Source :- LIVE HINDUSTAN
कंपनियों के लिए घरेलू LPG भले ही चिंता का विषय बना हुआ हो, लेकिन जम्मू-कश्मीर सरकार ने गरीबों को साल में छह मुफ्त LPG सिलेंडर देने की योजना को मंजूरी दे दी है। सरकार की ओर से विधानसभा में इसकी जानकारी दी गई है। अंत्योदय अन्न योजना यानी AAY का मकसद गरीब परिवारों के रसोई गैस खर्च का बोझ कम करना है। बता दें देश में सबसे महंगा एलपीजी सिलेंडर लेह में मिलता है। यहां घरेलू सिलेंडर दिल्ली के मुकाबले 237 रुपये महंगा है। वहीं कमर्शियल सिलेंडर में भी दिल्ली से 638 रुपये ज्यादा है। लेह में लेह कमर्शियल सिलेंडर 3,385.50 और घरेलू 1,179 रुपये में बिक रहा है।
सरकार ने दी योजना को मंजूरी
द ट्रिब्यून के मुताबिक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री सतीश शर्मा ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बताया कि AAY परिवारों को सालाना छह मुफ्त गैस सिलेंडर देने की नीति को सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी मिल गई है। योजना को लागू करने के लिए जरूरी आदेश जल्द जारी किए जाएंगे।
किसे मिलेगा मुफ्त LPG का लाभ?
इस योजना का लाभ अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के तहत आने वाले परिवारों को मिलेगा। यानी यह सुविधा जम्मू-कश्मीर के सभी LPG उपभोक्ताओं के लिए नहीं, बल्कि AAY श्रेणी के पात्र परिवारों के लिए है। सरकार ने इससे पहले विधानसभा में बताया था कि योजना के तहत छह LPG रिफिल की लागत आधार से जुड़े DBT के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खाते में देने का प्रस्ताव है।
कितने परिवारों को मिलेगा लाभ: सितंबर में विधानसभा में दी गई जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में करीब 8.79 लाख AAY लाभार्थी हैं। हालांकि अंतिम लाभार्थी संख्या और योजना की वित्तीय प्रक्रिया के संबंध में सरकार की ओर से लागू किए जाने वाले विस्तृत आदेश महत्वपूर्ण होंगे।
विधानसभा में 12 बनाम 6 सिलेंडर पर हंगामा
छह मुफ्त सिलेंडर की घोषणा के बाद विधानसभा में विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच बहस भी हुई। भाजपा सदस्यों ने सरकार से उसके पहले किए गए 12 मुफ्त LPG सिलेंडर के चुनावी वादे को लेकर सवाल उठाए। सरकार की ओर से जवाब दिया गया कि चुनावी घोषणापत्र के वादों को पांच साल के कार्यकाल में लागू किया जाना है।
एक घरेलू LPG सिलेंडर पर करीब 300 रुपये का नुकसान
बता दें सितंबर में एक घरेलू LPG सिलेंडर पर करीब 300 रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। 30 जून 2026 तक घरेलू LPG से जुड़ी क्युमुलेटिव नेगेटिव बफर करीब ₹61,940 करोड़ पहुंच गई थी। ICRA के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में घरेलू LPG पर प्रति सिलेंडर नुकसान करीब ₹500 तक रहा, जबकि सितंबर में यह करीब ₹300 आंका गया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




