Home National news hindi बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राष्ट्रपति भवन ने अपना बयान...

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राष्ट्रपति भवन ने अपना बयान वापस लिया

4
0

Source :- BBC INDIA

तारिक़ रहमान

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 3 मिनट

राष्ट्रपति भवन की ओर से शुक्रवार को मीडिया को भेजे गए एक ईमेल से कुछ समय के लिए यह संकेत मिला कि लंबे समय से चर्चा में रही बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान की भारत यात्रा जल्द होने वाली है.

दोपहर में भेजे गए इस ईमेल की हेडलाइन थी, “इस शनिवार चेंज ऑफ गार्ड समारोह नहीं होगा.”

ईमेल में कहा गया, “राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में होने वाला चेंज ऑफ गार्ड समारोह इस शनिवार को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के औपचारिक स्वागत की फुल रिहर्सल के कारण आयोजित नहीं किया जाएगा.”

यह ईमेल राष्ट्रपति की डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी नविका गुप्ता के नाम से जारी किया गया था.

इस ईमेल से ऐसा लगा था कि तारिक़ रहमान की भारत यात्रा जल्द होने वाली है. हालांकि, इसके तुरंत बाद राष्ट्रपति भवन की ओर से एक और प्रेस रिलीज जारी की गई, जिसमें पहले जारी नोट को वापस लेते हुए कहा गया, “21 अगस्त, 2026 को ‘इस शनिवार चेंज ऑफ गार्ड समारोह नहीं होगा’ विषय पर जारी प्रेस रिलीज वापस ली जाती है.”

इन दोनों घोषणाओं से तारिक़ रहमान की नई दिल्ली यात्रा की योजना को लेकर चर्चा और तेज़ हो गई, क्योंकि दोनों पक्ष इस यात्रा को लेकर बातचीत कर रहे थे.

बांग्लादेश के आधिकारिक बयानों से लग रहा है कि वह तारिक़ रहमान के भारत दौरे को लेकर बहुत सहमत नहीं है और अनुकूल माहौल की बात कर रहा है. बांग्लादेश ने भारत से अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को प्रत्यर्पित करने की मांग की है.

शुक्रवार को भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि मंत्रालय के पास ‘तारिक़ रहमान के दौरे’ के बारे में टिप्पणी करने के लिए कुछ भी नहीं है.

जायसवाल भारतीय मीडिया की उन ख़बरों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिनमें कहा गया था कि तारिक़ रहमान 23 से 25 अगस्त तक भारत का दौरा करेंगे.

राष्ट्रपति भवन

इमेज स्रोत, Getty Images

दौरे को लेकर दुविधा

पिछले रविवार को बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि यात्रा के लिए ‘अनुकूल माहौल बनाने’ की जरूरत है.

भले ही दोनों देशों ने तारिक़ रहमान की भारत यात्रा का औपचारिक एलान नहीं किया था लेकिन लगता है कि राजनयिक हलकों में शायद इसकी तैयारियां अंदर ही अंदर चल रही थी.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ शुक्रवार को तारिक़ रहमान के प्रेस सचिव ए.ए.एम. सालेह ने कहा कि बांग्लादेश शेख़ हसीना और “अन्य फरार अपराधियों” के प्रत्यर्पण के मुद्दे पर भारत के जवाब का इंतज़ार कर रहा है.

माना जा रहा था कि नई दिल्ली में अगले महीने ब्रिक्स सम्मेलन से पहले तारिक़ रहमान भारत की यात्रा करेंगे.

लेकिन इसी महीने पाँच अगस्त को शेख़ हसीना की प्रेस कॉन्फ़्रेंस से चीज़ें और जटिल हो गईं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS