Home rss business hindi कौन बनेगा टाटा ग्रुप का नया बॉस? तीन दिग्गजों के नाम पर...

कौन बनेगा टाटा ग्रुप का नया बॉस? तीन दिग्गजों के नाम पर हो रहा मंथन

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस ने चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के उत्तराधिकारी की तलाश तेज कर दी है और इसके लिए तीन प्रमुख कॉरपोरेट दिग्गजों के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। इसमें टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) टी वी नरेंद्रन, टाटा संस के कार्यकारी निदेशक और समूह सीएफओ सौरभ अग्रवाल के अलावा एनएसई के सीईओ आशीष चौहान के नाम शामिल हैं।

कौन सबसे आगे?

न्यूज एजेंसी पीटीआई सूत्रों के अनुसार इंटरनल उम्मीदवारों में नरेंद्रन सबसे आगे चल रहे हैं। वहीं, अग्रवाल भी अपने निवेश बैंकिंग अनुभव के साथ दौड़ में बने हुए हैं। दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के संस्थापक अधिकारियों में से एक आशीष चौहान इस दौड़ में अप्रत्याशित दावेदार साबित हो सकते हैं।

आईआईटी मुंबई से स्नातक और आईआईएम कलकत्ता से स्नातकोत्तर प्रबंधन की डिग्री रखने वाले आशीष चौहान ने रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईडीबीआई बैंक में भी काम किया है। वर्तमान में वह एनएसई के 30,000 करोड़ रुपये के आईपीओ का नेतृत्व कर रहे हैं, जो अब तक के भारतीय इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ होगा। इसके साथ ही एनएसई का मूल्यांकन लगभग पांच लाख करोड़ रुपये हो जाएगा और यह बाजार पूंजीकरण के हिसाब से 10 सबसे मूल्यवान भारतीय कंपनियों में शामिल हो जाएगी।

हालांकि, टाटा संस के चेयरमैन की चयन प्रक्रिया अभी जारी है और कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। अगला चेयरमैन चुनने में टाटा संस के बोर्ड और होल्डिंग कंपनी को नियंत्रित करने वाले ट्रस्टों की अहम भूमिका रहने की उम्मीद है। सूत्रों ने कहा कि टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने छांटे गए उम्मीदवारों के नाम शीर्ष सरकारी नेतृत्व को बता दिए हैं और नामों पर गहन विचार-विमर्श के बाद फैसला होने की संभावना है। टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस ने इस बारे में टिप्पणी के लिए भेजे गए ईमेल का तुरंत कोई जवाब नहीं दिया।

दावेदारों में ये नाम भी शामिल

इनके अलावा टाटा संस की समूह मुख्य डिजिटल अधिकारी आरती सुब्रमण्यन, टाटा मोटर्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शैलेश चंद्र और टाटा पावर के सीईओ प्रवीर सिन्हा के नाम भी चर्चा में आए हैं। सूत्र बताते हैं कि समिति द्वारा समय पर प्रक्रिया पूरी न कर पाने की स्थिति में नोएल टाटा भी अंतरिम चेयरमैन के रूप में कार्य कर सकते हैं।

चंद्रशेखरन ने पद छोड़ने का किया है ऐलान

बीते दिनों एन चंद्रशेखरन ने टाटा संस के पद पर दोबारा नियुक्ति की मांग नहीं करने का फैसला लिया है। चंद्रशेखरन की बात करें तो उन्होंने साल 2017 में टाटा संस के चेयरमैन का पद संभाला था और वर्तमान में अपना दूसरा पांच साल का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। उनका कार्यकाल 20 फरवरी 2027 को समाप्त होने वाला है। इसके बाद, वह दोबारा नियुक्ति की मांग नहीं करेंगे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN