Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- KSB लिमिटेड के शेयरों में बुधवार को करीब 7% की तेजी आई और NSE पर शेयर ₹878 के दिन के उच्च स्तर तक पहुंच गया
- कंपनी को 12.4 मिलियन डॉलर यानी करीब ₹118 करोड़ का ऑर्डर मिला है
- जून 2026 तक कंपनी का ऑर्डर बुक ₹2,744 करोड़ था
- पिछले 5 सालों में KSB शेयर करीब 255.80% चढ़ चुका है
पंप और इंजीनियरिंग सॉल्यूशंस से जुड़ी कंपनी KSB लिमिटेड के शेयरों में बुधवार को जोरदार खरीदारी देखने को मिली। NSE पर कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर करीब 7% चढ़कर दिन के उच्च स्तर ₹878 तक पहुंच गया। शेयर में यह तेजी कंपनी को मिले एक बड़े एक्सपोर्ट ऑर्डर के बाद आई है। KSB ने बताया कि उसे डंगोटे प्रोजेक्ट्स फ्री जोन एंटरप्राइज से बॉयलर फीड पंप पैकेज की सप्लाई का ऑर्डर मिला है। कंपनी के मुताबिक, इस कॉन्ट्रैक्ट की वैल्यू करीब 12.4 मिलियन डॉलर यानी लगभग ₹118 करोड़ है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
18 बॉयलर फीड पंप पैकेजेस की सप्लाई
कंपनी की एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, इस ऑर्डर के तहत कुल 18 बॉयलर फीड पंप पैकेजेस (Boiler Feed Pump Packages) उपलब्ध कराए जाएंगे। ये पंप इंडस्ट्रियल और एनर्जी से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में इस्तेमाल होते हैं। KSB का कहना है कि यह ऑर्डर कंपनी की हाई एफिशिएंसी और इंजीनियर्ड पंपिंग सोल्यूशन्स उपलब्ध कराने की क्षमता को मजबूत करता है। साथ ही इससे फर्टिलाइजर एंड एनर्जी सेक्टर में कंपनी की अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कब तक पूरा होगा ऑर्डर?
KSB के मुताबिक, इस कॉन्ट्रैक्ट की डिलीवरी सितंबर 2027 से मार्च 2028 के बीच निर्धारित है। भुगतान इंस्टॉलेशन पूरा होने के बाद किया जाएगा। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऑर्डर देने वाली कंपनी में KSB के प्रमोटर, प्रमोटर ग्रुप या ग्रुप कंपनीज की कोई हिस्सेदारी नहीं है। इसलिए यह सौदा रिलेटेड-पार्टी ट्रांजैक्शन की कैटेगिरी में नहीं आता।
₹2,744 करोड़ का ऑर्डर बुक
जून 2026 तक KSB के पास करीब ₹2,744 करोड़ के ऑर्डर ऑन हैंड (Orders on Hand) थे। कंपनी का कहना है कि वह पंप्स के सेक्टर में देश की टॉप टू कंपनियों में शामिल है। कंपनी के मौजूदा कारोबार में एनर्जी सेक्टर की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। इस सेक्टर में थर्मल पावर प्रोजेक्ट (Thermal Power Projects) के लिए बॉयलर फीड पंप पैकेजेस (Boiler Feed Pump Packages), पावर जेनरेशन एप्लीकेशन्स (Power Generation Applications) के लिए कंडेनसेट ट्रांसफर पंप पैकेजेस और रिफाइनरी व हाइड्रोकॉर्बन प्रोसेसिंग से जुड़े पंप पैकेजेस जैसे ऑर्डर शामिल हैं।
5 साल में 255% से ज्यादा चढ़ा शेयर
KSB के शेयर ने पिछले कुछ सालों में निवेशकों को मजबूत रिटर्न दिया है। पिछले एक महीने में शेयर करीब 7.65% बढ़ा है, जबकि 2026 में अब तक इसमें लगभग 16.45% की तेजी आई है। एक साल में शेयर करीब 5.77% और तीन साल में लगभग 45.33% चढ़ा है। वहीं पांच साल की अवधि में KSB का शेयर करीब 255.80% बढ़ चुका है। कंपनी ने 2030 तक 15% सेल्स ग्रोथ हासिल करने और 12-13% रिटर्न ऑन सेल्स बनाए रखने का लक्ष्य रखा है। नए एक्सपोर्ट ऑर्डर्स इस ग्रोथ प्लानमें अहम भूमिका निभा सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




