Home LIFESTYLE NEWS HINDI हेल्दी बालों के लिए महंगी गमीज नहीं, करी पत्ते से बने ये...

हेल्दी बालों के लिए महंगी गमीज नहीं, करी पत्ते से बने ये लड्डू ट्राई करें!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बालों को बाहर से संभालने के साथ अंदर से सही पोषण देना भी जरूरी है। अगर आप अपनी डाइट में कुछ पौष्टिक चीजें जोड़ना चाहते हैं, तो करी पत्ते से बने ये लड्डू ट्राई कर सकते हैं।

बालों की देखभाल के लिए हम अक्सर तेल, शैंपू और हेयर मास्क पर ध्यान देते हैं, लेकिन सिर्फ बाहर से की गई देखभाल बालों के लिए काफी नहीं। हम रोज क्या खाते हैं, इसका भी शरीर और बालों की सेहत पर असर पड़ता है। इसलिए डाइट में न्यूट्रीशन से भरपूर चीजें शामिल करना भी जरूरी है।

अगर आप बालों के लिए अपनी डाइट में कुछ अच्छा जोड़ना चाहते हैं, तो करी पत्ते से बने ये लड्डू एक अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं। इनमें इस्तेमाल होने वाली चीजें शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व देती हैं। इन्हें बनाना भी ज्यादा मुश्किल नहीं है और एक बार बनाकर कुछ दिनों तक रख सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इन्हें घर पर बनाने का आसान तरीका।

लड्डू के लिए क्या-क्या चाहिए?

1 कप करी पत्ता

1/2 कप अलसी के बीज

10-12 बादाम

7-8 खजूर

2 इलायची

2-3 चम्मच घी

बनाने का तरीका

  1. सबसे पहले एक कप करी पत्ते लें और उन्हें अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद पत्तों को अच्छी तरह सुखा लें, ताकि उनमें पानी ना रहे। अब एक कड़ाही गर्म करें और उसमें करी पत्ते डालकर धीमी आंच पर भूनें। इन्हें तब तक भूनना है, जब तक पत्ते अच्छे से कुरकुरे ना हो जाएं। ध्यान रखें कि पत्ते जलने ना पाएं।
  2. अब उसी कड़ाही में दो से तीन छोटे चम्मच घी डालें। इसमें अलसी के बीज, बादाम और खजूर डालकर कुछ मिनट तक हल्का भूनें। उसके बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। (खजूर लड्डू में हल्की मिठास लाने का काम करेगा, इसलिए इसमें अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं है। बादाम और अलसी लड्डू को स्वाद के साथ अच्छा पोषण भी देते हैं। ध्यान दें, खजूर के बीज पहले ही निकाल दें।)
  3. जब करी पत्ते और बाकी सामग्री थोड़ी ठंडी हो जाए, तो इन्हें एक साथ पीस लें। इसमें दो इलायची भी डाल दें। सभी चीजों को तब तक पीसें, जब तक एक अच्छी तरह मिला हुआ मिश्रण तैयार ना हो जाए।
  4. मिश्रण बहुत सूखा लगे तो घी की मात्रा थोड़ी बढ़ा सकते हैं। लेकिन एक साथ बहुत ज्यादा घी डालने की जरूरत नहीं है।
  5. जब मिश्रण तैयार हो जाए तो इसे हाथ में लेकर छोटे-छोटे गोल आकार देते हुए लड्डू बना लें। इन्हें बहुत बड़ा बनाने की जरूरत नहीं है, छोटे लड्डू खाने में भी आसान रहते हैं।

लड्डू को स्टोर करने का तरीका

तैयार लड्डुओं को पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर साफ, सूखे और एयरटाइट डिब्बे में रखें। इन्हें बनाकर तुरंत भी खा सकते हैं।

बालों के लिए क्यों अच्छे हैं?

  1. करी पत्ते में आयरन और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। अलसी ओमेगा-3 फैट्स और फाइबर देती है, जबकि बादाम में विटामिन ई और गुड फैट्स होते हैं। खजूर प्राकृतिक मिठास देता है।
  2. यानी इस लड्डू में कई ऐसी चीजें शामिल हैं, जो बैलेंस्ड डाइट का हिस्सा बन सकती हैं। हालांकि सिर्फ किसी एक चीज को खाने से बालों की ग्रोथ की गारंटी नहीं होती। बालों की सेहत के लिए पूरी डाइट, नींद और रोज की दिनचर्या का भी ध्यान रखना जरूरी है।

नोट: अगर आपको बालों के झड़ने या ग्रोथ से जुड़ी लगातार परेशानी हो रही है, तो सिर्फ घरेलू चीजों पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है। खासकर अचानक बहुत ज्यादा बाल झड़ने पर इसकी वजह जानना जरूरी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN