Source :- LIVE HINDUSTAN
घर में भटूरे बनाते हुए एक बड़ी प्रॉब्लम आती है कि ये कई बार बहुत सख्त से बन जाते हैं। कभी कभी तो भटूरे रबड़ की तरह खिंचते हैं, जिस वजह से खाने में भी टेस्टी नहीं लगते। ऐसे में आप भटूरे का आटा लगाते हुए ये 1 चीज मिला सकते हैं।
चटपटे से छोले हों और साथ में गरमा-गरम भटूरे तो खा कर मजा ही आ जाता है। अक्सर लोग किसी खास मौके पर या छुट्टी वाले दिन घर में भटूरे बनाकर खाते हैं। इनकी रेसिपी भी सिंपल ही है लेकिन एक प्रॉब्लम बड़ी कॉमन सुनने को मिलती है, वो है भटूरे का सख्त होना और रबर जैसा खिंचना। तेल में तलने के तुरंत बाद तो भटूरे फिर भी ठीक लगते हैं, लेकिन जैसे ही ये ठंडे होते हैं हार्ड होना शुरू हो जाते हैं। कई बाद तो अजीब से खिंचने लगते हैं और खाने में भी अच्छे नहीं लगते। अगर आपके साथ भी अक्सर यही होता है, तो भटूरे का आटा लगाते हुए आप ये 1 चीज एड कर सकते हैं। भटूरे एकदम फूले-फूले और सॉफ्ट बनकर तैयार होंगे।
भटूरे के आटे में मिलाएं ये 1 चीज
परफेक्ट भटूरे बनाने का सीक्रेट इसके डो में छिपा है। अगर आटा ठीक लगाया जाए तो भटूरे सही से फूलते भी हैं और सॉफ्ट भी बनते हैं। इसके लिए आप भटूरे का आटा लगाते समय एक कच्चा आलू भी एड कर सकते हैं। ये हैक सुनने में आपको जरूर अटपटा लग रहा होगा, लेकिन कई बड़े हलवाई इसी ट्रिक को फॉलो करते हैं। इसके लिए आपको बस कच्चे आलू को पीस लेना है और उसे भटूरे के आटे में एड कर के गूंथ लेना है।
कच्चा आलू मिलाने के क्या फायदे हैं?
भटूरे के आटे में कच्चा आलू मिलाने के कई फायदे हो सकते हैं। दरअसल कच्चे आलू में नमी और स्टार्च होता है, जो भटूरे के आटे को एक्स्ट्रा नमी देने का काम करता है। इससे भटूरे का टेक्चर सॉफ्ट रखने में मदद मिल सकती है। अगर आपके भटूरे ठंडे होने के बाद सख्त हो जाते हैं या रबड़ की तरह खिंचते हैं तो कच्चा आलू मिलाने से वो प्रॉब्लम नहीं आएगी। हालांकि कच्चा आलू मिलाने के अलावा आटा सही तरह से गूंथना और उसे पर्याप्त समय देना भी जरूरी है।
परफेक्ट भटूरे के लिए इस तरह लगाएं आटा
भटूरे का आटा लगाने में दिक्कत होती है, तो ये अनुपात नोट कर लें। अगर आप ढाई कप मैदा ले रहे हैं, तो उसमें 1/4 कप सूजी एड करें। साथ ही गेहूं का आटा (1/4 कप), बेकिंग पाउडर (डेढ़ चम्मच), नमक (1 चम्मच), तेल (2 चम्मच), दही (आधा कप) और एक कच्चा आलू। अब भटूरे बनाने के लिए कच्चे आलू, दही और सूजी को एक मिक्सर में ब्लेंड कर के स्मूद कर लें। सभी चीजों में मिक्स कर के एक सेमी सॉफ्ट आटा गूंथ लें।
भटूरे के आटे को कितनी देर रेस्ट दें?
आटे को पर्याप्त समय के लिए रेस्ट देना भी जरूरी है। जैसे ही आटा गूंथ लें, उसे ढककर दो घंटे के लिए रख दें। ज्यादा टाइम नहीं है तो कम से कम 45 मिनट से 1 घंटे का टाइम जरूर दें। इसके बाद भटूरे बेलकर तैयार करें और गरमा-गरम तेल में फ्राई करें।
(Images Credit- Pinterest, Instagram)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



