Home rss world hindi चीन में लड़कियों की हो गई भारी कमी, अब दुल्हन की चाहत...

चीन में लड़कियों की हो गई भारी कमी, अब दुल्हन की चाहत में कैसे बर्बाद हो रही कुंवारों की जिंदगी

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

चीन में लंबे समय तक ‘वन चाइल्ड पॉलिसी’ लागू रही। इसकी वजह से देश में महिलाओं की भारी कमी हो गई है। अब युवा लड़के को दुल्हन नहीं मिल पा रही। इस संकट के बीच अब युवाओं को ठगने का सिलसिला शुरू हो गया है।

चीन में दशकों तक लागू रही ‘वन चाइल्ड पॉलिसी’ ने अब देश के युवाओं के लिए बड़ी मुसीबत पैदा कर दी है। एक बच्चे के रूप में लड़के की चाह की वजह से आज हालात ऐसे बन गए हैं कि मौजूदा समय में चीन में महिलाओं की तुलना में पुरुषों की संख्या करीब 3 करोड़ अधिक हो गई है। अब लड़कों को शादी के लिए दुल्हन नहीं मिल पा रही है। कई युवा लड़की की तलाश में भटक रहे हैं। अब इसी स्थिति का फायदा स्कैमर उठा रहे हैं। चीन से ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां ‘फ्लैश मैरिज’ यानी तुरंत शादी कराने वाली फर्जी एजेंसियां और मैरिज ब्यूरो कुंवारे लड़कों को अपना शिकार बना रहे हैं।

बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक ऐसी एजेंसियां कुछ दिनों में ही सीधी-सादी और घरेलू दुल्हन दिलाने का वादा कर पुरुषों से लाखों युआन ऐंठ लेते हैं। इसके कुछ ही दिनों बाद दुल्हनें पैसे लेकर फरार हो जाती हैं। कभी-कभी तो पूरी शादी ही फर्जी निकलती है। चीनी युवा इस समस्या को लेकर बेहद चिंतित हैं।

37 साल के वांग जुआंग की आपबीती

ऐसी ही एक कहानी है 37 साल के वांग जुआंग को। वांग इस उम्र तक शादी की उम्मीद खो चुके थे। हालांकि एक दिन उन्हें एक मैरिज एजेंसी का विज्ञापन दिखा। उन्हें लगा कि आखिरकार उनकी तलाश खत्म हो गई है। एजेंसी ने उन्हें बताया कि अच्छी लड़की दिलाने का वादा किया। झांसे में आकर वांग ने एजेंसी की फीस, दुल्हन की कीमत और शादी के खर्च मिलाकर एजेंसी को करीब 44,000 डॉलर तक दे दिए।

एजेंसी ने उन्हें एक महिला से सिर्फ 8-10 मिनट की 4-5 मुलाकातों के बाद शादी करने के लिए राजी कर लिया। लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद कर्ज वसूलने वालों के फोन आने लगे। जांच करने पर पता चला कि महिला पहले तीन बार शादी कर चुकी थी, उसके तीन बच्चे थे और उसे गंभीर यौन रोग भी था। लड़की भारी कर्ज में डूबी हुई थी। सच्चाई का पता चलते ही महिला ने तलाक की पेशकश की लेकिन पैसे लौटाने से मना कर दिया। हार कर जब वांग मैरिज एजेंसी के दफ्तर पहुंचे, तो वहां कोई दफ्तर था ही नहीं।

चीन में लड़कियों की कमी

चीन में लंबे समय तक लागू रही ‘वन चाइल्ड पॉलिसी’ के कारण आज देश में महिलाओं की भारी कमी है। चीन में महिलाओं के मुकाबले 3 करोड़ अधिक पुरुष हैं। ऐसे में लड़की वालों की डिमांड काफी बढ़ गई है। छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में विवाह के लिए पुरुषों से घर, गाड़ी, फैमिली बिजनेस और यहां तक कि भारी-भरकम ‘ब्राइड प्राइस’ की मांग की जाती है। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर मैरिज एजेंसियां ‘3 दिन की मुलाकात 3 साल की डेटिंग से बेहतर’ जैसे विज्ञापनों से पुरुषों को अपने जाल में फंसाती हैं।

कार्रवाई शुरू

इस तरह के फर्जीवाड़े के बढ़ते मामलों को देखते हुए चीनी अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू की है। जनवरी 2024 से मार्च 2025 के बीच मैरिज एजेंसी से जुड़े अपराधों में हजार से अधिक व्यक्तियों पर शिकंजा कसा हुआ है। बीजिंग जिंग्सियों लॉ फर्म के वकील का कहना है कि चीन के कानून में इस तरह के मैरिज फ्रॉड के लिए कोई अलग कानून नहीं है। ऐसे में आरोपी अक्सर अदालत में यह तर्क देते हैं कि लड़के सच में शादी करना चाहते थे लेकिन बाद में अनबन के कारण अलग हो गए। इससे धोखाधड़ी साबित करना मुश्किल हो जाता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN