Home National news hindi मेरठ का सौरभ राजपूत हत्याकांड: दोषी मुस्कान और साहिल को मौत की...

मेरठ का सौरभ राजपूत हत्याकांड: दोषी मुस्कान और साहिल को मौत की सज़ा

4
0

Source :- BBC INDIA

दोषी साहिल को ले जाते हुए पुलिस (फ़ाइल फ़ोटो)

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 7 मिनट

(चेतावनी: इस ख़बर के कुछ ब्योरे कुछ पाठकों को विचलित कर सकते हैं)

मेरठ की एक अदालत ने सौरभ राजपूत नाम के एक शख़्स की हत्या कर उनके शव को ड्रम में भरने के मामले में उनकी पत्नी मुस्कान और उनके प्रेमी साहिल को मौत की सज़ा सुनाई है.

बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा ने अभियोजना पक्ष के हवाले से इसकी पुष्टि की है.

ज़िला जज अरविंद कुमार ने क़रीब डेढ़ साल बाद यह फ़ैसला सुनाया. दोनों अभियुक्त जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए सुनवाई में शामिल हुए और पूरे समय चुप रहे.

अभियोजन पक्ष के वकील विजय बहादुर ने बताया कि हत्या के मामले में साहिल और मुस्कान को मृत्युदंड की सज़ा सुनाई गई है और कोर्ट ने उन पर 20 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाया है.

इसके अलावा अन्य सेक्शन में सात साल की सज़ा सुनाई गई है.

सज़ा के ऐलान से पहले न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए सीनियर जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया, “पहले सुनवाई हुई और दोनों अभियुक्तों को अलग-अलग पेश किया गया. जज ने उनसे विभिन्न मुद्दों पर सवाल किए, जिनमें फोरेंसिक रिपोर्ट से जुड़े सवाल भी शामिल थे, लेकिन मैं पूछे गए सवालों की जानकारी नहीं देना चाहता.”

मृतक सौरभ के भाई राहुल ने कहा सज़ा से पहले कहा था, “शुरू से ही हमारी एकमात्र उम्मीद यही रही है कि अभियुक्तों को फांसी की सजा मिले.”

उन्होंने कहा, “दोनों अभियुक्त चिंतित और परेशान थे. उन्होंने रात के खाने और नाश्ते में बहुत कम खाना खाया है और पिछले कुछ दिनों से ठीक से सो भी नहीं पा रहे थे. मुस्कान पिछले तीन-चार दिनों से अपनी बड़ी बेटी से मिलने की मांग कर रही है, जिसकी उम्र क़रीब सात साल है, लेकिन अभी तक बच्ची को उससे मिलने नहीं लाया गया है.”

क्या था मामला?

तत्कालीन एएसपी मेरठ आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि हत्या की योजना पहले ही बना ली गई थी

मार्च 2025 में उत्तर प्रदेश के मेरठ से सकते में डाल देने वाली हत्या का एक मामला सामने आया था. पुलिस के मुताबिक़ शहर के सौरभ राजपूत नाम के एक व्यक्ति की हत्या, उसकी पत्नी ने अपने बॉय फ़्रैंड के साथ मिलकर कर दी थी.

29 साल के सौरभ राजपूत लंदन में काम करते थे और फ़रवरी, 2025 में ही वापस लौटे थे.

सौरभ के परिजनों ने मेरठ पुलिस में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी.

जब पुलिस ने जांच शुरू की तो इस जघन्य अपराध की हैरान कर देने वाली जानकारियां सामने आने लगीं.

मेरठ पुलिस ने बताया कि 28 साल की मुस्कान रस्तोगी ने अपने बॉय फ़्रैंड साहिल शुक्ला के साथ मिलकर तीन मार्च को अपने पति सौरभ राजपूत की रात को हत्या कर दी थी.

पुलिस ने एक प्रेसवार्ता कर बताया कि शव को एक ड्रम में डालकर कंक्रीट भर दिया गया था.

पुलिस उस ड्रम को कब्ज़े में लेकर थाने ले आई और फिर कटर से ड्रम काटकर शव को बाहर निकाला गया.

सौरभ राजपूत के बड़े भाई राहुल उर्फ़ बब्लू की तहरीर पर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी.

एएसपी मेरठ आयुष विक्रम सिंह ने इस हत्याकांड के बारे में मीडिया को बताया, “सौरभ राजपूत को चार मार्च से देखा नहीं गया था. शक के आधार पर पत्नी मुस्कान और उनके प्रेमी साहिल शुक्ला को पूछताछ के लिए बुलाया गया था.”

“पूछताछ में पता चला कि साहिल ने मुस्कान के साथ मिलकर सौरभ की हत्या कर दी थी. हत्या के बाद शव के अलग-अलग हिस्से एक ड्रम में डालकर उसे सीमेंट और रेत के घोल से भर दिया था. इसके बाद दोनों अभियुक्त घूमने के लिए शिमला, मनाली और कसौली चले गए.”

मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाक़े के रहने वाले सौरभ राजपूत ने साल 2016 में घर से थोड़ी दूर ही रहने वाली मुस्कान रस्तोगी के साथ प्रेम विवाह किया था.

दोनों की शादी परिवार के विरोध के बावजूद हुई थी. साल 2019 में मुस्कान ने एक बेटी को जन्म दिया.

