Source :- LIVE HINDUSTAN
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टो करेंसी बिटकॉइन ने फिर से छलांग मारी है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक यह आज उछलकर 85,000 डॉलर के पार निकल गया और जनवरी के आखिर के बाद अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। तेल की कीमतें गिरने और बाजार में रिस्क लेने का मूड लौटने से क्रिप्टो को राहत मिली। इससे पहले अमेरिकी क्रिप्टो कानून और मॉनिटरी पॉलिसी से जुड़े झटकों ने इसे नीचे धकेला था।
न्यूयॉर्क ट्रेडिंग में यह 6.5% तक चढ़कर 86,331 डॉलर पर पहुंचा, जो पिछले हफ्ते छूए गए निचले स्तर से करीब 10,000 डॉलर ऊपर है। इतनी वापसी के बाद भी बिटकॉइन पिछले अक्टूबर के रिकॉर्ड से करीब एक-तिहाई नीचे है।
यह तेजी ऐसे समय आई है, जब शेयर और बॉन्ड बाजार भी ऊपर चल रहे हैं। कच्चे तेल की कीमतें गिरने और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की समिट को लेकर उम्मीद बढ़ने से पूरे बाजार को सहारा मिला है। छोटे डिजिटल एसेट्स ने इससे भी ज्यादा बढ़त दिखाई। डोगेकॉइन 12% तक उछला और XRP करीब 7.3% चढ़ा।
बाजार का मूड और बेहतर हुआ
बिटकॉइन की यह बढ़त पिछले हफ्ते के आखिर में शुरू हुई वापसी पर बनी है। तब क्रिप्टो बाजार ने क्लैरिटी एक्ट के अटकने और फेडरल रिजर्व की तीन साल से ज्यादा समय में पहली ब्याज दर बढ़ोतरी को सह लिया था। गुरुवार को अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन ने सिक्योरिटीज के डिजिटल वर्जन को अमेरिका में ट्रेडिंग की हरी झंडी दी, जिससे मूड और बेहतर हुआ।
IG के चीफ मार्केट एनालिस्ट क्रिस ब्यूचैम्प ने कहा कि वित्तीय बाजारों ने सरकारी बॉन्ड यील्ड, कर्ज के बोझ और दुनिया के सबसे ताकतवर सेंट्रल बैंक की सख्त नीति की आशंका से निकलकर फिर से जोखिम लेने का रुख अपना लिया है।
क्रिप्टो मार्केट कैप बढ़ा
FxPro के चीफ मार्केट एनालिस्ट एलेक्स कुप्तसिकेविच ने कहा कि क्रिप्टो मार्केट कैप बढ़कर 2.8 ट्रिलियन डॉलर हो गया, जो इस साल जनवरी के आखिर के बाद सबसे ऊंचा है। शुक्रवार की रैली के बाद बिकवाली बढ़ी, लेकिन रविवार से खरीदारों का दबदबा फिर लौट आया है।
हाई लेवल पर लिक्विडेशन
पिछले 24 घंटे में डिजिटल एसेट्स में लॉन्ग और शॉर्ट पोजीशन का लिक्विडेशन 917 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया। यह पिछले अगस्त के बाद सबसे ऊंचा स्तर है। उस समय बिटकॉइन में तेज रैली के चलते बेयरिश दांवों की रिकॉर्ड सफाई हुई थी। Coinglass के आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान करीब 767 मिलियन डॉलर की शॉर्ट पोजीशन लिक्विडेट हुईं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




