Source :- LIVE HINDUSTAN
अगले महीने एक अक्टूबर से सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) अनिवार्य कर दिया गया है। अब सवाल है कि क्या अब उन ग्राहकों के लिए LPG सिलेंडर की डिलीवरी रोक दी जाएगी जो आधार ऑथेंटिकेशन पूरा नहीं करते हैं? आइए इसके बारे में डिटेल जान लेते हैं।
रोक दी जाएगी LPG सिलेंडर की डिलीवरी?
जिन ग्राहकों ने अपना बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा नहीं किया है, उन्हें भी LPG मिलती रहेगी। उन्हें अपनी संबंधित OMC (ऑयल मार्केटिंग कंपनी) के डिजिटल चैनलों, जैसे इंटरैक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स सिस्टम (IVRS), व्हाट्सऐप चैटबॉट, मोबाइल ऐप, कंज्यूमर वेबसाइट आदि पर इस विकल्प के लिए रजिस्टर करना होगा। सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक रजिस्टर्ड उपभोक्ता को स्थानीय उपलब्धता के आधार पर बिना सब्सिडी के लागू बाजार मूल्य पर पांच या दस किलोग्राम के सिलेंडर में एलपीजी उपलब्ध कराई जाएगी।
बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन कैसे करें?
यह प्रक्रिया एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी के समय भी पूरी की जा सकती है। डिलीवरी कर्मचारी ऑयल मार्केटिंग कंपनी के मोबाइल ऐप के माध्यम से मौके पर ही ऑथेंटिकेशन करा सकता है। इसके अलावा उपभोक्ता अपने एलपीजी वितरक की दुकान पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उपभोक्ताओं के लिए घर बैठे मोबाइल ऐप से स्वयं ई-केवाईसी पूरा करने का विकल्प भी उपलब्ध है। इंडेन के ग्राहक इंडेनऑइलवन, भारत गैस के ग्राहक हेलोबीपीसीएल और एचपी गैस के ग्राहक एचपी पे ऐप के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। स्वयं ई-केवाईसी करने के संबंध में वीडियो ट्यूटोरियल पीएमयूवाई पोर्टल पर उपलब्ध है।
क्या है ऑथेंटिकेशन का मकसद?
सरकार के अनुसार बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन व्यवस्था का उद्देश्य सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडरों को वास्तविक और पात्र परिवारों तक पहुंच सुनिश्चित करना है। प्रत्येक एलपीजी कनेक्शन को आधार-प्रमाणित उपभोक्ता से जोड़ने से डुप्लीकेट और अयोग्य कनेक्शनों की पहचान, उन्हें हटाने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडरों के कॉमर्शियल या औद्योगिक इस्तेमाल के लिए डायवर्जन को रोकने और सब्सिडी वितरण को अधिक पारदर्शी बनाने में सहायता मिलेगी।
कई बार बढ़ाई गई डेडलाइन
सरकार ने बताया कि उपभोक्ताओं को बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करने के लिए पहले 30 जून की समय-सीमा दी गई थी, जिसे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त समय देने के लिए कई बार बढ़ाया गया। समय-सीमा 31 जुलाई, सात अगस्त, 15 अगस्त, 23 अगस्त, 31 अगस्त, सात सितंबर और अंत में 14 सितंबर तक बढ़ाई गई। अक्टूबर 2023 से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने देशभर में इस संबंध में जागरूकता और संपर्क अभियान भी चलाया है। इस दौरान 12 करोड़ से अधिक एसएमएस और वॉट्सऐप संदेश भेजे गए।
जिन उपभोक्ताओं ने ऑथेंटिकेशन नहीं कराया था, उनसे वितरकों और डिलीवरी कर्मचारियों ने व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया। इसके अलावा, वितरक दुकानों, अधिक आवाजाही वाले स्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए गए। सरकार के मुताबिक रिफिल बुकिंग के दौरान आईवीआरएस संदेश, मोबाइल नोटिफिकेशन, सोशल मीडिया, समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से भी उपभोक्ताओं को ऑथेंटिकेशन के लिए जानकारी दी गई।
LPG गैस सिलेंडर पर कुल सब्सिडी कितनी है?
LPG को घरेलू इस्तेमाल के लिए उसकी लागत से कम कीमत पर बेचा जाता है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार सितंबर 2026 में हर 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर छिपी हुई सब्सिडी लगभग ₹210 थी जबकि जून 2026 में यह बढ़कर ₹721 प्रति सिलेंडर हो गई थी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




