Home LIFESTYLE NEWS HINDI शरीफा खरीदने जा रहे हैं? मीठा और पका फल चुनने के लिए...

शरीफा खरीदने जा रहे हैं? मीठा और पका फल चुनने के लिए अपनाएं ये 3 तरीके

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

शरीफा का सीजन आ गया है और अगर आप इस फल को खाने के शौकीन हैं, तो मीठा फल पहचान करने के तरीके भी जान लीजिए। 

शरीफा का सीजन आ गया है और बाजार में ठेले पर आपने इसे खूब देखा होगा। शरीफा ऊपर से हरे रंग का होता है और अंदर सफेद गूदा होता है, जिसे खाया जाता है। शरीफा को इंग्लिश में कस्टर्ड एप्पल कहते हैं और इसे खाने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं। शरीफा वैसे तो ज्यादातर मीठा होता है लेकिन कई बार गूदा एकदम फीका निकल जाता है। फीका शरीफा बेस्वाद लगता है, जिसे फिर लोग फेंक देते हैं। अब महंगा फल लेकर आओ और उसका स्वाद खराब निकले तो मूड के साथ पैसे भी बर्बाद हो जाते हैं। अगर आप भी शरीफा खाने के शौकीन हैं और फल लेने जा रहे हैं, तो सिर्फ 3 तरीकों से मीठे शरीफे की पहचान कर सकते हैं। इन ट्रिक्स की मदद से आप कभी भी फीका शरीफा नहीं खरीदेंगे।

शरीफा खाने के फायदे

शरीफा में विटामिन C, विटामिन B6, पोटैशियम, मैग्नीशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाने और कब्ज की समस्या से राहत दिलाने में मदद कर सकता है। शरीफे में प्राकृतिक शुगर और कार्बोहाइड्रेट भी होते हैं, जो शरीर को एनर्जी देने का काम करते हैं।

मीठा शरीफा पहचानने के 3 तरीके

1. रंग देखकर पहचानें पका शरीफा

पका हुआ शरीफा आमतौर पर हल्के हरे रंग का होता है, हालांकि इसकी किस्म के अनुसार रंग में थोड़ा अंतर हो सकता है। अगर फल गहरे हरे रंग का और सख्त है, तो वह कच्चा हो सकता है। इसलिए शरीफा खरीदते समय सिर्फ रंग पर निर्भर न रहें, बल्कि उसकी बनावट और नरमी भी चेक करें।

2. बाहरी बनावट और खुशबू पर दें ध्यान

शरीफे के बाहरी हिस्से पर बना खांचा भी उसकी मिठास की पहचान होती है। शरीफे की सतह पर जो उभार या आंखें होती हैं, वे जितनी खुली हुई और दूर-दूर होंगी, फल उतना ही पका और गूदेदार होगा। पके फल की सतह पर हल्की दरारें या खांचे नजर आते हैं। इसके अलावा अच्छे पके शरीफे से दूर से ही एक मीठी और सौंधी खुशबू आती है। कच्चे फल से कोई खुशबू नहीं आएगी।

3. हल्का दबाकर देखें शरीफा

शरीफा की मिठास और वह पका हुआ है या नहीं, उसे छूने से भी पता चलता है। शरीफा को हाथ में लेकर हल्का सा दबाकर देखें। अगर वह आसानी से दब जाता है, तो समझ लीजिए फल अंदर से पका हुआ है। अगर दबाने में ठोस लग रहा हो तो वह कच्चा या कम पका हो सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN