Home LIFESTYLE NEWS HINDI नवरात्रि स्पेशल: रुमाल जैसी सॉफ्ट बनेगी कुट्टू की रोटी! बस आटा गूंथते...

नवरात्रि स्पेशल: रुमाल जैसी सॉफ्ट बनेगी कुट्टू की रोटी! बस आटा गूंथते हुए करें ये 5 काम

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नवरात्रि के व्रत में ज्यादातर लोग कुट्टू के आटे की पूड़ी या रोटी खाना पसंद करते हैं। हालांकि अक्सर शिकायत सुनने को मिलती है कि कुट्टू के आटे की रोटियां सॉफ्ट नहीं बनतीं। ऐसे में आप ये छोटी-छोटी 5 टिप्स ध्यान में रख सकते हैं।

नवरात्रि के व्रत में ज्यादातर लोग कुट्टू का आटा खाना पसंद करते हैं। इससे पूड़ी, पकौड़ी और यहां तक रोटी भी बनाई जा सकती हैं। हालांकि बहुत से लोग ये शिकायत करते हैं कि कुट्टू के आटे से बनी रोटी काफी हार्ड होती हैं, जिस वजह से खाने में भी अच्छी नहीं लगतीं। इसलिए लोग आमतौर पर इसकी पूड़ी बनाना ज्यादा पसंद करते हैं। लेकिन अगर आप तला हुआ खाने से परहेज करना चाहते हैं तो कुट्टू के आटे से रोटियां भी बना सकते हैं। अगर सही तरीके से कुट्टू का आटा लगाकर रोटियां बनाई जाएं, तो वो बिल्कुल सॉफ्ट बनती हैं। घी लगाकर ये रोटियां आप व्रत वाली सब्जी के साथ स्वाद ले कर खा सकते हैं। आज हम आपके साथ कुछ टिप्स शेयर कर रहे हैं, जिन्हें फॉलो कर के आप बिल्कुल सॉफ्ट कुट्टू के आटे की रोटी बना सकते हैं।

सॉफ्ट कुट्टू के आटे की रोटी बनाने की टिप्स

टिप 1- आटे में उबला हुआ आलू मिलाएं

कुट्टू की रोटी को सॉफ्ट बनाने के लिए उबला हुआ आलू मिलाया जा सकता है। उबला हुआ आलू आटे की बाइंडिंग में मदद करता है, जिससे रोटी बनाते हुए टूटती नहीं है। अगर आप दो कप के करीब कुट्टू का आटा ले रहे हैं, तो उसमें एक मीडियम साइज का आलू मिलाना काफी रहेगा। इसे आप कद्दूकस कर के या अच्छे से मैश कर के एड कर सकते हैं। बस ध्यान रखें कि आलू में गांठें ना रहें, वरना बेलने में दिक्कत आ सकती है।

स्वाद की टिप- कुट्टू की रोटी को टेस्टी बनाने के लिए आप आटे में बारीक कटा हुआ धनिया पत्ता, हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक मिला सकते हैं।

टिप 2- थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गूंथे आटा

आटा गूंथने के लिए एक बार में बहुत सारा पानी इस्तेमाल ना करें। इससे आटा ढीला और चिपचिपा हो सकता है, जिससे रोटी बेलने में मुश्किल होती है। थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटा गूंथे। इसके लिए बहुत ठंडे पानी के बजाए हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल कर के देखें। आटा अच्छी तरह से गूंथेगा।

टिप 3- आटे को ज्यादा देर के लिए ना रखें

कुट्टू का आटा गेहूं के आटे की तरह लचीला नहीं होता है, इसलिए इसे गूंथने के बाद लंबे टाइम तक रखने से बचें। आटा गूंथने के बाद थोड़ा सा तेल लगाकर इसे अच्छे से कोट कर लें, फिर छोटी-छोटी लोइयां बनाकर तैयार कर लें।

टिप 4- सूखा आटा लगाकर बेलें

कुट्टू की रोटी बेलने में थोड़ी मुश्किल होती है। इसके लिए आप लोई पर सूखा आटा लगाकर धीरे धीरे दबाते हुए गोल आकार दे सकते हैं। अब बेलन की मदद से हल्के हाथों से बेलते हुए रोटी को आकार दें। बेलन की जगह आप प्लास्टिक शीट या बटर पेपर के बीच रखकर भी रोटी बना सकते हैं।

टिप 5- तवे को अच्छी तरह गर्म होने दें

कुट्टू की रोटी ठंडे तवे पर डालने से ठीक से पकती नहीं है, साथ ही ये ड्राई भी हो सकती है। इसलिए रोटी डालने से पहले तवे को अच्छी तरह गर्म कर लें। जैसे ही रोटी की एक तरफ बुलबुले दिखाई देने लगें, इसे दूसरी तरह पलट दें और हल्के ब्राउन स्पॉट आने तक पकाएं। रोटी को फुलाने के लिए गैस की डायरेक्ट फ्लेम पर सेंक लें। गरमा-गरम रोटियां बनकर तैयार हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN