Home LIFESTYLE NEWS HINDI रोजाना यूज होने वाला सरसों तेल भी हो सकता है मिलावटी, इन...

रोजाना यूज होने वाला सरसों तेल भी हो सकता है मिलावटी, इन 5 तरीकों से आज ही करें चेक

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारतीय रसोई में सरसों के तेल का इस्तेमाल सालों से किया जा रहा है। लेकिन आजकल ज्यादा मुनाफा पाने के लिए चीजों में खूब मिलावट की जा रही है। ऐसे में जानिए 5 तरीकों से कैसे चेक करें तेल।  

भारतीय घरों में कुकिंग के लिए सरसों के तेल का इस्तेमाल किया जाता है। सब्जी बनाने से लेकर डीप फ्राई करने तक के लिए सरसों के तेल का इस्तेमाल किया जाता है। रोजाना में जिस तेल का इस्तेमाल आप कर रहे हैं क्या वह वाकई में असली है? दरअसल, सरसों के तेल में मुनाफा बढ़ाने के लिए बहुत से व्यपारी इसमें पाम ऑयल, मिनरल ऑयल जैसे तेलों से मिलावट करते हैं। खाने की किसी भी चीज में मिलावट होने पर स्वाद तो खराब होता ही है, साथ ही सेहत को भी गंभीर नुकसान होते हैं। अगर आप रोजाना में इस्तेमाल होने वाले सरसों के तेल में मिलावट को चेक करना चाहते हैं तो यहां दिए 5 तरीकों को अपनाएं।

1) ठंडा करके चेक करें

इस तरीके से सरसों तेल की जांच करने के लिए तेल को एक साफ कांच की छोटी बोतल या कांच के ग्लास में रख दें। फिर इसे कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रखें। शुद्ध सरसों का तेल ठंडा होने पर कुछ हद तक गाढ़ा हो सकता है। लेकिन अगर तेल में अलग-अलग लेयर बन जाएं या फिर ये पूरी तरह से जम जाए तो ये मिलावट का संकेत हो सकता है।

2) रंग और लेयर देखें

सरसों के तेल को एक बिल्कुल साफ कांच के गिलास में डालकर तेज रोशनी में देखें। अगर तेल असली होगा तो साफ और एकसमान दिखाई देगा। लेकिन अगर मिलावट होगी तो असामान्य कण दिखाई दे सकते हैं। या फिर तेल में पानी जैसी अलग परत बन सकती है। किसी भी कंपनी के सरसों तेल को इस्तेमाल करने से पहले तेल का रंग और खुशबू चेक करें, अगर ये सामान्य सरसों के तेल से अलग लगे तो ये मिलावटी हो सकता है। हालांकि, सिर्फ रंग देखकर तेल की शुद्धता तय नहीं की जा सकती है।

3) कागज पर डालकर देखें

इस तरीके से तेल चेक करने के लिए एक साफ सफेद कागज पर सरसों के तेल की एक-दो बूंद डालें और इसे कुछ समय तक छोड़ दें। अगर दाग बहुत असामान्य तरीके से फैलता है और उसमें अलग-अलग रंग या परत दिखाई देती है तो ये मिलावट का साइन हो सकता है।

4) खुशबू और स्वाद चेक करें

सरसों के तेल की अपनी एक तीखी खुशबू और स्वाद होता है। थोड़ी मात्रा में तेल को केवल सूंघकर चेक किया जा सकता है कि ये असली है या नकली। अगर तेल में बहुत अजीब केमिकल वाली खुशबू या सड़ी हुई गंध आ रही हो तो इसको इस्तेमाल करने से बचना बेहतर है।

5) पानी से करें चेक और जलाकर देखें

इस तरीके के लिए एक कांच के गिलास में थोड़ा पानी लें और उसमें कुछ मात्रा में सरसों का तेल डालें। तेल और पानी अलग-अलग परतों में रहते हैं क्योंकि तेल पानी में घुलता नहीं है। लेकिन अगर तेल और पानी के बीच कोई असामान्य रंगीन या गंदी परत दिखाई दे तो ये साइन मिलावट का हो सकता है। इसके अलावा बहुत थोड़ी मात्रा में सरसों के तेल को एक साफ बर्तन में हल्का गर्म करें। गर्म करते समय तेल पर ध्यान दें। शुद्ध सरसों के तेल के तेज गर्म होने पर उसकी तीखी सरसों वाली खुशबू आती है। लेकिन अगर कम गर्म होने पर ही अजीब तेज धुआं या जली हुई खुशबू आए तो ये मिलावट का साइन है।

डिस्क्लेमर- इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य है और सटीक है। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN