Home rss business hindi गौतम अडानी की बड़ी डील! 9,825 करोड़ रुपये जुटाएगी कंपनी, खबर आते...

गौतम अडानी की बड़ी डील! 9,825 करोड़ रुपये जुटाएगी कंपनी, खबर आते ही 5% से ज्यादा चढ़े शेयर

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अडानी ग्रुप के एयरपोर्ट बिजनेस को मजबूत बनाने के लिए अडानी एंटरप्राइजेज ने एक बड़ा निवेश समझौता किया है। कंपनी अपनी एयरपोर्ट यूनिट अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स में नई हिस्सेदारी जारी करके करीब 1 अरब डॉलर यानी लगभग 9,825 करोड़ रुपये जुटाएगी। इस निवेश में दुनिया की प्रमुख निवेश कंपनियां टेमासेक, ब्लैकरॉक, प्रेमजी इन्वेस्ट और अल्फा वेव शामिल हैं। इस डील के बाद निवेशकों के पास अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स में अधिकतम 5.54 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि कंपनी का कंट्रोल अडानी एंटरप्राइजेज के पास ही बना रहेगा। इस डील की खबर आते ही कंपनी के शेयर 5% से ज्यादा उछल गए हैं। आइए इस डील की कुछ मुख्य बातें जानते हैं।

कहां-कहां लगेगा ये पैसा?

इस डील के तहत अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स नए शेयर जारी करेगी, जिससे कंपनी में ताजा पूंजी आएगी। इस धन का इस्तेमाल एयरपोर्ट कारोबार के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए किया जाएगा। कंपनी अपने मौजूदा एयरपोर्ट नेटवर्क को बेहतर बनाने के साथ-साथ एयरपोर्ट से जुड़े बिजनेस स्ट्रक्चर का भी डेवलप करेगी। इसके अलावा ग्राउंड हैंडलिंग, यात्रियों को दी जाने वाली सर्विस और अन्य संबंधित कारोबार को भी बढ़ाया जाएगा।

अनुमानित वैल्यू करीब 18 अरब डॉलर

इस इंवेस्टमेंट डील से पहले अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स की अनुमानित वैल्यू करीब 18 अरब डॉलर आंकी गई है। हालांकि, कंपनी ने यह जानकारी नहीं दी है कि प्रत्येक निवेशक कितनी राशि लगाएगा और उन्हें किस कीमत पर शेयर दिए जाएंगे। निवेशकों के ग्रुप में टेमासेक की जोंगसोंग इन्वेस्टमेंट्स, अल्फा वेव III, प्रेमजी इन्वेस्ट के पीआई अपॉर्च्युनिटीज फंड और ब्लैकरॉक द्वारा प्रबंधित अलग-अलग ग्लोबल फंड शामिल हैं।

आज का शेयर परफॉर्मेंस

अडानी एयरपोर्ट्स में 9,825 करोड़ रुपये की बड़ी इंवेस्टमेंट डील से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। यही वजह है कि अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (NSE: ADANIENT) के शेयरों में आज (9 सितंबर, बुधवार) को शानदार तेजी देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक कंपनी का शेयर 5.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 175.10 रुपये चढ़कर 3,128.20 रुपये पर कारोबार कर रहा था। बाजार में कंपनी के भविष्य के विस्तार और कारोबार की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है।

कंपनी के पास देश के 8 प्रमुख एयरपोर्ट का ऑपरेशन

अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स भारत की सबसे बड़ी एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों में से एक है। कंपनी देश के 8 प्रमुख एयरपोर्ट का ऑपरेशन करती है, जिनमें मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी शामिल है। इन एयरपोर्ट्स के माध्यम से भारत के कुल यात्री यातायात का लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा और एयर कार्गो का करीब 33 प्रतिशत हिस्सा संभाला जाता है। यह निवेश अडानी ग्रुप के एयरपोर्ट बिजनेस में ग्लोबल निवेशकों के भरोसे को भी दर्शाता है और आने वाले सालों में भारत के तेजी से बढ़ते एविएशन सेक्टर में कंपनी की स्थिति को और मजबूत कर सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN