Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल और टेलीकॉम इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के IPO ने शेयर बाजार में हलचल बढ़ा दी है
- गुरुवार, 15 अक्टूबर को टेलीकॉम शेयरों में खरीदारी देखने को मिली
रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने आईपीओ के लिए कदम बढ़ा दिए हैं। बीते बुधवार को कंपनी ने आईपीओ के लिए इश्यू प्राइस का ऐलान किया। इस ऐलान के अगले दिन गुरुवार को टेलीकॉम शेयरों में हलचल मच गई। रिलायंस जियो की कॉम्पिटिटर कंपनी भारती एयरटेल के शेयर में तगड़ा उछाल आया तो वोडाफोन आइडिया और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी तेजी दर्ज की गई।
किस शेयर का क्या हाल?
Bharti Airtel: भारती एयरटेल के शेयर की बात करें तो 4 फीसदी की बढ़त के साथ इंट्राडे में ₹1869 तक पहुंच गया। हालांकि, यह अभी भी अपने 52 सप्ताह के उच्च स्तर ₹2174.70 से करीब 13 फीसदी नीचे है। शेयर ने 1 अक्टूबर 2026 को ₹1726.05 का 52-सप्ताह का निचला स्तर छुआ था।
Vodafone Idea: वोडाफोन-आइडिया के शेयर की बात करें तो 1.2 फीसदी चढ़कर इंट्राडे में ₹12.88 तक पहुंच गया। इस शेयर ने सितंबर 2026 में ₹15.78 का 52-सप्ताह का उच्च स्तर और अप्रैल 2026 में ₹8.14 का निचला स्तर छुआ था
Reliance Industries: जियो की पैरेंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर करीब 1 फीसदी बढ़कर ₹1186 तक पहुंच गया। इसके बावजूद शेयर अपने जनवरी 2026 के 52-सप्ताह के उच्च स्तर ₹1,611.20 से लगभग 26 फीसदी नीचे है। अक्टूबर में इसने ₹1,152.30 का निचला स्तर छुआ था।
जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ की डिटेल
जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने अपने IPO के लिए 1065 से 1119 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। बुधवार को दी गई नियामकीय सूचना के मुताबिक, इश्यू में 10 रुपये अंकित मूल्य वाले अधिकतम 27 करोड़ इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, बड़े संस्थागत यानी एंकर निवेशकों के लिए बोली प्रक्रिया 19 अक्टूबर को होगी।
जियो प्लेटफॉर्म्स के निदेशक मंडल की आईपीओ समिति ने बुधवार को हुई बैठक में शेयरों का प्राइस बैंड मंजूर किया। पात्र कर्मचारी आरक्षित हिस्से में बोली लगाने पर प्रति शेयर 54 रुपये की छूट पाएंगे। निवेशकों को कम-से-कम 12 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। इसके बाद 12 शेयरों के गुणक में बोली लगाई जा सकेगी। इस तरह, ऊपरी मूल्य स्तर पर एक लॉट की कीमत 13,428 रुपये होगी।
शेयरहोल्डिंग डिटेल : जियो प्लेटफॉर्म्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज की 66.43% हिस्सेदारी है। मेटा प्लेटफॉर्म्स की ‘जादू होल्डिंग्स’ के जरिए 9.98% हिस्सेदारी है जबकि गूगल इंटरनेशनल के पास 7.73% हिस्सेदारी है। अन्य निवेशकों में KKR, विस्टा इक्विटी पार्टनर्स, सिल्वर लेक, मुबाडला इन्वेस्टमेंट कंपनी, जनरल अटलांटिक और अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी शामिल हैं। इन शेयरों को BSE और NSE दोनों पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है।
RIL के निवेशकों को क्या करना चाहिए?
जियो की लिस्टिंग से रिलायंस इंडस्ट्रीज के निवेशकों को फायदा मिलने की संभावना पर बाजार की नजर है। तकनीकी नजरिये से आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स के सीनियर मैनेजर-जिगर एस.पटेल के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज के डेली चार्ट पर बुलिश डाइवर्जेंस के संकेत दिख रहे हैं। विशेषज्ञ के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर के लिए ₹1,160 का स्तर अहम सपोर्ट है। अगर शेयर इसके ऊपर बना रहता है तो रिकवरी की संभावना कायम रह सकती है। वहीं, ₹1,230 का स्तर महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस है। इसके ऊपर मजबूती से टिकने पर नई खरीदारी आ सकती है और शेयर में आगे बढ़त का रास्ता खुल सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




