Home rss business hindi IndiGo से सफर करने वालों को झटका, शिशु टिकट से एक्स्ट्रा बैगेज...

IndiGo से सफर करने वालों को झटका, शिशु टिकट से एक्स्ट्रा बैगेज तक महंगा

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इंडिगो एयरलाइन से परिवार के साथ सफर की योजना बना रहे हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, इंडिगो एयरलाइन ने शिशु (infant) की यात्रा करने वालों के अलावा बिना अभिभावक यात्रा करने वाले बच्चों, प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग, अतिरिक्त सामान और ट्रैवल सर्टिफिकेट जैसी सेवाओं के चार्ज में बढ़ोतरी की है। आइए डिटेल में जान लेते हैं कि क्या-क्या महंगा हो गया है।

शिशुओं के साथ सफर महंगा

जो यात्री शिशुओं के साथ टिकट बुक कर रहे हैं उन्हें सबसे बड़ा झटका लगा है। शिशु यात्रा शुल्क 2000 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया गया है। इसका मतलब है कि 1000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। यह शुल्क दो साल से कम उम्र के शिशुओं पर लागू होता है।

इस व्यवस्था के तहत शिशुओं को अलग सीट नहीं मिलती है लेकिन फिर भी उनके लिए टिकट बुक करना जरूरी होता है। अनुमान है कि इस बदलाव से लगभग 10 लाख शिशु यात्री प्रभावित होंगे और इससे एयरलाइन को लगभग 90 करोड़ रुपये का अतिरिक्त रेवेन्यू मिल सकता है।

एक्स्ट्रा बैगेज महंगा

इंडिगो एयरलाइन में तय सीमा से ज्यादा सामान ले जाने वाले यात्रियों को भी अब अतिरिक्त शुल्क देना होगा। अतिरिक्त सामान का शुल्क अब 800 रुपये प्रति किलोग्राम है जबकि पहले यह 700 रुपये था। इसका मतलब है कि हर अतिरिक्त किलोग्राम के लिए 100 रुपये ज्यादा लगेंगे।

उदाहरण के लिए अगर किसी यात्री के पास तय सीमा से 5 किलो ज्यादा सामान है तो उसे अतिरिक्त बैगेज के लिए ₹4000 देने होंगे जबकि पहले यही शुल्क ₹3500 होता था। इसके अलावा, अकेले यात्रा करने वाले बच्चों यानी नाबालिग के लिए शुल्क 5000 रुपये से बढ़ाकर 5999 रुपये कर दिया गया है।

प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग का शुल्क भी बढ़ा

इंडिगो ने प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग का शुल्क भी 450 रुपये से बढ़ाकर 650 रुपये कर दिया है। यानी यात्रियों को इस सुविधा के लिए 200 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इसके अलावा ट्रैवल सर्टिफिकेट का शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया है।

घरेलू बाजार में 66 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी

बता दें कि इंडिगो की भारत के घरेलू बाजार में 66 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है और वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आक्रामक विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है। एयरलाइन के बेड़े में 2028 की शुरुआत से चौड़े आकार के ए350-900 विमान शामिल होने की उम्मीद है। इंडिगो ने पहले ही 900 से अधिक विमानों का ऑर्डर दे रखा है। इंडिगो का 430 से अधिक विमानों का बेड़ा है। वह प्रतिदिन करीब 2,200 उड़ानों का संचालन करती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN