Home LIFESTYLE NEWS HINDI कब्ज ने कर रखा है परेशान? श्वेता शाह की ये 3 आसान...

कब्ज ने कर रखा है परेशान? श्वेता शाह की ये 3 आसान आदतें फॉलो करें

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कब्ज की वजह से पेट भारी रहना, गैस और टॉयलेट में परेशानी होना आम है। अगर आप भी इससे परेशान हैं, तो डाइट और रोज की आदतों में ये 3 छोटे बदलाव पेट को बेहतर तरीके से काम करने में मदद कर सकते हैं।

कब्ज की दिक्कत भले ही सुनने में छोटी लगे, लेकिन जब यह बार-बार होने लगे तो काफी परेशान कर देती है। पेट भारी लगता है, टॉयलेट जाने में दिक्कत होती है और कई बार पूरा दिन भी अजीब सा लगता है। कई लोगों को समझ नहीं आता कि आखिर रोज-रोज ऐसा क्यों हो रहा है। हमारी खाने-पीने की आदतों से लेकर दिनभर बैठे रहने तक, कई छोटी बातें इसका कारण बन सकती हैं। ऐसे में हर बार दवा लेने के बजाय अपनी रोज की रूटीन पर भी थोड़ा ध्यान देना चाहिए। कुछ छोटी आदतें पेट को ठीक रखने में मदद कर सकती हैं। न्यूट्रिशन एक्सपर्ट श्वेता शाह ने कब्ज की दिक्कत कम करने के लिए रोज की जिंदगी से जुड़ी 3 आसान बातें शेयर की हैं। अगर आपको भी अक्सर कब्ज रहती है, तो इन टिप्स को जरूर जानें।

1. लंच के बाद थोड़ी देर टहलें

लंच करने के बाद तुरंत अपनी सीट पर बैठने के बजाय थोड़ी देर चलने की आदत डालें। श्वेता शाह करीब 100 कदम चलने की सलाह देती हैं। इसके साथ हल्की ब्रीदिंग एक्सरसाइज भी कर सकते हैं। रोज थोड़ा चलना पेट और आंतों की एक्टिविटी को बेहतर रखने में मदद कर सकता है।

2. डाइट में प्रून्स शामिल करें

प्रून्स यानी सूखे बेर भी कब्ज में मदद कर सकते हैं। इनमें फाइबर और सोरबिटोल होता है, जो मल को नरम करने और टॉयलेट को आसान बनाने में मदद कर सकता है। श्वेता शाह सुबह 2 और रात में 2 प्रून्स लेने का सुझाव देती हैं। अगर इन्हें खाने से गैस या पेट फूलने की दिक्कत बढ़े, तो मात्रा कम कर दें।

3. पेट की हल्की मालिश करें

पेट पर हल्के हाथों से गोल-गोल मालिश करना भी कुछ लोगों को कब्ज और पेट फूलने में राहत दे सकता है। श्वेता शाह नाभि और उसके आसपास हल्की मालिश करने की बात कहती हैं। मालिश करते समय पेट पर ज्यादा जोर न लगाएं। अगर हाल ही में पेट की सर्जरी हुई है, प्रेग्नेंसी है या पेट से जुड़ी कोई बीमारी है, तो पहले डॉक्टर से पूछें।

इन तीन चीजों के अलावा…

  • कब्ज से बचने के लिए पूरे दिन पर्याप्त पानी पीना, खाने में फाइबर वाली चीजें शामिल करना और रोज थोड़ा एक्टिव रहना भी जरूरी है। फाइबर बढ़ा रहे हैं तो इसे धीरे-धीरे बढ़ाएं, क्योंकि अचानक ज्यादा फाइबर लेने से गैस और पेट फूलने की परेशानी हो सकती है।
  • इसके अलावा लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने से बचें और दिन में थोड़ा चलने-फिरने की कोशिश करें। टॉयलेट की इच्छा होने पर उसे बार-बार रोकना भी ठीक नहीं है।

कब्ज लंबे समय तक रहे तो क्या हो सकता है?

कभी-कभी होने वाली कब्ज आमतौर पर बड़ी चिंता की बात नहीं होती, लेकिन अगर यह लंबे समय तक बनी रहे तो परेशानी बढ़ सकती है। मल ज्यादा सख्त होने पर टॉयलेट करते समय जोर लगाना पड़ सकता है, जिससे बवासीर जैसी समस्या हो सकती है।

नोट: अगर कब्ज ठीक नहीं हो रही, मल के साथ खून आए, तेज पेट दर्द हो, लगातार उल्टी हो, पेट बहुत फूल जाए या बिना कोशिश वजन कम होने लगे, तो इसे सामान्य कब्ज समझकर घर पर ही इलाज न करते रहें। ऐसे लक्षणों में डॉक्टर से जल्द बात करना जरूरी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN