Source :- LIVE HINDUSTAN
आलू गोभी की सूखी सब्जी एक बार इस तरह बनाकर ट्राई करें। बिल्कुल शादियों में मिलने वाली हलवाई स्टाइल सब्जी की याद आ जाएगी। इसमें एक खास मसाला भी है, जिसे डालने से आलू गोभी की सब्जी काफी मसालेदार और टेस्टी बनती है।
एक सब्जी जिसे बच्चे-बड़े सभी पसंद करते हैं, वो है गोभी की मसालेदार सब्जी। रोटी, पराठे और खासकर पूड़ी के साथ आलू गोभी की चटपटी सब्जी खा कर मजा आ जाता है। आपने शादियों और दावतों वाली हलवाई के हाथों से बनी आलू गोभी की सब्जी खाई होगी तो उसका स्वाद आपको जरूर याद होगा। इसमें बहुत ज्यादा मसाले भी नहीं होते हैं, लेकिन खड़े मसालों की खुशबू और वो चटपटा सा स्वाद उस सब्जी को अलग ही स्पेशल बनाता है। यहां आज हम कुछ वैसी ही रेसिपी शेयर कर रहे हैं, जिसे एक बार तो ट्राई करना बनता है। स्पेशल मसाले के साथ एक बार आपने इस तरह से आलू गोभी की सब्जी बना ली तो यकीन मानिए घरवाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे।
आलू गोभी की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
मसालेदार और चटपटी सी आलू गोभी की सब्जी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- फूलगोभी (400 ग्राम), आलू (300 ग्राम), 1 दालचीनी का टुकड़ा, जीरा (1 चम्मच), मीडियम साइज की प्याज (2), अदरक लहसुन पेस्ट (1 चम्मच), हल्दी पाउडर (आधा चम्मच), लाल मिर्च पाउडर (1 चम्मच), गरम मसाला (1/4 चम्मच), नमक (1 चम्मच), टमाटर (2), हरी मिर्च (3), कटा हुआ ताजा हरा धनिया, सरसों का तेल।
सब्जी का स्पेशल मसाला बनाने के लिए आपको साबुत धनिया (1 चम्मच), जीरा (आधा चम्मच), सूखी लाल मिर्च (2-3), बड़ी इलायची (1), लौंग (3), साबुत काली मिर्च (आधा चम्मच) और कसूरी मेथी (1 चम्मच) जैसे कुछ खड़े मसालों की जरूरत होगी।
इस रेसिपी से बनाएं आलू गोभी की चटपटी सब्जी
आलू गोभी की सूखी और चटपटी सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले एक स्पेशल मसाला बनाकर तैयार कर लें। इसके लिए बताई गई मात्रा में खड़े मसाले जैसे साबुत धनिया, जीरा, सूखी लाल मिर्च, बड़ी इलायची, लौंग और साबुत काली मिर्च को लो फ्लेम पर हल्का ड्राई रोस्ट कर लें। फिर गैस बंद करें और कसूरी मेथी एड करें। जब ये मसाले ठंडे हो जाएं तो इन्हें ग्राइंड कर के फाइन पाउडर बना लें।
अब एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें, फिर कटे हुए आलू गोभी डालकर उन्हें हल्का सा भून लें। तेल में हल्का सा तलने के बाद इन्हें बाहर निकाल लें। फिर इसी तेल में दालचीनी का टुकड़ा, जीरा और बारीक कटी हुई प्याज डालकर भूनें। प्याज हल्की सी भुन जाए तो इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट एड करें। साथ ही कुछ बेसिक मसाले जैसे हल्दी पाउडर, नमक, लाल मिर्च पाउडर डालकर सभी चीजों को मिक्स करें।
मसाले अच्छी तरह भुनने के बाद तले हुए आलू और गोभी एड करें। साथ में जो स्पेशल मसाला आपने तैयार किया था, वो भी इसमें डालें। ऊपर से थोड़े बड़े साइज में कटे हुए टमाटर, बीच से चीरा लगाकर हरी मिर्च और बारीक कटा हुआ हरा धनिया एड करें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर के ढक दें और कुछ देर पकने के लिए छोड़ दें। चटपटी सी हलवाई स्टाइल आलू गोभी की सब्जी बनकर तैयार है।
सर्विंग टिप- आलू गोभी की सूखी मसालेदार सब्जी पराठे और पूड़ी के साथ काफी टेस्टी लगती है। बच्चों का टिफिन हो या घर पर मेहमान आए हों, इस तरह से एक बार गोभी की सब्जी जरूर बनाकर ट्राई करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



