Home National news hindi पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह...

पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र में हमला

3
0

Source :- BBC INDIA

सुखबीर सिंह बादल

इमेज स्रोत, ANI

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 4 मिनट

शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमले की ख़बर है.

समाचार एजेंसी एएनआई ने नांदेड़ पुलिस के हवाले से बताया है कि हमला नांदेड़ के एक गुरुद्वारे में हुआ.

बीबीसी पंजाबी के अनुसार, पंजाब से नांदेड़ पहुंचने के बाद शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर माता साहिब कौर गुरुद्वारा के पास हमला किया गया.

यह घटना सुबह करीब 11 बजे घटी, जिसके बाद सुखबीर बादल को अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे भी हमले में घायल हो गए.

पुलिस ने हमले के एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है.

हमले में सुखबीर बादल के हाथ में चोट आई है.

बीबीसी संवाददाता सरबजीत सिंह धालीवाल के अनुसार, सुखबीर सिंह बादल को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है,

दरअसल, सुखबीर सिंह बादल अपने परिवार के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हज़ूर साहिब में मत्था टेकने गए थे.

नांदेड़ में सिख धर्म के पांच तख्तों में से एक तख़्त स्थित है. यहीं पर दसवें गुरु गोविंद सिंह ने अपने जीवन के अंतिम दिन बिताए थे.

समाचार एजेंसी पीटीआई ने भी एक वीडियो जारी किया है, जिसे सुखबीर सिंह बादल को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने का बताया जा रहा है.

इस वीडियो में सुखबीर सिंह बादल एंबुलेंस से उतरकर पैदल चलते हुए अस्पताल में दाख़िल होते हुए देखे जा सकते हैं.

उनके दाहिने हाथ पर लाल कपड़ा बंधा हुआ है.

अकाली दल ने हमले को ‘नापाक साज़िश’ बताया

अर्शदीप क्लेर

इमेज स्रोत, SAD

शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप सिंह क्लेर ने घटना पर प्रतिक्रिया दी है.

उन्होंने कहा, “शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल साहब तख्त श्री हजूर साहिब में मत्था टेकने पहुंचे थे. मत्था टेकने के बाद जब वे वहां से निकल रहे थे, तभी निहंगी वेश में एक व्यक्ति ने सरदार सुखबीर सिंह बादल साहब पर हमला करने की कोशिश की. उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने उस व्यक्ति को रोक दिया.”

“लेकिन इस हमले के दौरान उनके हाथ में मामूली चोट आई है. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं. इसलिए, इस हमले को लेकर फैलाई जा रही अफ़वाहों के बारे में मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं.”

“चूंकि यह मामला पंजाब से बाहर का है, महाराष्ट्र का है इसलिए महाराष्ट्र पुलिस इस बात की जांच करेगी कि वह व्यक्ति कौन है, उसने किसके आदेश पर और किस साजिश के तहत यह हमला किया. महाराष्ट्र पुलिस जब भी इस बारे में कोई जानकारी देगी, मैं निश्चित रूप से आप सभी के साथ साझा करूंगा.”

उन्होंने कहा, “लेकिन पंथिक नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. ये नापाक साजिशें कुछ पंथ-विरोधी ताकतों द्वारा रची जा रही हैं. इससे पहले भी, जब सरदार सुखबीर सिंह बादल अकाल तख़्त साहिब के आदेश पर दरबार साहिब में सेवा कर रहे थे, तब भी उन पर हमला हुआ था.”

पहले भी हुए हमले

वीडियो से ली गई इस तस्वीर में सुरक्षाकर्मी हमलावर को पकड़ते हुए.

इमेज स्रोत, ANI

सुखबीर बादल पर इससे पहले भी कई हमले हुए हैं.

उस समय पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया था कि पुलिस ने हमले को नाकाम करते हुए हमलावर नारायण सिंह चौड़ा को गिरफ़्तार कर लिया. चौड़ा कुछ करते, उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया.

दरअसल ये हमला तब हुआ जब सुखबीर बादल पैर में चोट लगने के कारण व्हीलचेयर पर बैठकर दरबार साहिब के बाहर सेवा कर रहे थे.

पुलिस कमिश्नर ने बताया था कि नारायण सिंह खालिस्तान आंदोलन के दौरान सक्रिय थे.

दो फ़रवरी 2021 को अज्ञात लोगों ने जलालाबाद में उनकी गाड़ी पर पथराव और फ़ायरिंग की थी.

ज़ेड सिक्योरिटी वाली गाड़ी पर कई राउंड गोली भी चलाई गई. फ़ायरिंग में अकाली दल के दो कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

नांदेड़ में होला मोहल्ला के दौरान हुआ था विवाद

सिख समुदाय के लोग ‘होला मोहल्ला’ कार्यक्रम के तहत ‘हल्ला बोल’ यात्रा निकाल रहे थे.

लेकिन उस साल प्रशासन ने कोरोना को देखते हुए इस यात्रा की मंज़ूरी नहीं दी.

ऐसे में गुरुद्वारा प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने गुरुद्वारा परिसर में ही यात्रा निकालने पर सहमति जताई.

लेकिन इस दौरान एक सिख समूह यात्रा को उसके पारंपरिक रूट से ही ले जाना चाहता था.

इस समूह के लोग जबरन गुरुद्वारा हज़ूर साहिब से बाहर आ गए.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS