Source :- LIVE HINDUSTAN
चश्मा बनाने वाली कंपनी में एक बड़े निवेशक ने हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर ली है। जानकारी के मुताबिक ADIA समर्थित निवेश कंपनी ‘प्लेटिनम जैस्मीन A 2018 ट्रस्ट’ ने 2047.4 करोड़ रुपये की ब्लॉक डील के जरिए लेंसकार्ट सॉल्यूशंस में अपनी 1.7% हिस्सेदारी बेचने की योजना बनाई है।
क्या है प्लान?
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार इस ब्लॉक डील के लिए प्रति शेयर कीमत 682.45 रुपये तय की गई है। बता दें कि शुक्रवार को लेंसकार्ट सॉल्यूशंस के शेयर की क्लोजिंग प्राइस 707.20 रुपये थी। इस लिहाज से 3.5% डिस्काउंट पर डील होने वाली है। इस डील के लिए मॉर्गन स्टेनली ब्रोकर के तौर पर काम कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक निवेशक पर शेयरों की आगे बिक्री के लिए 90 दिन की लॉक-इन अवधि भी लागू होगी। बता दें कि जून तिमाही के अंत में लेंसकार्ट सॉल्यूशंस में प्लेटिनम जैस्मीन A 2018 ट्रस्ट की हिस्सेदारी 9.77% थी, जो मार्च तिमाही के अंत में 12.08% थी।
अगस्त में जापान की सॉफ्टबैंक ग्रुप ने अपनी सहयोगी कंपनी SVF II लाइटबल्ब (केमैन) लिमिटेड के जरिए लेंसकार्ट में अपनी हिस्सेदारी कम कर दी थी। कंपनी ने अगस्त में 22 किस्तों में 4.5 करोड़ इक्विटी शेयर बेचकर कुल 2,887.87 करोड़ रुपये जुटाए। ये शेयर औसतन 641.75 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर बेचे गए। यह ट्रांजैक्शन तब हुआ है जब इस इन्वेस्टमेंट ग्रुप ने जून में लेंसकार्ट में 3.25% हिस्सेदारी 2,873 करोड़ रुपये में बेची थी।
शेयर का परफॉर्मेंस
लेंसकार्ट सॉल्यूशंस के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो इस महीने अब तक 6.76% की बढ़त हुई है जबकि अगस्त में इसमें 18% की बढ़ोतरी हुई थी। इस लगातार तेजी ने स्टॉक को उसके IPO प्राइस से काफी ऊपर पहुंचा दिया है। बता दें कि लेंसकार्ट सॉल्यूशंस के आईपीओ का इश्यू प्राइस 402 रुपये प्रति शेयर था। यह स्टॉक अब इश्यू प्राइस से 76% ऊपर ट्रेड कर रहा है। इस तेजी की वजह से स्टॉक ने 2026 में अब तक 57% की बढ़त हासिल की है।
जून तिमाही के नतीजे
चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में लेंसकार्ट का मुनाफा कई गुना होकर 221.84 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी ने 60.08 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 43.3 प्रतिशत बढ़कर 2,714.18 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 1,894.46 करोड़ रुपये थी। भारत से कंपनी का राजस्व 30.7 प्रतिशत बढ़कर 1,531 करोड़ रुपये, जबकि अंतरराष्ट्रीय कारोबार से राजस्व 38 प्रतिशत बढ़कर 1,203 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने तिमाही के दौरान 132 नए स्टोर खोले, जिससे उसके सक्रिय स्टोर की कुल संख्या बढ़कर 3,459 हो गई।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




