Source :- LIVE HINDUSTAN
2026 एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश की एंट्री हो गई है। छह टीमों के इस टूर्नामेंट की 27 अक्टूबर से पंजाब में शुरुआत होने जा रही है।
जालंधर और मोहाली में 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक होने वाली 2026 एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पुरुष हॉकी में मेजबान भारत की नजरें एशियाई स्तर पर दबदबा कायम रखने पर लगी होंगी जबकि पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश को छह टीम के टूर्नामेंट में जगह दी गई है। हॉकी इंडिया द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार छह टीमों के इस टूर्नामेंट में भारत के अलावा जापान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश भाग लेंगे। पंजाब में लगभग दो दशक बाद इस टूर्नामेंट के जरिए अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी हो रही है।
पंजाब के CM ने किया था ये दावा
जापान के आइची नागोया में हाल ही में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय टीम चार बार खिताब जीत चुकी है। पिछले महीने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए पाकिस्तान की भागीदारी का दावा किया था। इस कार्यक्रम में हॉकी इंडिया महासचिव भोलानाथ सिंह समेत वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने जोर देकर कहा था कि भारत की खेल नीति पाकिस्तान को देश में होने वाले बहुराष्ट्रीय खेल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति देती है। बांग्लादेश और ओमान को रिजर्व टीमों में रखा गया था। इसके दो दिन बाद ही पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने भारत में खेलने से इनकार करके एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) से टूर्नामेंट या उसके सभी मुकाबलों को तटस्थ स्थल पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया था।
कब से द्विपक्षीय हॉकी नहीं खेली?
मुंबई में 2008 के आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय हॉकी नहीं खेली गई है। पाकिस्तान ने आखिरी बार भारत में 2023 एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी खेली थी जिसमें छह टीमों में वह पांचवें स्थान पर रहा था। पिछले साल भारत में हुए एशिया कप और जूनियर एशिया कप में भी पाकिस्तान ने भाग नहीं लिया था। भारतीय हॉकी टीम आखिरी बार 2006 में पाकिस्तान में श्रृंखला खेली थी। एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी को लेकर भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन ने हॉकी इंडिया की एक विज्ञप्ति में कहा, ”एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना विशेष उपलब्धि थी लेकिन अब वह बीती बात है और फोकस हीरो एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी पर है। हमें उसी लय को कायम रखना होगा।” पाकिस्तान ने सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए पिछले साल तमिलनाडु में आयोजित एफआईएच जूनियर विश्व कप और एशिया कप से भी अपना नाम वापस ले लिया था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


