Home LIFESTYLE NEWS HINDI दिवाली की सफाई कब से शुरू करें? बिना थके निपटाना है काम,...

दिवाली की सफाई कब से शुरू करें? बिना थके निपटाना है काम, तो फॉलो करें ये सिंपल प्लान

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

दिवाली की सफाई बहुत थका देने वाला काम है। लेकिन 20-25 दिन पहले से ही अगर सही प्लानिंग के साथ आप थोड़ी थोड़ी सफाई शुरू कर दें तो काम आसानी से हो सकता है। ऐसे में आप ज्यादा थकेंगी भी नहीं और पूरे घर की सफाई भी अच्छे से हो जाएगी।

सालभर में भले ही घर की डीप क्लीनिंग ना हो, लेकिन दिवाली आते ही हर घर में साफ-सफाई की तैयारियां होनी शुरू हो जाती हैं। यहां सबसे बड़ी गलती लोग ये करते हैं कि कुछ दिन पहले ही सारा काम एक साथ ले कर बैठ जाते हैं। इससे काम भी ठीक से नहीं हो पाता और थकान अलग होती है। इसलिए जरूरी है कि दिवाली आने से 20-25 दिन पहले ही प्रॉपर प्लानिंग के साथ थोड़ा थोड़ा कम निपटाया जाए। इससे आप बिना ज्यादा थकान के आराम से घर के हर हिस्से की सफाई अच्छी तरह से कर सकते हैं। शुरुआत उन जगहों से करें जहां रोजाना जरूरत नहीं पड़ती, फिर धीरे-धीरे पूरे घर की क्लीनिंग करें। इस तरह दिवाली के दो-तीन दिन पहले तक सिर्फ सजावट और मोटा-मोटा काम ही बचेगा। आइए जानते हैं कैसे आप घर की सफाई को आराम से प्लान कर सकते हैं।

20-25 दिन पहले से शुरू करें सामान छांटना

सफाई की शुरुआत घर में पड़े अनावश्यक सामान को हटाने से करें। सालभर में घर में कई ऐसी चीजें इक्कठा हो जाती हैं, जिनकी कोई जरूरत नहीं होती। जैसे बेकार कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स, अखबार, खाली डिब्बे और लंबे टाइम से इस्तेमाल ना होने वाली चीजें। घर के स्टोर रूम या बाकी कमरों से ऐसे सामान को निकलाकर बाहर करें, इसके बाद सफाई का काम काफी आसान हो जाएगा।

15-20 दिन पहले करें अलमारी की सफाई

आमतौर पर घर की अलमारी काफी बिखरी हुई रहती है। इसमें कपड़े इधर-उधर बिखरे रहते हैं और कई कपड़े तो वो रहते हैं, जो मौसम के हिसाब से पहनने लायक नहीं रहते। अलमारी की सफाई कर के इन्हें व्यवस्थित करें। साथ ही बेड स्टोरेज, जूते रखने की जगह और संदूक वगैरह को भी इस दौरान साफ और व्यवस्थित किया जा सकता है।

10-15 दिन पहले करें रसोई की सफाई

दिवाली से 10-15 दिन पहले रसोई की गहरी सफाई करें। किचन कैबिनेट, मसालों की रैक, डिब्बे, टाइल्स, एग्जॉस्ट फैन, गैस के आसपास, सिंक और फ्रिज की डीप क्लीनिंग करें। इस दौरान एक्सपायर्ड फूड आइटम्स और इस्तेमाल ना होने वाले टूटे बर्तन और डिब्बों को भी अलग कर दें।

दिवाली से 7-10 दिन पहले खिड़की-दरवाजों की सफाई

इस दौरान घर के खिड़की-दरवाजों की धूल हटाकर अच्छे से सफाई कर दें। पर्दे धोने हैं या नए बदलने हैं, तो इसी समय कर के रख लें। इसके साथ-साथ ग्रिल, बालकनी और चौखट की भी धुलाई कर लें। बाद में सिर्फ डेकोरेशन का काम बचेगा।

5-7 दिन पहले बाथरूम और स्टोर रूम की सफाई

अब बारी है घर के सबसे गंदे हिस्से यानी स्टोर रूम और बाथरूम की सफाई की। फालतू का सामान हट ही गया है, तो इसमें ज्यादा टाइम नहीं लगेगा। हालांकि बाथरूम की टाइल्स क्लीन करने में थोड़ा समय लग सकता है। साथ ही टॉयलेट सीट, सिंक और दूसरे हिस्सों की भारी सफाई वाला काम भी इसी दौरान खत्म कर लें।

दो-तीन दिन पहले करें फर्श साफ

दिवाली से दो तीन दिन पहले घर की फाइनल सफाई करें। इस दौरान आप पूरे घर का फर्श धो कर साफ कर सकते हैं। पूजा वाले रूम को भी धो कर अच्छे से साफ कर लें। इस टाइम तक सफाई का लगभग ज्यादातर काम निपट जाना चाहिए।

एक-दो दिन पहले करें सजावट

सफाई के बाद सिर्फ डेकोरेशन का काम बचता है। दिवाली से एक दो दिन पहले आप घर और मंदिर में लाइट्स लगा सकते हैं। साथ ही तोरण, फूल और दूसरी डेकोरेशन का काम भी शुरू कर सकते हैं। इससे दिवाली वाले दिन आपके पास ज्यादा कुछ करने को नहीं रहेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN