Source :- LIVE HINDUSTAN
खाने की खुशबू और जायका बढ़ाने के लिए कसूरी मेथी का इस्तेमाल खूब होता है। इसी से जुड़ा एक कुकिंग हैक काफी पसंद किया जा रहा है। अगर इस तरह आप किसी भी डिश में कसूरी मेथी डालेंगे, तो यकीन मानिए उसका स्वाद और खुशबू दोनों दोगुने हो जाएंगे।
खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने में कई बार छोटी-छोटी कुकिंग टिप्स भी काफी कारगर साबित होती हैं। सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसी टिप्स वायरल होती रहती हैं, जो वाकई खाने के स्वाद में काफी असर डालती हैं। कसूरी मेथी से जुड़ा एक ऐसा ही हैक काफी पसंद किया जा रहा है। आमतौर पर आप कसूरी मेथी को हाथों से मसलकर खाने में डाल देते होंगे। लेकिन फिर भी हलवाई वाला अरोमा और स्वाद मिसिंग रहता होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि सिर्फ हाथों से मसलने पर कसूरी मेथी का फ्लेवर पूरी तरह रिलीज नहीं हो पाता है। ऐसे में ये हैक आपके बड़े काम आ सकता है। इस हैक के मुताबिक अगर गर्म प्रेशर कुकर पर कसूरी मेथी को रोस्ट करने के बाद किसी भी डिश में डाला जाए, तो उसका स्वाद और खुशबू दोगुने हो जाते हैं। आइए इस हैक के बारे में विस्तार से जानते हैं।
गर्म कुकर पर कसूरी मेथी वाला कुकिंग हैक क्या है?
इस वायरल कुकिंग हैक के मुताबिक किसी भी डिश में कसूरी मेथी डालने से पहले उसे प्रेशर कुकर पर हल्का सा रोस्ट कर लें। बहुत ज्यादा नहीं, सिर्फ 10-20 सेकंड के लिए इसे कुकर के गर्म ढक्कन पर हल्का भून लेना है, फिर हाथों से मसलकर सब्जी या किसी दूसरी डिश में एड कर देना है। इस हैक के मुताबिक कसूरी मेथी को हल्का रोस्ट करने से इसका अरोमा और फ्लेवर पूरी तरह निकलकर आता है, जिससे बिल्कुल रेस्टोरेंट स्टाइल टेस्ट मिलता है।
क्या वाकई रोस्ट करने से स्वाद बेहतर होता है?
आमतौर पर लोग कसूरी मेथी को हाथों से क्रश कर के डिश में डाल देते हैं। लेकिन कुकिंग एक्सपर्ट्स और बड़े-बड़े रेस्टोरेंट के शेफ हमेशा इसे पहले हल्का सा रोस्ट करते हैं, इसके बाद क्रश कर के सब्जी में मिलाते हैं। दरअसल हल्की हीट से कसूरी मेथी की खुशबूदार पत्तियां टूटती हैं और उनका अरोमा और फ्लेवर खाने में बेहतर तरीके से आता है।
कुकर की जगह तवे या पैन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं
अगर आप कुकर में छोले, आलू या दाल जैसी कोई भी डिश बना रहे हैं तो अलग से तवा या पैन निकालने की जरूरत नहीं है। प्रेशर कुकर के गर्म ढक्कन पर ही कसूरी मेथी को हल्का सा रोस्ट किया जा सकता है। हालांकि अगर कुकर का इस्तेमाल नहीं हो रहा है तो किसी पैन या तवे पर इसे भून लें और उसके बाद ही डिश में एड करें।
खाने में कब डालनी चाहिए कसूरी मेथी?
कोई भी दाल, सब्जी या ग्रेवी बना रहे हैं तो कसूरी मेथी हमेशा सबसे लास्ट में एड करनी चाहिए। इसके बाद सिर्फ 1-2 मिनट के लिए ही डिश को पकाएं। इससे कसूरी मेथी का फ्लेवर और अरोमा बरकरार रहता है। वहीं अगर आप पराठे या कोई स्टफिंग तैयार कर रहे हैं, तो उसमें कसूरी मेथी मिला सकते हैं।
ध्यान रखें ये जरूरी बात
कसूरी मेथी को सिर्फ 10-20 सेकंड के लिए ही रोस्ट करें। ज्यादा देर गर्म करने से इसका स्वाद कड़वा हो सकता है। साथ ही इसका इस्तेमाल कम मात्रा में ही करना चाहिए। ज्यादा कसूरी मेथी डालने से डिश का स्वाद बदल सकता है और खुशबू ओवर लग सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




