Home rss business hindi त्योहारी सीजन में केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, खाने का तेल हो...

त्योहारी सीजन में केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, खाने का तेल हो सकता है सस्ता

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

त्योहारी सीजन के बीच खाने के तेल को लेकर केंद्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। वित्त मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार केंद्र सरकार ने कच्चे और रिफाइंड सोयाबीन, पाम और सूरजमुखी तेल पर बेसिक कस्टम ड्यूटी (BCD) घटा दी है। इस कटौती के बाद अब खाने के तेल के दाम घट सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो त्योहारी सीजन में आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। बता दें कि त्योहारी सीजन में खाने के तेल की खपत बढ़ जाती है।

अब कितना रह गया कस्टम ड्यूटी?

कच्चे सोयाबीन तेल और कच्चे पाम तेल पर अब कस्टम ड्यूटी को 10% से घटाकर 5% कर दिया गया है जबकि रिफाइंड सोयाबीन तेल और रिफाइंड पाम तेल पर ड्यूटी को 32.5% से घटाकर 27.5% कर दिया गया है। इसके अलावा, सूरजमुखी के तेल के मामले में कच्चे तेल पर कस्टम ड्यूटी को 10% से घटाकर शून्य कर दिया गया है। वहीं, रिफाइंड सूरजमुखी तेल पर लगने वाली ड्यूटी को 32.5% से घटाकर 22.5% कर दिया गया है। ये बदलाव 24 सितंबर 2026 से लागू होंगे।

वनस्पति तेल आयात में गिरावट

त्योहारी सीजन के बीच अगस्त में भारत का वनस्पति तेल आयात गिर गया है। उद्योग निकाय सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) के मुताबिक आयात 4.71 प्रतिशत घटकर 16.09 लाख टन रह गया, जो एक साल पहले 16.94 लाख टन था। इसकी वजह पाम तेल के आयात में कमी थी, जो वैश्विक कीमतों में बढ़ोतरी और रुपये की कमजोरी के कारण हुआ। रुपये की कमजोरी से आयात किए जाने वाले खाद्य तेल की लागत बढ़ गई थी।

एसईए के मुताबिक तेल वर्ष 2025-26 की नवंबर-अगस्त अवधि के दौरान, कुल वनस्पति तेल आयात चार प्रतिशत बढ़कर 138.8 लाख टन हो गया, जो एक साल पहले 133.37 लाख टन था। दुनिया के सबसे बड़े वनस्पति तेल आयातक भारत ने अगस्त में 15.72 लाख टन खाद्य तेल और 37,150 टन अखाद्य तेल खरीदा, जबकि एक साल पहले यह क्रमशः 16.88 लाख टन और 55,821 टन था।

अगस्त में रिफाइंड खाद्य तेल का आयात बढ़कर 1.01 लाख टन हो गया, जो एक साल पहले 64,403 टन था, जबकि कच्चे तेल का आयात 16.24 लाख टन से घटकर 14.70 लाख टन रह गया। कच्चे तेल में, पाम तेल का आयात 9.79 लाख टन से घटकर 7.60 लाख टन और सूरजमुखी तेल का आयात 2.57 लाख टन से घटकर 1.55 लाख टन रह गया, जबकि सोयाबीन तेल का आयात 3.87 लाख टन से बढ़कर 5.54 लाख टन हो गया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN