Source :- LIVE HINDUSTAN
बच्चों के लिए आप शाम के स्नैक्स में चीजी पोटैटो पॉप्स बनाकर तैयार कर सकते हैं। ये स्वाद में काफी अच्छे लगते हैं और बारिश में इन्हें खाने का अलग ही मजा है। सीखिए इन्हें बनाने का तरीका।
शाम के समय अधिकतर घरों में अलग-अलग तरह के स्नैक्स तैयार किए जाते हैं। बारिश के मौसम जब कुछ चटपटा, गरमा गर्म और फ्राइड खाने का मन करे तो आप चीजी पोटैटो पॉप्स बनाकर तैयार कर सकते हैं। वैसे तो डीप फ्राइंग चीजें सेहत को नुकसान पहुंचाती हैं, लेकिन कभी-कभार आप सही तरह से फ्राई करके खा सकते हैं। अगर आप बिल्कुल भी फ्राइड चीजें नहीं खाते हैं तो यहां बताए पॉप्स को एयरफ्राई करके भी बना सकते हैं। यहां सीखिए चीजी पोटैटो पॉप्स बनाने का तरीका।
चीजी पोटैटो पॉप्स बनाने के लिए सामग्री
-500 ग्राम उबले हुए आलू (मैश किए हुए या कद्दूकस किए हुए)
-दो बड़े चम्मच कॉर्न स्टार्च
-एक छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
-एक छोटा चम्मच मिक्स्ड हर्ब्स
-आधा छोटा चम्मच काली मिर्च
-स्वादानुसार नमक
-मोजेरेला क्यूब्स (फिलिंग के लिए)
-दो बड़े चम्मच मैदा
-एक बड़े चम्मच कॉर्न स्टार्च
-घोल बनाने के लिए पानी
-कोटिंग के लिए ब्रेड क्रम्ब्स
चीजी पोटैटो पॉप्स बनाने की विधि
- चीजी पोटैटो पॉप्स बनाने के लिए आलू को सबसे पहले पानी से धो लें और फिर इन्हें कुकर में पानी डालकर 3 से 4 सीटी आने तक उबाल लें।
- अब एक बाउल में मैश किए हुए आलू, कॉर्न स्टार्च, चिली फ्लेक्स, हर्ब्स, काली मिर्च और नमक मिलाएं।
- अब अच्छी तरह मिलाकर एक चिकना डो बना लें। इसे बिल्कुल आटा जैसा तैयार करें।
- अब थोड़ा सा मिक्स लें और उसे चपटा करें। अब बीच में मोजेरेला रखें।
- इसका गोल या ओवल आकार की पैटीज बनाएं।
- अब मैदा, कॉर्न स्टार्च और पानी मिलाकर एक घोल तैयार करें।
- हर पैटी को घोल में डुबोएं, फिर ब्रेड क्रम्ब्स से कोट करें।
- कोट करने के बाद कम से कम 15 मिनट के लिए इन्हें ठंडा होने दें और सुनहरा और क्रिस्पी होने तक डीप फ्राई या एयर फ्राई करें।
- इन टेस्टी चीजी पोटैटो पॉप्स को आप केचअप या मेयोनीज के साथ सर्व कर सकते है।
टिप
-आलू उबलने के बाद जैसे ही कुकर से एयर निकल जाए तो आप इन्हें छन्नी में डाल दें।जब सारा पानी निकल जाए तब आलू छीलें।
– अगर बैटर बहुत पतला हो जाए या आटे की तरह नहीं लगे तो आप इसमें चावल का आटा मिला सकते हैं।
– अगर मोजरेला चीज ना हो तो आप प्रोसेस्ड चीज़ इस्तेमाल कर सकते हैं। बस इनके क्यूब्स छोटे रखें, ताकि भरावन बाहर न निकले।
– कुरकुरे पॉप्स तैयार करने के लिए डबल लेयरिंग करें। इसके लिए मैदा स्लरी में डिप करने के बाद ब्रेडक्रम्ब्स लगाएं। फिर दोबारा स्लरी में डिप करने के बाद ब्रेडक्रम्ब्स लगाएं। इससे क्रस्ट ज्यादा कुरकुरा बनेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



