Source :- LIVE HINDUSTAN
नवरात्रि व्रत में वही साबूदाना की खीर और खिचड़ी खा कर बोर हो गए हैं, तो एक बार ये रसमलाई जरूर बनाकर ट्राई करें। मुंह में घुलने वाली ये टेस्टी रसमलाई खा कर आपको मजा आ जाएगा। बेस्ट बात है कि इसे बनाने में ज्यादा टाइम भी नहीं लगता और मेहनत भी नहीं।
नवरात्रि में कई लोग पूरे नौ दिनों का उपवास रखते हैं। ऐसे में रोज वही साबूदाना की खीर, पराठे या खिचड़ी खा कर बोर हो गए हैं, तो मीठे में ठंडी-ठंडी रसमलाई बनाकर तैयार कर सकते हैं। इस फलाहारी रसमलाई को आप व्रत में खा सकते हैं और माता रानी को इसका भोग भी लगा सकते हैं। सिर्फ दो गिलास दूध से बनने वाली ये साबूदाना रसमलाई बहुत टेस्टी लगती है और बनाने में भी एकदम आसान है। व्रत में कुछ मीठा खाने की क्रेविंग हो तो सिंपल खीर बनाने की जगह ये रसमलाई बनाकर ट्राई करें। इसके लिए आपको ज्यादा चीजों की भी जरूरत नहीं होगी। तो चलिए फटाफट से साबूदाना रसमलाई की रेसिपी जान लेते हैं।
साबूदाना रसमलाई बनाने के लिए सामग्री
नवरात्रि व्रत में साबूदाना रसमलाई बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- साबूदाना (1 कप), फुल क्रीम दूध (2 गिलास), चीनी (स्वादानुसार), मिल्क पाउडर (3 चम्मच), देसी घी (2 चम्मच), इलायची पाउडर (आधा चम्मच), कटे हुए ड्राई फूट्स (गार्निशिंग के लिए)।
नवरात्रि व्रत में बनाएं साबूदाना की फलाहारी रसमलाई
स्टेप 1- साबूदाना को भिगोकर रखें
रसमलाई बनाने के लिए सबसे पहले साबूदाना को दो से तीन बार पानी में अच्छी तरह धो लें। फिर लगभग 1 घंटे के लिए इसे भिगोकर रख दें। ये फूलकर सॉफ्ट हो जाएगा।
स्टेप 2- रसमलाई का मिश्रण तैयार करें
एक मिक्सर जार में भिगोकर रखा हुआ साबूदाना, दो चम्मच चीनी और थोड़ा सा मिल्क पाउडर डालकर पीस लें। ध्यान रहे इस दौरान पानी का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना है। अब इस पेस्ट को एक थाली में निकाल लें, फिर दो चम्मच घी डालकर आटे की तरह गूंथ लें। तैयार मिश्रण से आपको रसमलाई के लिए छोटी-छोटी बॉल्स बना लेनी हैं।
स्टेप 3- दूध पकाकर तैयार करें
दो गिलास फुल क्रीम दूध को उबलने के लिए गैस पर चढ़ाएं। जैसे ही ये गर्म हो जाए इसमें फ्लेवर के लिए इलायची पाउडर और स्वादानुसार चीनी एड करें। अब दूध में अच्छे से उबाल आने दें, ताकी चीनी अच्छे से दूध में मिक्स हो जाए। इस दौरान दूध को बीच-बीच में चलाते भी रहें।
स्टेप 4- दूध में डालें साबूदाना की बॉल्स
अब गर्म दूध में एक एक कर के सारी साबूदाना बॉल्स डाल दें। आप देखेंगे कि ये ऊपर की तरह आने लगी हैं। इस दौरान गैस की फ्लेम धीमी कर दें और 10-12 मिनट के लिए इन्हें दूध में पकने दें। दूध गाढ़ा हो जाएगा और रसमलाई भी अच्छे से पक जाएगी।
स्टेप 5- गार्निशिंग करें
रसमलाई बनने के बाद ऊपर से कटे हुए ड्राई फ्रूट्स एड करें। सर्व करने से पहले आप इसे फ्रिज में रख सकते हैं। ठंडी-ठंडी रसमलाई खाने में और भी ज्यादा टेस्टी लगती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




