Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/09/12/1200x900/HnAnsh_1789194849011_fcb82c03-5129-4c6b-9b5d-0f7b2fb95b40_1789194855138_79207172-8ef9-4143-ab34-9544d6935313_ce38389b-ec68-4e7a-81e5-17089a8926a1_10406cd9-160f-4257-bc6d-6f65da861d52.jpgHanuman Ansh: हनुमान अंश भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अभी तक अपनी कुल लागत का 100 गुना से ज्यादा कमा चुकी है और अभी भी यह सुनामी थमने का नाम नहीं ले रही है।
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ‘टॉक्सिक’, ‘मिर्जापुर’, ‘हैवान’ और ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ जैसी फिल्मों का सामना करते हुए भी “हनुमान अंश” लगातार डटी रही है। महज 2 करोड़ रुपये की लागत में बनी यह फिल्म अभी तक अपने बजट की 100 गुना से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। शुक्रवार को फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 10.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया जो कि अली फजल और पंकज त्रिपाठी की मूवी मिर्जापुर से ज्यादा था। सैकनिल्क के डाटा के मुताबिक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इस मूवी की अभी तक की कुल कमाई 205 करोड़ 15 लाख रुपये हो चुकी है। ट्रेड एक्सपर्ट पहले ही कह चुके हैं कि अगर “हनुमान अंश” 300 या 400 करोड़ का आंकड़ा भी छू जाए तो कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए।
हैवान और LMIT जैसी फिल्मों ने टेके घुटने!
जहां एक तरफ ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर बवाल मचाया हुआ है, वहीं दूसरी तरफ हाल ही में रिलीज हुई अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ को काफी ठंडा रिस्पॉन्स मिला है। सिनेमाघरों में इसके 7224 शोज चलाए जाने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर इसकी पहले दिन की कमाई सिर्फ 3 करोड़ रुपये रही। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म की पहले दिन की ऑक्यूपेंसी सिर्फ 11% रही। इससे पहले प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ भी बुरी तरह पिटी थी। फिल्म ‘लास्ट मैन इन टावर’ को भी शुरू में अच्छे रिस्पॉन्स मिले थे, लेकिन शुक्रवार को इसने सिर्फ 3 लाख रुपये कमाए।
पहले भी हो चुका है बॉक्स ऑफिस कमाल
हनुमान अंश इस साल भारत में रिलीज हुई दूसरी आध्यात्मिक ड्रामा फिल्म है जिसने अपने बॉक्स-ऑफिस परफॉर्मेंस से सबके होश उड़ा दिए हैं। इससे पहले मराठी फिल्म ‘देऊल बंद 2’ ने भी कुछ ऐसा ही कमाल किया था। इसे महज 8-10 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था और इसने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। शुक्रवार को विदेशों में रिलीज होने के बाद फिल्म के कलेक्शन में और भी इजाफा हो सकता है। क्योंकि वहां इसे पहले ही तारीफें मिल चुकी हैं और नीम करौली बाबा के भक्त विदेशों में भी खूब हैं।
क्या मेकर्स समझ पाए पब्लिक का इशारा?
हनुमान अंश के जरिए एक बार फिर साबित हो गया है भारतीय ऑडियंस अब नई तरह की फिल्में देखना चाहती है और उन्हीं घिसी पिटी एक जैसे ढर्रे वाली कहानियों से उकता चुकी है। याद दिला दें कि साल 2024 में भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित तेलुगु फिल्म हनुमान ने रिमार्केबल सक्सेस हासिल की थी। करीब 40 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 300 करोड़ रुपये कमाए। यह उस साल की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस हिट्स में से एक रही थी जिसने महेश बाबू और नागार्जुन जैसे बड़े स्टार्स की फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया। सैकनिल्क के मुताबिक हनुमान अंश ने नॉर्थ अमेरिका में प्री-सेल्स में 100,000 डॉलर (लगभग 95 लाख रुपये) की कमाई दर्ज की है।
फिल्म की स्टार कास्ट और डायरेक्शन
बात ‘हनुमान अंश’ की कास्ट और क्रू के बारे में करें तो शोभित श्रीवास्तव ने इस मूवी में लीड रोल प्ले किया है? वह फिल्म में लक्ष्मण दास (नीम करौली बाबा) के रोल में नजर आए हैं। विहान शेडगे इस फिल्म में नीम करौली बाबा की किशोरावस्था प्ले करते दिखे हैं। डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने इस फिल्म को अपनी किताब ‘डिवाइन डिटूर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ के आधार पर बनाया है। वही इस कहानी के राइटर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर भी हैं। उनके अलावा अनुप्रिया नागर, नम्रता जी. सिंह और रागिनी सोना ने भी इस फिल्म में प्रोडक्शन की जिम्मेदारी संभाली है। एक तरफ जहां मेकर्स के लिए यह फिल्म बाबा का आशीर्वाद साबित हुई, वहीं दूसरी तरफ इसमें नीम करौली बाबा का रोल प्ले करने वाले एक्टर शोभित की भी लॉटरी लग गई है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




