Home rss world hindi कई राज खुलने बाकी, विमान में हुई लड़ाई का क्या है कनेक्शन;...

कई राज खुलने बाकी, विमान में हुई लड़ाई का क्या है कनेक्शन; हमलावर पायलट पर भी चुप्पी

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

हवा में उड़ते विमान में पायलटों में हुई लड़ाई को लेकर अभी कई राज खुलने बाकी हैं। जहां एक तरफ हमला करने वाले पायलट की पहचान पर अभी तक चुप्पी है। वहीं, इस हमले के कनेक्शन को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है।

हवा में उड़ते विमान में पायलटों में हुई लड़ाई को लेकर अभी कई राज खुलने बाकी हैं। जहां एक तरफ हमला करने वाले पायलट की पहचान पर अभी तक चुप्पी है। वहीं, इस हमले के कनेक्शन को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तो ईरान से जोड़ दिया है। हालांकि अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का कहना है कि इस बात को लेकर जांच चल रही है क्या इस मामले में ईरान का कोई हाथ है। इस बीच फ्लाईदुबई ने कहा है कि इजराइल से आने-जाने वाली उसकी उड़ानें निलंबित रहेंगी।

सभी संभावित परिस्थितियों की जांच

गोपनीयता की शर्त पर बात करने वाले अधिकारी ने इजरायल की जांच में भागीदारी का विस्तृत ब्यौरा नहीं दिया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से लेकर मानसिक विकार तक सभी संभावित परिस्थितियों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया गया है। एक अन्य क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि इजरायली खुफिया और सुरक्षा अधिकारी सऊदी अरब में सह-पायलट से पूछताछ की प्रक्रिया में शामिल होंगे। अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि उन्हें मीडिया से बात करने की अनुमति नहीं थी।

सऊदी अरब के इजरायल के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच वैकल्पिक माध्यमों से लंबे समय से सुरक्षा और खुफिया सहयोग होता रहा है। विमान में मौजूद डेंटिस्ट शोटा मुसायेव ने घटना का वीडियो बनाया था। वीडियो में सह-पायलट घुटनों के बल बैठा और उसके हाथ पीछे बंधे हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, सह-पायलट का नाम अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। संयुक्त अरब अमीरात सरकार ने कहा कि उसकी जांच टीम ने घटना के मकसद और क्या इसका किसी आतंकवादी उद्देश्य से संबंध था समेत विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। सरकार ने कहा कि विमान में किए गए अपराधों पर यूएई का कानून लागू होता है।

ट्रंप ने क्या कहा

वाइट हाउस में मीडिया के सवाल पर ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें हमले के पीछे रहे सह-पायलट और तेहरान के बीच किसी संबंध के बारे में जानकारी दी गई है। इस पर उन्होंने कहा कि हम इस पर अभी काम कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि मैं जो सुन रहा हूं, उसके आधार पर कहूंगा कि जवाब हां है, लेकिन हम इस पर अभी काम कर रहे हैं। उन्होंने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। यह पूछे जाने पर कि यदि हमले के पीछे ईरान का हाथ पाया गया तो क्या अमेरिका तेहरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करेगा? ट्रंप ने कहा कि हां, उन पर बहुत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चिंता मत कीजिए। उन्होंने कहा कि आप उनसे ही पूछिए। वे जानते हैं कि क्या हुआ। उन पर बहुत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यात्रियों ने बताया अनुभव

घटना के दौरान मदद करने वाले यात्रियों में शामिल आसफ राजुआन ने इजरायल के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से साझा किए गए एक नए बयान में कहा कि हम खुद को असहाय महसूस कर रहे थे, हवा में लटके हुए थे और मुझे नहीं पता था कि किस ओर रुख करूं। जांच से अवगत एक क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध ओमान का नागरिक है और हिरासत में है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब के अधिकारी इजरायल समेत कई देशों के साथ मिलकर हमले का मकसद पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारी के अनुसार संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका और ओमान भी जांच में शामिल हैं।

विमान में क्या हुआ था

दुबई से उड़ान भरने के करीब ढाई घंटे बाद घटनाक्रम तेजी से बदला। फ्लाइटरडार24 के अनुसार, विमान करीब एक मिनट में 33,000 फुट से 17,000 फुट की ऊंचाई पर आ गया। इसके बाद उसने जॉर्डन की सीमा के पास अनियमित चक्कर लगाया और करीब एक घंटे बाद तबुक में उतरा। फ्लाइटरडार24 ने विमान की पहचान बोइंग 737 मैक्स 8 के रूप में की। न्यूजीलैंड के उस उड़ान प्रशिक्षण संस्थान के प्रमुख फिलिप कीन ने, जहां भारतीय कैप्टन ने प्रशिक्षण लिया था, विमान के सुरक्षित उतरने को चमत्कार बताया। उन्होंने कहा कि विमान को इस तरह की तेज गिरावट के लिए कभी डिजाइन नहीं किया गया था और इसके बावजूद उसका पूरी तरह नष्ट नहीं होना असाधारण है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN