Source :- LIVE HINDUSTAN
Stock Market Today Live 9:18 AM: सुस्त शुरुआत के बाद शेयर बाजार खुलते ही तेजी की पटरी पर आ गया। सेंसेक्स 125 अंकों की बढ़त के संग 73705 के लेवल पर पहुंच। उधर, निफ्टी भी 32 अंक ऊपर 23095 के लेवल पर पहुंच गया। सेंसेक्स में महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी, इटरनल, स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक जैसे स्टॉक्स बढ़त पर हैं। इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्राश् सन फार्मा, आईटीसी और एचसीएल टेक में कमजोरी नजर आ रही है।
Stock Market Today Live 9:15 AM: कल के गिरावट के तूफान के बाद घरेलू शेयर मार्केट की शुरुआत आज भी कमजोर रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 54 अंकों के नुकसान के साथ 73525 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 28 अंक नीचे 23035 के लेवल पर खुला।
Stock Market Today 8:30 AM: शेयर बाजार की शुरुआत आज कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन कमजोर रहने के संकेत हैं। गुरुवार की बड़ी गिरावट के बाद निवेशकों की नजर अब निफ्टी के 23,000 के स्तर पर रहेगी। कच्चा तेल, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और पश्चिम एशिया से जुड़ी खबरें आज बाजार की चाल तय कर सकती हैं।
गुरुवार को था बाजार में हाहाकार
गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार बिकवाली देखने को मिली। निफ्टी 50 करीब 1.64 प्रतिशत गिरकर 23,169 के आसपास बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स में भी करीब 1.67 प्रतिशत की गिरावट आई। सेंसेक्स 1247 अंकों का गोता लगाकर 73580 पर बंद हुआ था। बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में भी दबाव देखने को मिला। अब शुक्रवार को सवाल यह है कि बाजार इस गिरावट के बाद संभलता है या बिकवाली का सिलसिला आगे भी जारी रहता है।
आज कैसी रह सकती है शेयर बाजार की ओपनिंग?
गिफ्ट निफ्टी करीब 23,110 के आसपास कारोबार कर रहा था। इससे संकेत मिल रहा है कि भारतीय बाजार की शुरुआत बहुत बड़ी तेजी या गिरावट के साथ नहीं हो सकती है, लेकिन शुरुआती कारोबार के बाद बाजार की दिशा बदल सकती है। खासकर अगर कच्चे तेल या पश्चिम एशिया से कोई बड़ी खबर आती है तो बाजार में अचानक उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।
निफ्टी के लिए 23,000 का स्तर बेहद अहम
निफ्टी के लिए आज 23,000 का स्तर सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अगर निफ्टी इस स्तर के ऊपर टिका रहता है तो बाजार में कुछ खरीदारी लौट सकती है। ऐसी स्थिति में 23,200 और 23,300 के स्तर अगली चुनौती होंगे।
इसके उलट अगर निफ्टी 23,000 के नीचे मजबूती से फिसलता है तो बिकवाली बढ़ सकती है। फिर 22,950 और 22,850 के स्तर पर नजर रहेगी। ज्यादा कमजोरी आने पर 22,700 का स्तर भी सामने आ सकता है।
सेंसेक्स में कहां संभल सकता है बाजार?
सेंसेक्स के लिए 73,000 से 73,250 का दायरा अहम है। इस क्षेत्र के ऊपर रहने पर बाजार में सुधार की कोशिश हो सकती है। ऊपर की तरफ 73,850 से 74,000 का स्तर महत्वपूर्ण रहेगा। अगर सेंसेक्स 74,000 के ऊपर टिकता है तो बाजार का दबाव कुछ कम हो सकता है।
महंगा कच्चा तेल बढ़ा सकता है चिंता: शेयर बाजार के लिए इस समय कच्चा तेल बड़ी चिंता बना हुआ है। ब्रेंट क्रूड 106 डॉलर और WTI करीब 94 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है। तेल महंगा होने का सीधा असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। इससे कंपनियों की लागत बढ़ सकती है और महंगाई का दबाव भी बढ़ सकता है। यही वजह है कि तेल की हर बड़ी चाल पर बाजार की नजर रहेगी।
अमेरिका की बॉन्ड यील्ड: अमेरिकी 10 साल की बॉन्ड यील्ड करीब 5.20 प्रतिशत तक पहुंच गई है। यील्ड बढ़ने से दुनिया भर के शेयर बाजारों पर दबाव बन सकता है।
ईरान-अमेरिका की खबरों पर बाजार की नजर
पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत से जुड़ी खबरें भी बाजार के लिए महत्वपूर्ण हैं। अगर तनाव कम होने के संकेत मिलते हैं तो कच्चे तेल की कीमतों में राहत आ सकती है। इससे भारतीय शेयर बाजार को भी सहारा मिल सकता है, लेकिन तनाव बढ़ने पर तेल की कीमत फिर ऊपर जा सकती है और बाजार में बिकवाली बढ़ सकती है।
(डिस्क्लेमर: बाजार के ये स्तर और अनुमान विभिन्न तकनीकी विश्लेषकों के बताए स्तरों पर आधारित हैं। शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है। कोई भी निवेश फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह लें।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




