Home rss business hindi चीनी, प्याज और तेल की तिकड़ी दे रही टेंशन और प्याज-आलू-टमटार की...

चीनी, प्याज और तेल की तिकड़ी दे रही टेंशन और प्याज-आलू-टमटार की राहत

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

किचन के बजट को अगर सबसे अधिक किसी चीज ने बिगाड़ रखा है तो वो हैं, प्याज, चीनी और तेल। यह हम नहीं कह रहे बल्कि मोदी सरकार के आंकड़े कह रहे हैं। उपभोक्ता मंत्रालय के आंकड़े रोजमर्रा की रसोई की महंगाई की एक दिलचस्प तस्वीर पेश कर रहे हैं। प्याज-चीनी-तेल की तिकड़ी ऐसी है, जो राशन के खर्च को खासा प्रभावित कर रही है। खास तौर पर प्याज की कीमत में पिछले एक महीने की 41 प्रतिशत से ज्यादा की छलांग फिलहाल सबसे बड़ी चिंता बनकर सामने आती है।

प्याज 80.5%, चीनी 31.3% महंगी हुई

पिछले एक साल में प्याज की औसत खुदरा कीमत 27.80 रुपये से बढ़कर 50.19 रुपये प्रति किलो हो गई है। यानी करीब 80.5 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी। इसी तरह चीनी की कीमत 46.32 रुपये से बढ़कर 60.80 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। यह करीब 31.3 प्रतिशत महंगी हुई है। गुड़ भी इस दौरान 55.95 रुपये से बढ़कर 67 रुपये किलो हो गया, यानी करीब 19.7 प्रतिशत की वृद्धि।

तेल ने बिगाड़ दिया खेल

खाद्य तेलों में भी पिछले साल के मुकाबले उल्लेखनीय तेजी दिखाई दे रही है। सूरजमुखी तेल 161.10 रुपये से बढ़कर 192.48 रुपये प्रति किलो हो गया है। यानी करीब 19.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी।

पाम ऑयल भी 130.70 रुपये से बढ़कर 151.20 रुपये और सोया तेल 147.27 रुपये से बढ़कर 165.35 रुपये किलो हो गया। मूंगफली तेल की कीमत भी 184.74 रुपये से बढ़कर 207.31 रुपये और सरसों तेल 188.39 रुपये से बढ़कर 199.89 रुपये किलो हो गया है।

दालों में अरहर और उड़द ने बढ़ाया खर्च

दालों में सबसे ज्यादा सालाना बढ़ोतरी उड़द दाल में है। इसकी कीमत 113.32 रुपये से बढ़कर 122.10 रुपये किलो हुई है, यानी करीब 7.7 प्रतिशत। अरहर दाल भी 114.83 रुपये से बढ़कर 122.14 रुपये किलो हो गई है, जो करीब 6.4 प्रतिशत की वृद्धि है। इसके विपरीत मसूर दाल लगभग स्थिर रही और चना दाल की कीमत में सालाना बदलाव बहुत मामूली रहा।

राहत की खबर: टमाटर और आलू हुए सस्ते

सब्जियों में तस्वीर बिल्कुल अलग है। टमाटर की कीमत पिछले साल के 45.86 रुपये से घटकर 37.64 रुपये प्रति किलो हो गई है। यानी करीब 17.9 प्रतिशत की गिरावट। आलू भी 24.56 रुपये से घटकर 22.02 रुपये किलो रह गया है, यानी करीब 10.3 प्रतिशत सस्ता। केला भी मामूली सस्ता हुआ है। इसलिए रसोई में जहां प्याज बड़ा झटका दे रहा है, वहीं टमाटर और आलू कुछ राहत पहुंचा रहे हैं।

एक महीने में प्याज की रफ्तार सबसे ज्यादा

पिछले एक महीने में भी प्याज की कीमत में बड़ा उछाल आया है। 6 अगस्त को 35.57 रुपये किलो रहे प्याज के दाम 6 सितंबर को 50.19 रुपये हो गए। यानी सिर्फ एक महीने में करीब 41.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी। चीनी भी एक महीने में 50.14 रुपये से बढ़कर 60.80 रुपये किलो हुई है। यह करीब 21.3 प्रतिशत की छलांग है। गुड़ भी इसी अवधि में करीब 11.4 प्रतिशत महंगा हुआ।

पिछले एक महीने में कई चीजें सस्ती भी हुईं

महंगाई की तस्वीर का दूसरा पहलू भी दिलचस्प है। पिछले एक महीने में रोटी की कीमत करीब 6.2 प्रतिशत, सूजी 5 प्रतिशत, टमाटर 3 प्रतिशत और चाय करीब 3 प्रतिशत घटी है। मसूर दाल में करीब 2.1 प्रतिशत और मैदा में भी करीब 2.1 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN