Source :- LIVE HINDUSTAN
एशियाई पैरा खेल 2026 में भारत की बेटियों ने कमाल का प्रदर्शन किया है। सौम्या ने भारत को महिलाओं की 1500 मीटर टी12/13 प्रतिस्पर्धा में गोल्ड मेडल दिलाया है, जबकि राधा वेंकटेश को सिल्वर मेडल मिला है। रिंकू सिंह ने भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है।
एशियाई पैरा खेल 2026 में सोमवार को भारत की सौम्या महिलाओं की 1500 मीटर टी12/13 स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं हमवतन राधा वेंकटेश को रजत पदक मिला।
आज आइची नगोया में हुई स्पर्धा में एशियाई पैरा खेल में पहली बार हिस्सा ले रहीं सौम्या ने 5:12.39 (621 अंक) के अपने अब तक के सबसे बेहतरीन समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं राधा वेंकटेश ने 5:30.90 (421 अंक) के समय के साथ रजत पदक जीता। 2022 एशियाई पैरा खेलों में, राधा 5:19.35 के समय के साथ पहले स्थान पर रहीं थी। सामान्य भाषा में समझें तो सौम्या ने पांच मिनट 12.39 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि राधा ने पांच मिनट 30.90 सेकेंड में दौड़ पूरी करके रजत पदक हासिल किया। दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए आयोजित इस स्पर्धा में सौम्या के गाइड कुमार भरत थे जबकि राधा के साथ गोविंद सोलंकी ने गाइड की भूमिका निभाई। जापान की माना सासाकी तीसरे स्थान पर रहीं।
टी11 से टी13 तक की स्पर्धाएं दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए होती हैं। टी11 वर्ग में ऐसे खिलाड़ी भाग लेते हैं जिन्हें बिलकुल दिखाई नहीं देता या वे लगभग पूरी तरह दृष्टिहीन होते हैं जबकि टी13 वर्ग में गंभीर दृष्टिबाधिता होती है। टी12 वर्ग के खिलाड़ियों की दृष्टिबाधिता इन दोनों वर्गों के बीच होती है।
रिंकू सिंह ने भाला फेंक स्पर्धा में जीता स्वर्ण
भारत के रिंकू ने भी एशियाई पैरा खेलों की पुरुषों की भाला फेंक एफ46 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता जबकि उनके हमवतन अजीत सिंह ने रजत पदक हासिल किया। रिंकू ने 65.11 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने अजीत को महज नौ सेंटीमीटर के अंतर से पीछे छोड़ा। अजीत ने 65.02 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। तीन खिलाड़ियों की इस स्पर्धा में इंडोनेशिया के आर सत्योनो ने 55.30 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक हासिल किया। एफ46 वर्ग उन खिलाड़ियों के लिए है जिनके हाथ में कोहनी के ऊपर या नीचे विच्छेदन हुआ हो या उन्हें इसी तरह की शारीरिक अक्षमता हो।
खबर अपडेट हो रही है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



