Home rss business hindi अमीर लोग पैसे के साथ करते हैं ये 5 काम…आज से आप...

अमीर लोग पैसे के साथ करते हैं ये 5 काम…आज से आप भी कर दें शुरू

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

क्या आपने कभी गौर किया है कि कुछ लोग अच्छी सैलरी कमाने के बावजूद महीने के अंत तक पैसों की कमी से जूझते रहते हैं, जबकि कुछ लोग सामान्य आय में भी धीरे-धीरे बड़ी संपत्ति बना लेते हैं? दरअसल, ज्यादा कमाई करना ही अमीर बनने की गारंटी नहीं है। असली फर्क इस बात से पड़ता है कि आप अपनी कमाई में से कितना पैसा बचाते हैं, कितना निवेश करते हैं और अपने बनाए हुए धन को कितनी अच्छी तरह सुरक्षित रखते हैं। चार्टर्ड एकाउंटेंट (Chartered Accountant) अखिल कंचारला के मुताबिक, लंबे समय तक संपत्ति बनाने वाले लोगों में कुछ ऐसी आदतें होती हैं, जिन्हें अपनाकर आम व्यक्ति भी अपनी फाइनेंशियल प्लानिंग मजबूत कर सकता है।

1- बचत और निवेश

सबसे पहली आदत कमाई आते ही बचत और निवेश करना है। आमतौर पर लोग पहले खर्च करते हैं और महीने के अंत में जो पैसा बचता है उसे सेव करते हैं, लेकिन बेहतर तरीका इसका उल्टा है। सैलरी आते ही करीब 20-30% रकम को ऑटोमेटिक तरीके से सेविंग या निवेश के लिए अलग कर देना चाहिए। इससे खर्च बढ़ने के बावजूद निवेश नियमित बना रहता है।

2- लंबी अवधि के लिए निवेश

दूसरी महत्वपूर्ण आदत लंबी अवधि के लिए अनुशासित निवेश है। शेयर बाजार में तेजी देखकर जल्द पैसा कमाने की कोशिश या गिरावट के समय घबराकर निवेश निकाल लेना लंबे समय में नुकसान पहुंचा सकता है। EPF, PPF, म्यूचुअल फंड्स और NPS जैसे निवेश विकल्पों का इस्तेमाल अपने लक्ष्य और जोखिम क्षमता के अनुसार लंबे समय के लिए किया जा सकता है।

3- कमाई बढ़ने के साथ खर्च को न बढ़ाना

तीसरी आदत कमाई बढ़ने के साथ खर्च को बेतहाशा न बढ़ाना है। सैलरी बढ़ने या बोनस मिलने के बाद महंगी कार, गैजेट, छुट्टियों और दूसरी लाइफस्टाइल पर ज्यादा खर्च करना लाइफस्टाइल क्रीप कहलाता है। इससे बचने के लिए अतिरिक्त आय का कम से कम दो-तिहाई हिस्सा निवेश और वेल्थ क्रिएशन की दिशा में लगाने का लक्ष्य बनाया जा सकता है।

4- बीमा को खर्च नहीं, सुरक्षा के तौर पर देखना

चौथी आदत बीमा को खर्च नहीं, सुरक्षा के तौर पर देखना है। इंश्योरेंस का उद्देश्य सीधे तौर पर पैसा बढ़ाना नहीं, बल्कि पहले से बनाई गई संपत्ति को बड़े जोखिम से बचाना है। पर्याप्त हेल्थ इंश्योरेंस (Health Insurance) किसी गंभीर बीमारी या मेडिकल इमरजेंसी के दौरान आपकी सालों की बचत को खत्म होने से बचा सकता है। वहीं, परिवार की आर्थिक सुरक्षा के लिए जरूरत के अनुसार टर्म लाइफ इंश्योरेंस भी महत्वपूर्ण हो सकता है।

5- हर साल फाइनेंशियल प्लानिंग की समीक्षा

5वीं और बेहद जरूरी आदत हर साल अपनी फाइनेंशियल प्लानिंग (Financial Planning) की समीक्षा करना है। आपकी आय, कर्ज, परिवार की जिम्मेदारियां, बीमा जरूरतें, एमरजेंसी फंड और निवेश लक्ष्य समय के साथ बदलते रहते हैं। इसलिए साल में कम से कम एक बार अपने सभी वित्तीय लक्ष्यों और निवेश पोर्टफोलियो की समीक्षा करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर रणनीति में बदलाव करना चाहिए।

आखिर में वेल्थ क्रिएशन कोई रातोंरात होने वाला खेल नहीं है। यह धैर्य, अनुशासन, नियमित निवेश और कंपाउंडिंग का रिजल्ट है। छोटी रकम को लगातार लंबे समय तक निवेश करने से भी समय के साथ बड़ा कॉर्पस तैयार हो सकता है। इसलिए अमीर बनने के लिए केवल बड़ी सैलरी का इंतजार करने के बजाय कमाई को सही तरीके से मैनेज करना, पहले बचत करना, समझदारी से निवेश करना, लाइफस्टाइल इंफ्लेशन पर कंट्रोल रखना और जोखिमों से अपनी संपत्ति की सुरक्षा करना ज्यादा जरूरी है। यही छोटी-छोटी फाइनेंशियल हैबिट लंबे समय में आपकी नेट वर्थ को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN