Source :- LIVE HINDUSTAN
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की गुरुवार को शेयर बाजार में एंट्री के बीच बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के शेयर भी निवेशकों के फोकस में आ गए। इधर NSE के शेयर BSE और (MSEI) पर लिस्ट हुए और उधर BSE के शेयर के भाव गिरने लगे। एनएसई के शेयर ने आज बाजार में ₹1,800 यानी 0.84% प्रीमियम पर एंट्री मारी। जल्द ही इसमें 5% की उछाल दर्ज की गई और यह ₹1,878 पर पहुंच गया।
दूसरी ओर बीएसई के शेयर आज गिरावट के साथ 3235 रुपये पर खुले। सुबह 9.55 बजे के आसपास ये 2321 रुपये के दिन के निचले स्तर पर आ गए। 11 बजे के करीब 0.80 प्रतिशत नीचे 3242 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे। बता दें NSE की लिस्टिंग के बाद अब भारतीय शेयर बाजार में दोनों प्रमुख एक्सचेंजों के कारोबार, बाजार हिस्सेदारी और नए प्रोडक्ट्स पर निवेशकों की नजर रहेगी।
BSE पर ₹4,000 का टार्गेट
द इकनॉमिक टाइम्स के मुताबिक ग्लोबल ब्रोकरेज Macquarie ने BSE पर कवरेज शुरू करते हुए ‘Outperform’ रेटिंग दी है। इसने बीएसई के शेयर के लिए ₹4,000 का टार्गेट प्राइस दिया है। यह BSE के पिछले बंद भाव ₹3,270.70 के मुकाबले 22 फीसदी से अधिक की संभावित बढ़त को दर्शाता है। ब्रोक्रेज फर्म के मुताबिक BSE को कैश इक्विटी और फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस कारोबार में हिस्सेदारी बढ़ने तथा ट्रांजैक्शन के अलावा अन्य आय बढ़ने से फायदा मिल सकता है।
NSE की लिस्टिंग BSE के लिए क्यों अहम?
NSE खुद अपने प्लेटफॉर्म पर ट्रेड नहीं कर सकता। इसलिए NSE के शेयरों की ट्रेडिंग BSE पर भी होगी। इससे BSE को नए कारोबार से अतिरिक्त आय का मौका मिल सकता है। जेफरीज के अनुमान के मुताबिक NSE की लिस्टिंग से BSE की वित्त वर्ष 2027 की कमाई में करीब 1 से 2 फीसदी का योगदान हो सकता है। हालांकि NSE की लिस्टिंग से BSE को कितना वास्तविक फायदा होगा, यह NSE के शेयर में ट्रेडिंग वॉल्यूम और निवेशकों की भागीदारी पर निर्भर करेगा।
BSE शेयर का अब तक का प्रदर्शन
BSE के शेयर एक साल में 56 और 2026 में अब तक करीब 23 फीसदी चढ़ चुके हैं। पिछले छह महीने में इसने करीब 16 पर्सेंट का रिटर्न दिया है। हालांकि हाल के एक महीने में शेयर करीब 1.93 फीसदी कमजोर हुआ है। इसका 52 हफ्ते का हाई 4446.80 रुपये और लो 2021.50 रुपये है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



