Source :- LIVE HINDUSTAN
Apple iPhone Duo की प्री-बुकिंग शुरू होते ही शुरुआती स्टॉक तेजी से खत्म हो गया है। अब रिपोर्ट्स हैं कि भारत में इस फोल्डेबल स्मार्टफोन को खरीदने के लिए ग्राहकों को अब लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
Apple के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo को लेकर ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। 16 अक्टूबर 2026 को प्री-बुकिंग शुरू होने के कुछ ही समय बाद फोन के शुरुआती स्टॉक खत्म हो गया और नए ऑर्डर करने वाले ग्राहकों को अब लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। इकनोमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में प्री-ऑर्डर शुरू होने के करीब एक घंटे के अंदर ही डिलीवरी की तारीख जनवरी 2027 तक पहुंच गई।
वहीं CNBC TV 18 की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में Apple के ऑनलाइन स्टोर, मोबाइल नेटवर्क कंपनियों और प्रमुख रिटेलर्स के यहां सुबह 8:00 बजे (अमेरिकी समय) प्री-बुकिंग शुरू हुई। सुबह 8:03 बजे तक बेस मॉडल की 23 अक्टूबर वाली डिलीवरी स्लॉट खत्म हो गई। सुबह 8:10 बजे तक अमेरिका की सभी प्रमुख मोबाइल नेटवर्क कंपनियों और Apple के ऑनलाइन स्टोर पर डिलीवरी की तारीख बढ़कर नवंबर के आखिरी हफ्ते तक पहुंच गई। सुबह 8:30 बजे तक 512GB और 1TB जैसे ज्यादा वाले मॉडल की डिलीवरी तारीख बढ़कर 25 जनवरी 2027 हो गई। दोपहर 12:00 बजे तक अमेरिका के Apple Store पर हर रंग और स्टोरेज वेरिएंट के लिए डिलीवरी की तारीख जनवरी के आखिरी हफ्ते तक पहुंच गई।
Apple ने कहा कि उसके पहले फोल्डेबल iPhone, iPhone Duo की प्री-बुकिंग को ग्राहकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। कंपनी ने बताया कि वह जल्द से जल्द फोन ग्राहकों तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है। साथ ही, Apple ने यह भी साफ किया कि ऑनलाइन ऑर्डर लेना जारी रहेगा। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया है कि 23 अक्टूबर से फोन की बिक्री शुरू होने पर उन ग्राहकों के लिए स्टॉक उपलब्ध होगा या नहीं, जो प्री-बुकिंग नहीं कर पाए।
भारत में इतनी है iPhone Duo की कीमत
Apple iPhone Duo की शुरुआती कीमत भारत में 2,99,900 रुपए है। यह 256GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल की कीमत है। वहीं 2TB स्टोरेज वाले टॉप वेरिएंट की कीमत 4,49,900 रुपए है।
iPhone Duo में मिलते हैं ये फीचर्स
डिस्प्ले: iPhone Duo की सबसे बड़ी खासियत फोल्डेबल डिस्प्ले है। फोन बंद होने पर इसमें 5.4 इंच की बाहरी स्क्रीन मिलती है। वहीं, इसे खोलने पर 7.6 इंच की बड़ी अंदरूनी स्क्रीन इस्तेमाल की जा सकती है। दोनों डिस्प्ले Super Retina XDR तकनीक और ProMotion सपोर्ट के साथ आते हैं। फोन में Split View फीचर दिया गया है, जिसकी मदद से दो ऐप एक साथ चलाए जा सकते हैं। यूजर एक तरफ वीडियो देख सकता है और दूसरी तरफ मैसेज या नोट्स इस्तेमाल कर सकता है।
कैमरा और प्रोसेसर भी हैं खास: Apple iPhone Duo में A20 Pro प्रोसेसर दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह फोन को तेज परफॉर्मेंस देने के लिए बनाया गया है। इसमें डुअल 48MP रियर कैमरा सेटअप मिलता है, जबकि फ्रंट में 12MP Center Stage कैमरा दिया गया है।
बैटरी: बैटरी के लिए इसमें डुअल-बैटरी आर्किटेक्चर का इस्तेमाल किया गया है। Apple का दावा है कि यह पूरे दिन इस्तेमाल के लिए बैटरी बैकअप दे सकता है। इसमें USB-C चार्जिंग के साथ 25W MagSafe और Qi2 सपोर्ट भी मिलता है। फोन iOS 27.1 पर काम करता है और इसमें Apple Intelligence के फीचर दिए गए हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




