Source :- LIVE HINDUSTAN
इससे पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पिछले सप्ताह यह कहा था कि पीएम मोदी के पास यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए कुछ अच्छे सुझाव हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत ने एक तीन सूत्री प्रस्ताव पेश किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लाख कोशिशों के बाद भी रूस और यूक्रेन के बीच शांति नहीं स्थापित हो पाई। हालांकि अब भारत की कोशिशों से इस इस युद्ध के खत्म होने की उम्मीद जगी है। भारत ने युद्ध खत्म करने के लिए एक सीजफायर प्रस्ताव पेश किया है, जिसे लेकर रूस और यूक्रेन दोनों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बुधवार को कहा कि यूक्रेन युद्ध मामले को सुलझाने के प्रयासों में हम भारत के योगदान का स्वागत करते हैं। इससे पहले यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने भी हाल ही में युद्धविराम के लिए भारत के प्रस्ताव को चार प्रस्तावों में सबसे व्यापक प्रस्ताव बताया था।
अब रूसी प्रवक्ता पेस्कोव ने कहा है कि भारत यूक्रेन से जुड़े हालात को सुलझाने में योगदान देने के लिए तत्परता व्यक्त कर रहा है और रूस भारतीय मित्रों के आभारी हैं। बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू हुए 4 साल से ज्यादा का समय बीत चुका है। अमेरिका इस युद्ध में सुलह कराने की कोशिश कर हार गया लेकिन उसे कोई कामयानी नहीं मिली। अब भारत इसे मुमकिन बना सकता है।
क्या बोले रूसी प्रवक्ता?
दिमित्री पेस्कोव से मीडिया में आई उन खबरों पर प्रतिक्रिया पूछी गई जिसमें कहा जा रहा है कि भारत ने यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए तीन चरणों वाला एक नया प्रस्ताव भेजा है। सरकारी समाचार एजेंसी तास की खबर में पेस्कोव के हवाले से कहा गया है, ”वास्तव में भारत ने यूक्रेन से जुड़े मौजूदा हालात के समाधान में व्यावहारिक योगदान देने को लेकर अपनी तत्परता जाहिर की है।” उन्होंने कहा, ”हम अपने भारतीय मित्रों की इस तत्परता और उनके द्वारा दिए जा रहे सुझावों के लिए आभारी हैं।”
यूक्रेन भी खुश
इससे पहले यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने शुक्रवार को कीव में पत्रकारों से कहा, ”हमारे पास चार प्रस्ताव हैं। इनमें सबसे व्यापक प्रस्ताव भारत का है। हम ऊर्जा क्षेत्र और काला सागर से जुड़े युद्धविराम के लिए तैयार हैं, लेकिन यह तभी संभव होगा जब दोनों को एक साथ लागू किया जाए।” जानकारी के मुताबिक अन्य प्रस्ताव तुर्की, मिस्र और अमेरिका की ओर से आए थे।
भारत के 3-सूत्रीय प्रस्ताव में क्या?
भारत का यह प्रस्ताव युद्ध के सबसे संवेदनशील और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण पहलुओं पर केंद्रित है। इस 3 सूत्री प्रस्ताव में शामिल है-
- ऊर्जा और बुनियादी ढांचे पर हमले रोकना: इसके तहत दोनों पक्षों से एक-दूसरे के एनर्जी प्लांट्स और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना न बनाने की अपील है।
- ब्लैक सी से व्यापार जारी रखना: ब्लैक सी के बंदरगाहों से अनाज और ऊर्जा की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना।
- कमर्शियल शिपिंग की सुरक्षा: ब्लैक सी में आवाजाही करने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर किसी भी तरह के हमलों और गोलाबारी को तुरंत रोकना
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




