Home LIFESTYLE NEWS HINDI सिर्फ गिफ्ट और केक नहीं! बच्चे के जन्मदिन पर शुरू करें ये...

सिर्फ गिफ्ट और केक नहीं! बच्चे के जन्मदिन पर शुरू करें ये 7 परम्पराएं, यादगार बनेगा हर साल

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बच्चे का जन्मदिन सिर्फ केक काटकर या गिफ्ट दे कर सेलिब्रेट ना करें, साथ में ये छोटी-छोटी चीजें भी आप कर सकते हैं। इससे बच्चे का जन्मदिन यादगार बनेगा। खासकर बड़े हो कर बच्चे के पास अपने बर्थडे से जुड़ी बहुत सारी स्पेशल मेमोरीज होंगी।

बच्चों का जन्मदिन हर पैरेंट्स के लिए बेहद खास होता है। इस दिन घर में खुशियां होती हैं, बच्चे भी खूब एक्साइटेड रहते हैं और पूरा घर मिलकर सेलिब्रेट करता है। लेकिन जन्मदिन की असली खुशी सिर्फ केक काटने और पार्टी करने तक ही नहीं होती। यह दिन बच्चे को अपना प्यार जताने और उसके साथ खूबसूरत यादें बनाने का भी मौका देता है। बचपन में बिताए गए छोटे-छोटे पल आगे चलकर बहुत खास बन जाते हैं। इसलिए इस बार बच्चे के जन्मदिन को कुछ अलग और यादगार बनाने की कोशिश करें। आइए जानते हैं कुछ ऐसी प्यारी परंपराओं के बारे में, जिन्हें आप हर साल अपने बच्चे के जन्मदिन पर अपना सकते हैं।

सुबह प्यार से करें दिन की शुरुआत

बच्चे के जन्मदिन की शुरुआत एक प्यारी सी हग और मुस्कान के साथ करें। सुबह उठते ही उसे गले लगाएं और बताएं कि उसका आपकी जिंदगी में आना आपके लिए कितनी बड़ी खुशी की बात है। उसे महसूस कराएं कि वह आपके लिए बहुत स्पेशल है और आप उससे कितना प्यार करते हैं।

हर साल बच्चे के लिए खत लिखें

हर जन्मदिन पर अपने बच्चे के लिए एक छोटा-सा लेटर लिखें। इसमें बताएं कि बीते साल उसकी कौन-सी बात आपको सबसे अच्छी लगी और किस काम के लिए आपको उस पर गर्व हुआ। अगर उसने किसी की मदद की, कोई नई चीज सीखी या किसी मुश्किल काम को करने की कोशिश की, तो उसका जिक्र जरूर करें। लेटर को तारीख के साथ संभालकर रखें। जब बच्चा बड़ा होगा, तो इन लेटर को पढ़कर अपने बचपन की यादें ताजा कर सकेगा। यह उसके लिए एक खास गिफ्ट होगा।

पुरानी तस्वीरों के साथ यादें ताजा करें

बच्चे के जन्मदिन पर उसके बचपन की पुरानी तस्वीरें और वीडियो देखने के लिए कुछ समय जरूर निकालें। उसे उसकी शरारतों, पहली बार स्कूल जाने और परिवार के साथ बिताए खास पलों के बारे में बताएं। अगर घर में दादा-दादी या नाना-नानी हैं, तो उन्हें भी पुराने किस्से सुनाने के लिए कहें। इससे सभी को साथ में अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा। आप हर साल कुछ खास तस्वीरें अलग रख सकते हैं, ताकि बाद में बच्चे के बड़े होने का सफर देखना और भी मजेदार लगे।

बच्चे के मन की बात सुनें

जन्मदिन पर बच्चे के साथ बैठकर उसके मन की बातें जरूर सुनें। उससे पूछें कि बीते साल में उसे सबसे ज्यादा खुशी किस बात से मिली और क्या कोई ऐसी बात थी, जिससे उसे दुख हुआ। आप यह भी जान सकते हैं कि वह किस मामले में चाहता है कि आप उसे बेहतर समझें। उसकी बात सुनते समय बीच में ना टोकें और ना ही तुरंत सलाह देने लगें। पहले उसकी भावनाओं को समझने की कोशिश करें। इससे बच्चे को भरोसा होगा कि वह आपके साथ खुलकर बात कर सकता है।

फैमिली लव ट्रेडीशन बनाएं

हर जन्मदिन पर परिवार के सभी सदस्यों को साथ बैठाएं और बच्चे की एक अच्छी बात बताने के लिए कहें। कोई उसकी मदद करने की आदत की तारीफ कर सकता है, तो कोई उसकी मेहनत या समझदारी की। कोशिश करें कि हर सदस्य बच्चे की किसी खास खूबी के बारे में बताए। इससे उसे पता चलेगा कि परिवार के लोग उसकी किन बातों को पसंद करते हैं। इस छोटी-सी परंपरा से जन्मदिन पर प्यार जताने का एक खास मौका मिलेगा।

हर जन्मदिन पर एक पौधा लगाएं

बच्चे के जन्मदिन पर उसके साथ एक पौधा लगाएं। इसके लिए घर में गमले या बालकनी की जगह भी काफी है। पौधा लगाते समय बच्चे को भी मिट्टी डालने और पानी देने जैसे कामों में शामिल करें। हर साल जन्मदिन पर उस पौधे को देखें और उसकी ग्रोथ को फील करें। आप चाहें तो पौधे के साथ बच्चे की तस्वीर भी ले सकते हैं।

एक दिन सिर्फ बच्चे के नाम करें

बच्चे के जन्मदिन पर उसके साथ समय बिताने का प्लान बनाएं। उसकी पसंद का खाना बनाएं, उसके साथ गेम खेलें या कोई ऐसी एक्टिविटी करें, जो उसे पसंद हो। आप घर पर फिल्म देख सकते हैं या उसकी पसंदीदा जगह पर घूमने जा सकते हैं। इस दौरान फोन और दूसरे कामों में कम उलझें, ताकि बच्चे को आपका पूरा ध्यान मिले।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN