Home National news hindi पाकिस्तान: इमरान ख़ान की पार्टी के एक बड़े नेता का ‘अपहरण’

पाकिस्तान: इमरान ख़ान की पार्टी के एक बड़े नेता का ‘अपहरण’

3
0

Source :- BBC INDIA

प्रांतीय मंत्री फ़ज़ल शकूर ख़ान

इमेज स्रोत, FazlShakoorKhan/Facebook

पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत में सत्तारूढ़ पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के प्रांतीय मंत्री फ़ज़ल शकूर ख़ान के कथित अपहरण का मामला सामने आया है.

प्रांतीय सरकार ने दावा किया है कि पेशावर में अज्ञात लोगों ने फ़ज़ल शकूर ख़ान का अपहरण कर लिया.

पेशावर में सोमवार को पीटीआई के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस करते हुए मुख्यमंत्री सोहेल अफ़रीदी ने आरोप लगाया कि फ़ज़ल शकूर ख़ान को सादे कपड़ों में आए लोगों ने अगवा किया. उन्होंने दावा किया कि मंत्री के वाहन पर गोलीबारी भी की गई.

मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर किसी को लगता है कि इस तरह की कार्रवाई से हमारा आंदोलन कमजोर हो जाएगा, तो ऐसा नहीं होगा.”

पीटीआई ने एक अन्य प्रांतीय मंत्री शकील अहमद के साथ भी रविवार को इसी तरह की घटना होने का दावा किया गया है. पार्टी के मुताबिक़, शकील अहमद के कथित अपहरण की कोशिश के दौरान भी गोलीबारी हुई, लेकिन वह मौके से बच निकलने में कामयाब रहे.

इन दोनों घटनाओं को लेकर ख़ैबर पख़्तूनख़्वा विधानसभा का सोमवार शाम आपात सत्र बुलाया गया. रिपोर्ट लिखे जाने तक विधानसभा की कार्यवाही जारी थी.

फ़ज़ल शकूर ख़ान के सचिव मुहम्मद आलम ने बीबीसी उर्दू को बताया कि इस घटना को लेकर चामकनी थाने में मामला दर्ज किया गया है.

बीबीसी ने घटना के संबंध में पेशावर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की और उन्हें सवाल भी भेजे, लेकिन रिपोर्ट प्रकाशित किए जाने तक पुलिस की ओर से कोई जवाब नहीं मिला था.

SOURCE : BBC NEWS