Home - WhatsApp पर बिना नंबर शेयर किए कर सकेंगे चैट, जल्द आ रहा...

WhatsApp पर बिना नंबर शेयर किए कर सकेंगे चैट, जल्द आ रहा नया फीचर

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

WhatsApp एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है, जिसकी मदद से यूजर्स अपना मोबाइल नंबर शेयर किए बिना दूसरे लोगों से चैट कर सकेंगे। भारत में इस फीचर को लेकर सुरक्षा और प्राइवेसी से जुड़े सवाल भी उठे हैं। अब फिर इसके रोलआउट की चर्चा है:

WhatsApp Username Feature: WhatsApp अपने यूजर्स के लिए Username फीचर पर काम कर रहा है। इस सुविधा के जरिए लोग अपना मोबाइल नंबर बताए बिना किसी नए व्यक्ति से बातचीत शुरू कर सकेंगे। इसके लिए यूजर को एक अलग यूजरनेम चुनना होगा, जिसे वह दूसरे व्यक्ति के साथ शेयर कर सकता है। सरकार को आशंका है कि अगर लोग केवल यूजरनेम के जरिए एक-दूसरे से कांटेक्ट कर सकेंगे, तो कुछ लोग इसका इस्तेमाल फर्जी पहचान बनाकर धोखाधड़ी करने के लिए कर सकते हैं। ऐसे में WhatsApp के इस नए फीचर एक रोलआउट को लेकर फिर चर्चा शुरू हो गई है।

WhatsApp Username फीचर क्या है?

अभी WhatsApp पर किसी ऐसे व्यक्ति से बातचीत शुरू करने के लिए आमतौर पर उसका मोबाइल नंबर चाहिए, जिसका नंबर आपके फोन में सेव नहीं है। Username फीचर आने के बाद यूजर अपने लिए एक अलग पहचान चुन सकेंगे। WhatsApp के मुताबिक, यूजरनेम एक ऑप्शनल सुविधा होगी। यानी इसे इस्तेमाल करना सभी के लिए जरूरी नहीं होगा। जो लोग अपना यूजरनेम नहीं बनाना चाहते, वे पहले की तरह फोन नंबर के जरिए WhatsApp इस्तेमाल कर सकेंगे। यह सुविधा खासकर उन लोगों के काम आ सकती है, जो ऑनलाइन कारोबार करते हैं या किसी नए व्यक्ति से बातचीत के दौरान अपना निजी नंबर साझा नहीं करना चाहते।

मोबाइल नंबर की जगह यूजरनेम से होगी पहचान

इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा प्राइवेसी से जुड़ा है। अभी किसी अनजान व्यक्ति के साथ WhatsApp पर बातचीत शुरू करने के लिए मोबाइल नंबर देना है। हालांकि, WhatsApp अकाउंट बनाने के लिए मोबाइल नंबर जरूरी रहेगा। जिन लोगों के पास आपका नंबर पहले से मौजूद है, वे अब भी उसी नंबर के जरिए आपसे कांटेक्ट कर सकते हैं।

भारत सरकार को क्यों है इस फीचर से परेशानी

भारत सरकार ने WhatsApp के Username फीचर को लेकर फर्जी पहचान और ऑनलाइन धोखाधड़ी की आशंका जताई थी। Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई 2026 में सरकार ने WhatsApp से फीचर के काम करने के तरीके और सुरक्षा उपायों पर जवाब मांगा था। साथ ही, सरकार ने कहा था कि सलाह-मशविरा पूरा होने तक भारत में इसका रोलआउट रोक दिया जाए। हालांकि, ऐसे जोखिमों का मतलब यह नहीं है कि Username फीचर इस्तेमाल करने वाला हर व्यक्ति धोखाधड़ी का शिकार होगा। असल खतरा इस बात पर निर्भर करेगा कि सुरक्षा कितनी मजबूत है और यूजर्स कितनी सावधानी बरतते हैं।

WhatsApp ने सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम बताए

WhatsApp ने अपने यूजरनेम फीचर के लिए कई सुरक्षा उपायों की जानकारी दी है। कंपनी के मुताबिक, यूजर को पहली बार मैसेज भेजने वाले व्यक्ति का सही यूजरनेम पता होना चाहिए। कंपनी ने यह भी कहा है कि सेलेब्रिटी, सरकारी संस्था और कुछ प्रमुख नामों की नकल रोकने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। फिर भी किसी भी ऑनलाइन सुविधा की तरह, यूजर्स को अनजान लोगों के मैसेज, संदिग्ध लिंक और पैसों की मांग करने वाले मैसेज को लेकर सावधान रहना चाहिए। किसी व्यक्ति का यूजरनेम किसी परिचित या संस्था के नाम जैसा होने भर से उसकी पहचान असली साबित नहीं होती।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN