Source :- LIVE HINDUSTAN
सांवली स्किन टोन वाले पुरुष अक्सर शर्ट कलर्स चुनते समय कन्फ्यूज हो जाते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो हम आपके लिए 5 बेस्ट शर्ट कलर्स लेकर आए हैं। ये कलर आपको स्टाइलिश लुक देंगे।
पुरुष कपड़ों के रंग को लेकर अक्सर कन्फ्यूज हो जाते हैं कि कौन सा कलर खिलेगा और कौन सा खराब लगेगा। खासतौर पर सांवली रंगत वाले पुरुष शर्ट खरीदते समय अक्सर कलर को लेकर काफी सोच-विचार करते हैं और कई ऐसे कलर खरीद लेते हैं, जो अच्छे नहीं लगते या फिर ज्यादा ब्राइट दिखते हैं। अगर आपकी स्किन सांवली है और अपने लिए सही शर्ट कलर चुनने को लेकर परेशान रहते हैं, तो हम आपकी मदद के लिए हाजिर हो गए हैं। कुछ ऐसे रंग होते हैं, जो डस्की स्किन टोन पर बेहद खूबसूरत लगते हैं और आपके लुक में चार चांद लगा देंगे। इन रंगों को पहनने पर आपको ओवरऑल परफेक्ट-स्टाइलिश लुक मिलेगा। तो चलिए फिर जानते हैं सांवली स्किन टोन वाले पुरुषों पर कौन से शर्ट कलर्स खूब खिलेंगे।
1. व्हाइट शर्ट
सफेद रंग की शर्ट पुरुषों के वॉर्डरोब का एक क्लासिक हिस्सा है। सांवली रंगत वाले पुरुषों पर इसका कंट्रास्ट काफी अच्छा लग सकता है। अगर आप ऑफिस, किसी मीटिंग या कैजुअल आउटिंग के लिए शर्ट खरीद रहे हैं, तो व्हाइट कलर एक अच्छा विकल्प है। इसे ब्लैक ट्राउजर, ब्लू डेनिम या बेज चिनोज के साथ पहनकर स्मार्ट लुक पा सकते हैं। शर्ट चुनते समय ध्यान रखें कि उसका फैब्रिक अच्छी क्वालिटी का हो और फिटिंग आपके शरीर के हिसाब से सही हो।
2. नेवी ब्लू शर्ट
अगर आपको गहरे रंग पसंद हैं, तो नेवी ब्लू शर्ट आपके लिए अच्छा ऑप्शन रहेगा। यह रंग सांवली स्किन टोन के साथ खूबसूरती से मेल खाता है और लुक को सोफिस्टिकेटेड बनाता है। आप इसे ऑफिस से लेकर डिनर डेट तक के लिए चुन सकते हैं। नेवी ब्लू शर्ट के साथ ग्रे, बेज या व्हाइट ट्राउजर अच्छे लगेंगे।
3. ऑलिव ग्रीन शर्ट
ऑलिव ग्रीन रंग उन पुरुषों के लिए बढ़िया है, जो अपने लुक में थोड़ा बदलाव चाहते हैं। यह अर्थी शेड सांवली रंगत के साथ अच्छा लगता है और कैजुअल आउटफिट को ट्रेंडी बनाता है। ऑलिव ग्रीन शर्ट को ब्लैक जींस, बेज चिनोज या ब्लू डेनिम के साथ पेयर करना सही रहेगा। अगर आप पहली बार इस रंग की शर्ट खरीद रहे हैं, तो ऐसा शेड चुनें जिसमें आपको अच्छा लगे।
4. मैरून शर्ट
सांवली रंगत वाले पुरुषों पर मैरून रंग की शर्ट भी अच्छी लगेगी। यह गहरा रंग आउटफिट को रिच और आकर्षक लुक देता है। पार्टी, फेस्टिवल या शाम के किसी खास इवेंट में मैरून शर्ट पहन सकते हैं। इसे ब्लैक ट्राउजर या डार्क ब्लू डेनिम के साथ ही पेयर करें। मैरून कई शेड्स में आता है, आप अपने हिसाब से चुनें।
5. स्काई ब्लू शर्ट
हल्के रंग पहनना पसंद करते हैं, तो स्काई ब्लू शर्ट को अपने कलेक्शन में जरूर शामिल करें। इसका फ्रेश लुक सांवली रंगत के साथ अच्छा कंट्रास्ट बनाता है। ऑफिस, कॉलेज और दिन के समय होने वाली आउटिंग के लिए यह रंग खासतौर पर अच्छा विकल्प है। स्काई ब्लू शर्ट को नेवी ब्लू ट्राउजर, ग्रे पैंट या डेनिम के साथ पहन सकते हैं।
शर्ट का रंग चुनते समय इन बातों का रखें ध्यान
सांवली स्किन टोन के लिए शर्ट खरीदते समय केवल ट्रेंड को देखकर रंग न चुनें। अपनी पसंद, स्किन के अंडरटोन और पहनने के मौके को भी ध्यान में रखें। हल्के रंग जहां अच्छा कंट्रास्ट देते हैं, वहीं गहरे और अर्थी शेड्स भी काफी स्टाइलिश लग सकते हैं। शर्ट खरीदने से पहले अलग-अलग रंगों को नेचुरल लाइट में खुद पर लगाकर चेक करें, अगर शीशे में अच्छा दिख रहा है, कभी लें। इसके अलावा, शर्ट की फिटिंग पर खास ध्यान दें। बहुत ढीली या जरूरत से ज्यादा टाइट शर्ट आपके लुक को बिगाड़ सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




