही गर्म करें और इसमें एक चम्मच देसी घी डालें। अब इसमें गुड़ को क्रश कर के एड करें और अच्छे से पिघलने तक पका लें।
स्टेप 5- जैसे ही गुड़ पूरी तरह मेल्ट हो जाए, इसमें पनीर और नारियल वाला मिक्सचर एड करें। इन्हें अच्छी तरह मिक्स करते हुए तब तक पकाएं, जब तक ये मिक्सचर कड़ाही ना छोड़ने लगे।
स्टेप 6- अब एक थाली या ट्रे पर घी लगाकर ग्रीस कर लें और इस मिक्सचर को डालें। फिर इसे लगभग आधे घंटे के लिए सेट होने छोड़ दें।
स्टेप 7- गार्निशिंग के लिए ऊपर से ड्राई फ्रूट्स एड कर सकते हैं। अब कलाकंद को अपनी मनपसंद शेप में चाकू की मदद से काट लें। मुंह में घुलने वाली गुड़ कलाकंद की मिठाई बनकर तैयार है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