तलाक़ की नौबत

मामले के सामने आने के बाद दोनों अभियुक्तों को पुलिस ने मीडिया के सामने पेश किया था (फ़ाइल फ़ोटो)

पुलिस के मुताबिक़, आर्थिक स्थिति ख़राब होने की वजह से सौरभ की अपने माता पिता से भी अनबन हो गई थी, जिसके बाद वह मुस्कान के साथ पड़ोस के इंदिरा नगर में रहने लगे.

सौरभ की ग़ैर मौजूदगी में मुस्कान और साहिल शुक्ला के बीच करीबी बढ़ी.

एएसपी आयुष विक्रम सिंह ने बताया, “27 साल के साहिल, सौरभ के घर से थोड़ा फासले पर ही रहते थे. वह और मुस्कान कक्षा आठ में सहपाठी भी रह चुके थे. साहिल ने बीकॉम तक पढ़ाई की है और ऑनलाइन ट्रेडिंग कारोबार से जुड़े हुए थे.”

उनके मुताबिक़, जब सौरभ को अपनी पत्नी और साहिल के बीच संबंध की बात पता चली तो उन्होंने साल 2021 में तलाक़ के लिए क़ानूनी रास्ता अख़्तियार किया, लेकिन एक छोटी बच्ची होने के चलते घरवालों के समझाने के बाद शिकायत वापस ले ली.

लेकिन दोनों के बीच अक्सर तनाव बना रहा.

3-4 मार्च को क्या हुआ

पुलिस ने कहा है कि पूछताछ में मुस्कान ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.

मुस्कान ने तब पुलिस को बताया था कि दो साल पहले सौरभ लंदन में काम करने के लिए चले गए थे. इस दौरान मुस्कान और साहिल के बीच दोस्ती और बढ़ गई.

मुस्कान ने पुलिस को बताया कि सौरभ का पासपोर्ट एक्सपायर होने वाला था और उसे रिन्यू कराने के लिए वह 24 फ़रवरी को भारत आ रहे थे.

पुलिस के मुताबिक़, हत्या के लिए मुस्कान और साहिल ने पहले ही पूरी योजना बना ली थी और चाकू और बेहोशी की दवाएं खरीद ली थीं.

हत्या के दिन यानी तीन मार्च की रात मुस्कान ने सौरभ के खाने में बेहोशी की दवाइयां मिला दीं. और जब वह बेहोश हो गए तो साहिल ने सौरभ का हाथ पकड़ा और मुस्कान ने चाकू से कई वार किए.

पुलिस के अनुसार दोनों ने सबूत मिटाने के लिए कमरे को ब्लीचिंग पाउडर से धो दिया गया था.

चार मार्च को मुस्कान ने बाज़ार से ड्रम और सीमेंट ख़रीदा और फिर शव को सीमेंट के साथ भर दिया गया.

कैसे खुला राज़

मृतक सौरभ राजपूत की पुरानी तस्वीर (फ़ाइल)

पुलिस के अनुसार, शव छिपाने के बाद मुस्कान ने अपनी बेटी को माँ के पास छोड़ा और वो साहिल के साथ घूमने चली गई.

पुलिस का कहना है कि शादी के बाद से ही सौरभ को उसके परिजनों ने बेदख़ल कर दिया था और उससे बहुत संपर्क नहीं रखा था. इसीलिए यह बात कई दिनों तक पता नहीं चल सकी.

17 मार्च को जब मुस्कान लौटी तो उसकी छह वर्षीय बेटी ने पिता सौरभ के बारे में पूछा. इस पर मुस्कान भावुक हो गई. वह अपने मायके पहुंची और सौरभ की हत्या का इल्ज़ाम अपने ससुराल पक्ष पर लगाने लगी, हालांकि मुस्कान के परिजनों को भरोसा नहीं हुआ तो वे उसे ख़ुद थाने ले गए.

पूछताछ में मुस्कान ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया जिसके बाद ड्रम बरामद किया गया.

सौरभ के भाई ने क्या कहा था

पुलिस का कहना है कि सौरभ के शव को इसी ड्रम में रखा गया था

सौरभ तीन भाई बहनों में सबसे छोटे थे. उनके भाई राहुल उर्फ बब्लू ने बीबीसी से कहा, “मेरे भाई को ज़ालिमों ने मार डाला. मुस्कान ने ही मेरे भाई को परिवार से छीन कर अलग किया था, इसमें कोई बड़ी साज़िश भी हो सकती है. मुझे मुस्कान के घरवालों की संलिप्ता का शक है. जो भी क़ुसूरवार हो इसे कड़ी सज़ा मिले.”

सौरभ जिस मकान में रहते थे, उसके मकान मालिक ओमपाल सिंह ने बीबीसी से कहा, “मुझे बिल्कुल यक़ीन नहीं हुआ कि मुस्कान ऐसा कुछ कर सकती है.”

उधर मुस्कान का परिवार भी उसके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा था. मुस्कान रस्तोगी की माँ और पिता ने अपनी बेटी को समाज के लिए ख़तरनाक बताते हुए मौत की सज़ा की मांग की थी.

समाचार एजेंसी एएनआई से उन्होंने कहा, “मेरी बेटी ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर अपने ही रूम में अपने पति का मर्डर कर दिया. वो इस समाज के लायक नहीं है और दूसरों के लिए भी ख़तरनाक है…उसे सजाए मौत होनी चाहिए.”

एएनआई ने मुस्कान की मां ने भी बात की. मां ने कहा कि सौरभ बहुत अच्छा लड़का था और उनकी बेटी ने उसके साथ ग़लत किया.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS