Home rss business hindi सचिन, शाहरुख से माधुरी तक…सेलेब्स के सपोर्ट वाली कंपनी के IPO की...

सचिन, शाहरुख से माधुरी तक…सेलेब्स के सपोर्ट वाली कंपनी के IPO की फीकी एंट्री

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

शाहरुख खान, सलमान खान और माधुरी दीक्षित जैसे सेलब्स की सपोर्ट वाली कंपनी- पर्पल स्टाइल लैब्स लिमिटेड के आईपीओ की शेयर बाजार में एंट्री हो गई है। हालांकि, कंपनी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दरअसल, सप्ताह के पहले कारोबारी दिन इस कंपनी के शेयर सूचीबद्ध होने के बाद अपने 575 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई पर शेयर ने 539 रुपये पर कारोबार शुरू किया जो इश्यू प्राइस से 6.26 प्रतिशत कम है। दिन में यह 588.10 रुपये के उच्च और 516 रुपये के निचले स्तर पर पहुंचा। अंत में यह 1.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 568.05 रुपये पर बंद हुआ। एनएसई पर यह 6.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 535 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कारोबार के अंत में कंपनी का शेयर 1.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 568.55 रुपये पर रहा।

31 अगस्त को ओपन हुआ था आईपीओ

लक्जरी और प्रीमियम फैशन प्लेटफॉर्म पर्नियाज पॉप-अप शॉप की मूल कंपनी पर्पल स्टाइल लैब्स लिमिटेड के आईपीओ की बात करें तो ये 31 अगस्त से 2 सितंबर तक के लिए ओपन हुआ था। ₹680 करोड़ का यह आईपीओ पब्लिक बिडिंग के दौरान पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। इस आईपीओ में पूरी तरह से ₹546-575 प्रति शेयर के प्राइस बैंड पर नए शेयर जारी किए गए थे। इससे पहले, पर्पल स्टाइल लैब्स ने एंकर निवेशकों से ₹306 करोड़ जुटाए थे। कंपनी ने 10 एंकर निवेशकों को ₹575 प्रति शेयर पर 53.21 लाख शेयर अलॉट किए।

2018 में अधिग्रहण

बता दें कि पर्पल स्टाइल लैब्स ने फरवरी 2018 में ‘पर्नियाज पॉप-अप शॉप’ का अधिग्रहण किया था। यह मुख्य रूप से सिर्फ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म था। FY24 में कंपनी ने ₹508 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया। ड्राफ्ट पेपर के अनुसार यह अभी भारत और लंदन में 14 एक्सपीरियंस सेंटर चलाती है और मुंबई, न्यूयॉर्क में और विस्तार करने की योजना बना रही है।

अभिषेक अग्रवाल द्वारा प्रमोट की गई पर्पल स्टाइल लैब्स को इंस्टीट्यूशनल निवेशकों, फैमिली ऑफिस और प्राइवेट निवेशकों का सपोर्ट हासिल है। इसके सार्वजनिक रूप से बताए गए सेलिब्रिटी निवेशकों में शाहरुख खान, सलमान खान और उनका परिवार, सचिन तेंदुलकर, माधुरी दीक्षित और महेश बाबू शामिल हैं। अभिषेक अग्रवाल के पास कंपनी में 27.10% हिस्सेदारी है। माधुरी दीक्षित नेने की बात करें तो उन्होंने कन्वर्टिबल प्रेफरेंस शेयरों के जरिए निवेश किया। गौरी खान फैमिली ट्रस्ट ने नवंबर 2024 में राइट्स इश्यू में और तेंदुलकर ने मार्च 2025 में प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट में निवेश किया।

आईपीओ से जुटाई गई रकम में से 371.13 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडयरी कंपनी पीएसएल रिटेल में निवेश करने के लिए करेगी जबकि 138.90 करोड़ रुपये बिक्री और विपणन खर्चों के लिए रखे जाएंगे। शेष रकम का उपयोग सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN